‘आरआरआर’ के लिए श्रिया सरन ने छोड़ दी कजिन की शादी, बिना एक पल गंवाए पकड़ी फ्लाइट, बोलीं- रातभर सो नहीं पाई थी

Last Updated:October 10, 2026, 16:08 IST
साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस श्रिया सरन ‘आरआरआर’ फिल्म में नजर आई थीं. अब उन्होंने एसएस राजामौली की इस मूवी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया है. उन्होंने ने बताया कि जब इस मूवी के लिए उन्हें राजामौली का बुलावा आया, तब वह जयपुर में अपने कजिन की शादी में थीं. इसके बाद वह शादी के बीच में बारात छोड़कर सुबह 5 बजे की फ्लाइट से सीधे हैदराबाद के लिए रवाना हो गई थीं.
ख़बरें फटाफट
श्रिया सरन ने ‘आरआरआर’ से जुड़ा बताया किस्सा. (फोटो साभार: Instagram@shriya_saran1109)
नई दिल्ली. बॉलीवुड और साउथ सिनेमा एक्ट्रेस श्रिया सरन इन दिनों ‘दृश्यम 3’ की सफलता जश्न मना रही हैं. वह अजय देवगन के साथ ‘आरआरआर’ मूवी में भी काम कर चुकी हैं. श्रिया सरन ने अब निर्देशक एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और मजेदार किस्सा शेयर किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि जब राजामौली की इस फिल्म के लिए उन्हें फोन आया, तब वह जयपुर में अपने कजिन की शादी के जश्न में डूबी हुई थीं और उन्हें अचानक अगले ही दिन सेट पर पहुंचने का बुलावा आ गया.
स्क्रीन के साथ बातचीत में श्रिया सरन ने खुलासा किया कि इस बड़े मौके को देखकर उन्होंने दोबारा सोचने में एक सेकंड भी नहीं गंवाया. एसएस राजामौली के साथ दोबारा काम करने का मौका ही इतना बड़ा था कि वह शादी के बीच में ही अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर सुबह की फ्लाइट पकड़कर हैदराबाद रवाना हो गईं.
श्रिया सरन ने फिल्म के लिए छोड़ दी थी कजिन की शादी
अपनी इस आपाधापी को याद करते हुए श्रिया सरन ने बताया, ‘मैं अपने कजिन की शादी में मजे कर रही थी, तभी मुझे फोन आया कि क्या मैं अगले दिन शूटिंग पर आ सकती हूं? फिर क्या था, मैं बारात छोड़कर सीधे हैदराबाद के लिए भागी. मेरी सुबह 5 बजे की फ्लाइट थी और मैं पूरी रात सो भी नहीं पाई थी.’ श्रिया सरन फिल्म ‘आरआरआर’ में अजय देवगन के अपोजिट नजर आई थीं और और अपने छोटे से रोल में भी दर्शकों का दिल जीत लिया था.
श्रिया सरन के पहुंचने के बाद मेकर्स ने शूटिंग को लेकर बदला प्लान
श्रिया सरन ने बताया कि शुरुआत में मामला सामान्य लग रहा था. उन्हें मेकर्स की तरफ से सिर्फ यही जानकारी दी गई थी कि शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें एक स्क्रिप्ट रीडिंग और लुक टेस्ट के लिए पहुंचना है. हालांकि, जब वह हैदराबाद पहुंचीं, तो चीजें पूरी तरह बदल गईं और प्लान उम्मीद से बिल्कुल अलग निकला.
एसएस राजामौली संग श्रिया सरन की दूसरी फिल्म थी ‘आरआरआर’
एक्ट्रेस ने बताया, ‘उन्होंने मुझसे कहा कि नहीं-नहीं, बस आ जाओ. कल हम सिर्फ रीडिंग करेंगे और उसके परसों से शूटिंग शुरू होगी. लेकिन जब मैं वहां पहुंची, तो उन्होंने कहा कि हम स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं और बस लुक देखना चाहते हैं. फिर उन्होंने कहा कि चलो ठीक है, अब आ जाओ और शूटिंग शुरू करते हैं.’ यह फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली के साथ श्रिया की दूसरी बड़ी फिल्म थी. इससे पहले साल 2005 में आई फिल्म ‘छत्रपति’ में भी काम किया जिसमें प्रभास लीड रोल में नजर आए थे.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 10, 2026, 16:07 IST



