Health

ईनो, कोलगेट और नींबू… गोरा होने का वायरल नुस्खा कितना खतरनाक? डॉक्टर ने बताया सच

अंबाला: सोशल मीडिया पर आजकल खानपान से लेकर सेहत और खूबसूरती तक हर चीज के घरेलू नुस्खे वायरल हो रहे हैं. कुछ वीडियो में चेहरे और शरीर का रंग साफ करने के आसान तरीके बताए जाते हैं, तो कुछ में महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जगह घर में मौजूद सामान इस्तेमाल करने का दावा किया जाता है. इन वीडियो में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला एक नुस्खा इन दिनों लोगों के बीच चर्चा में है, जिसमें ईनो, कोलगेट, नींबू और कुछ अन्य चीजों को मिलाकर पेस्ट तैयार कर त्वचा पर लगाने से रंग साफ होने का दावा किया जा रहा है.

सोशल मीडिया के नुस्खों पर कर रहे प्रयोग

कई लोग सोशल मीडिया की इन वीडियो को सच मानकर खुद पर प्रयोग करने लगते हैं. खासकर गर्दन, बाजुओं और चेहरे का रंग साफ करने के नाम पर लोग ऐसे नुस्खों का इस्तेमाल कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि कुछ लोग हेयर कटिंग और ब्यूटी से जुड़ी दुकानों पर भी इस तरह के प्रयोग करवा रहे हैं. लेकिन क्या वाकई ईनो, कोलगेट और नींबू त्वचा को गोरा कर सकते हैं? या फिर सुंदर दिखने की चाहत में लोग अपनी त्वचा को नुकसान पहुंचा रहे हैं?

ईनो, कोलगेट और नींबू त्वचा पर लगाना सही नहीं

इसी सवाल को लेकर जब लोकल 18 ने अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में कार्यरत होम्योपैथिक डॉ. रजिता से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर रोजाना कई ऐसी वीडियो वायरल होती हैं, जिन्हें बच्चे और युवा जल्दी सच मान लेते हैं. इसके बाद बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के उन नुस्खों को अपनी त्वचा पर आजमाना शुरू कर देते हैं.

उन्होंने कहा कि गर्दन या बाजुओं का कालापन दूर करने और चेहरे पर ग्लो लाने के लिए ईनो, कोलगेट और नींबू जैसी चीजों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है. उनका कहना है कि जिस चीज को जिस उद्देश्य के लिए बनाया गया है, उसका इस्तेमाल उसी तरीके से किया जाना चाहिए. खाने-पीने की वस्तुओं या अन्य उत्पादों को मनमाने तरीके से त्वचा पर लगाना सही नहीं है.

गलत चीज लगाने से हो सकती है जलन और खुजली

डॉ. रजिता बताती हैं कि त्वचा पर गलत चीजों का इस्तेमाल करने से कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं. इनमें दाने निकलना, लालपन, खुजली और जलन जैसी समस्याएं शामिल हैं. कुछ मामलों में त्वचा के जलने जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है. इसलिए सोशल मीडिया पर किसी वीडियो में किसी नुस्खे का दावा देखकर उसे सीधे चेहरे या शरीर पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

उन्होंने विशेष रूप से ईनो का जिक्र करते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल एसिडिटी जैसी समस्या के लिए किया जाता है. इसे त्वचा पर लगाकर रंग साफ करने का प्रयास करना सही नहीं है. इसी तरह बिना चिकित्सकीय सलाह के कोलगेट और नींबू को भी त्वचा पर लगाने से बचना चाहिए.

त्वचा की समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूरी

डॉ. रजिता ने बताया कि त्वचा से जुड़ी समस्याओं में व्यक्ति के लक्षणों के आधार पर उपचार किया जाता है. होम्योपैथी में कुछ स्थितियों में कैंथारिस, अर्टिका यूरेंस और कैलेंडुला जैसी दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इनका प्रयोग भी चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही किया जाना चाहिए.

उन्होंने त्वचा की देखभाल के लिए घरेलू स्तर पर बेसन में थोड़ी हल्दी और दही मिलाकर पेस्ट लगाने जैसे प्रचलित उपायों का भी जिक्र किया. वहीं, नारियल तेल का इस्तेमाल भी लोग त्वचा की देखभाल के लिए करते हैं. हालांकि, किसी भी चीज को लगाने के बाद जलन या एलर्जी हो तो उसे तुरंत बंद कर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.

बच्चों को सोशल मीडिया के नुस्खों से रखें दूर

डॉ. रजिता ने बताया कि सोशल मीडिया पर अगर इसी तरह की कोई वीडियो देखने को मिलती है तो बच्चों को उस वीडियो से दूरी बनवाएं. साथ ही, ऐसी वीडियो को सच्चाई मानकर शरीर से जुड़ी किसी समस्या को ठीक करने के लिए उनका इस्तेमाल बिल्कुल न करें.

उन्होंने कहा कि पपीता और खीरे का इस्तेमाल लोग चेहरे की सुंदरता बढ़ाने के लिए करते हैं, जो काफी हद तक ठीक माना जाता है. आंखों पर खीरे के स्लाइस रखने से आंखों के घेरे ठीक होने में भी मदद मिल सकती है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj