Rajasthan

कल का मौसम 14 अक्टूबर IMD tomorrow Weather Forecast | 70KM की आंधी, बारिश और ओले; 13 घंटे में पलटेगा मौसम, दिल्ली-UP सहित 15 राज्यों में IMD का अलर्ट

देशभर में मौसम अचानक से करवट लेने लगा है और हल्की-हल्की ठंड की दस्तक शुरू हो गई है. इस बीच बुधवार 14 अक्टूबर को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है. आईएमडी बुलेटिन के मुताबिक, कल 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने का आशंका जताई गई है. कल कहीं बारिश और गरज-चमक लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं, तो कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की आशंका है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान में बताया गया है कि, बुधवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं. वहीं, दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की आहट के बीच कई जगहों पर झमाझम बारिश हो सकती है. आईएमडी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी जारी है. वहीं बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों के मौसम पर नजर रखना जरूरी होगा.

दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ ओलों का खतरा

दिल्ली-NCR में बुधवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिन की शुरुआत आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हो सकती है, जबकि शाम से आसमान में घने बादल घिरने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर पाकिस्तान तथा जम्मू के आसपास बने नए पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ सकता है.

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 और 15 अक्टूबर को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.

पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में भी बारिश के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कल यानी 14 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है.

वहीं उत्तराखंड में 14 से 19 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 15 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है.

पहाड़ों पर भी बारिश के साथ गिरेंगे ओले

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर और आसपास के पहाड़ी इलाकों में दिख सकता है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 14 से 15 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ ओले गिरने का भी अनुमान है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 14 और 15 अक्टूबर को बारिश, बिजली गिरने, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका है. हिमाचल प्रदेश में 14 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 15 अक्टूबर को बारिश और ओले गिर सकते हैं. पश्चिमी राजस्थान में 14 अक्टूबर को ओलावृष्टि तथा पूर्वी राजस्थान में 14 से 16 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के आसार हैं.

बिहार-झारखंड में 14 अक्टूबर को क्या होगा?

बिहार में 14 अक्टूबर को वैसे तो बारिश का संकेत नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. आईएमडी के मुताबिक, 16 से 18 अक्टूबर के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं झारखंड में भी 14 अक्टूबर को मौसम काफी हद तक साफ रहने वाला है. बंगाल की खाड़ी से पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर झारखंड और आसपास के इलाकों से गुजरने वाली द्रोणी कमजोर पड़ गई है. हालांकि, पूर्वी भारत के दूसरे हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. वहीं ओडिशा में 14 से 19 अक्टूबर और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 14 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून का असर

दक्षिण भारत के लिए आने वाले दिन बारिश के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. IMD के अनुसार, अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी आगे बढ़ने और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 15 से 19 अक्टूबर के दौरान भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

इसके अलावा केरल और माहे में 15 से 19 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर बारिश तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 14 से 16 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश के बाद 17 से 19 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है. कर्नाटक के तटीय और आंतरिक हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. रायलसीमा में 16 से 18 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है, जबकि तेलंगाना में 17 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर में बारिश जारी, पश्चिमी तट पर उमस करेगी परेशान

पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 13 से 17 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 अक्टूबर और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में 13 से 16 अक्टूबर के दौरान बारिश का अनुमान है. 14 अक्टूबर को इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

दूसरी ओर, कोंकण-गोवा में 14 से 15 अक्टूबर और तटीय कर्नाटक में 14 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है. महाराष्ट्र के मध्य हिस्सों में 14 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं. कुल मिलाकर, 14 अक्टूबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम अलग-अलग रंग दिखाएगा. उत्तर भारत में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का खतरा, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है. लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार अपनी यात्रा और बाहरी गतिविधियों की योजना बनानी चाहिए.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj