चित्तौड़गढ़ में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 359 पंचायतों में 1131 बूथ तैयार, बैलेट पेपर से होगी वोटिंग

Last Updated:September 28, 2026, 12:21 IST
Chittorgarh Panchayati Raj Election Preparations: बैलेट पेपर से होने वाले पंचायती राज चुनाव को देखते हुए चित्तौड़गढ़ प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है. जिले की 359 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए करीब 1131 मतदान केंद्र बनाए जाने हैं. मतदान केंद्रों की जरूरत के हिसाब से करीब 1200 बड़ी और 900 छोटी मतपेटियों को तैयार किया जा रहा है. इनमें सफाई, लॉक की जांच, ग्रीसिंग और ऑयलिंग का काम चल रहा है. अब तक 975 बड़ी मतपेटियां तैयार की जा चुकी हैं. प्रत्येक मतदान दल के साथ दो बड़ी और एक छोटी मतपेटी भेजने की योजना है. इंदिरा गांधी स्टेडियम में बनाए गए मुख्य निर्वाचन स्टोर से चुनाव सामग्री तैयार और वितरित की जाएगी. उधर, आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीण इलाकों में संभावित दावेदार भी चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं.बैलेट पेपर से होने वाले पंचायती राज चुनाव को देखते हुए चित्तौड़गढ़ प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है
चित्तौड़गढ़. पंचायती राज चुनाव को लेकर चित्तौडगढ़ जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के साथ प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई है. सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब गांवों में चुनावी समीकरण बनने लगे हैं और संभावित उम्मीदवार भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं. वहीं, जिला प्रशासन ने चुनाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करना शुरू कर दिया है. चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन प्रशासन ने पहले से ही मतदान से जुड़ी तैयारियां पूरी करने की दिशा में काम तेज कर दिया है.
इस बार सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव ईवीएम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर से होंगे. ऐसे में मतपेटियों की तैयारी और मतदान सामग्री की व्यवस्था प्रशासन के लिए सबसे अहम काम बन गई है. प्रशासन की निगरानी में जिले की सभी ग्राम पंचायतों के लिए चुनावी सामग्री तैयार की जा रही है, ताकि चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद किसी तरह की देरी न हो. चित्तौड़गढ़ जिले में इस बार 359 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव होने हैं. इन पंचायतों के अंतर्गत करीब 1131 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. इतने बड़े स्तर पर चुनाव कराने के लिए प्रशासन को मतदान केंद्रों से लेकर चुनावी सामग्री तक सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त करनी पड़ रही हैं.
1200 बड़ी और 900 छोटी मतपेटियां होंगी तैयार
शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम को मुख्य निर्वाचन स्टोर बनाया गया है. यहां से जिले के सभी मतदान केंद्रों के लिए चुनावी सामग्री तैयार करने के साथ उसका वितरण भी किया जाएगा. चुनावी तैयारियों में करीब 40 कर्मचारियों की टीम जुटी हुई है. कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं. इनमें मतपेटियों की जांच, चुनावी सामग्री की गिनती, पैकिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं शामिल हैं. पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर का इस्तेमाल होने के कारण मतपेटियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है. जिले में मतदान केंद्रों की जरूरत को देखते हुए करीब 1200 बड़ी और 900 छोटी मतपेटियों को तैयार किया जा रहा है. इन मतपेटियों की सफाई के साथ लॉक की जांच, ग्रीसिंग और ऑयलिंग का काम भी कराया जा रहा है.
975 बड़ी मतपेटियां तैयार की जा चुकी है
अब तक 975 बड़ी मतपेटियां तैयार की जा चुकी हैं, जबकि बाकी मतपेटियों को भी लगातार दुरुस्त किया जा रहा है. प्रशासन की योजना के अनुसार चुनाव के दौरान प्रत्येक मतदान दल के साथ दो बड़ी और एक छोटी मतपेटी भेजी जाएगी. जिला प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि मतदान के दिन किसी भी केंद्र पर मतपेटी या उससे संबंधित व्यवस्था में कोई परेशानी न आए. बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव की प्रक्रिया सुचारु और व्यवस्थित रहे, इसके लिए मतदान सामग्री की तैयारी से लेकर उसके सुरक्षित वितरण तक सभी स्तरों पर काम किया जा रहा है.
उधर, आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांवों में संभावित उम्मीदवार भी सक्रिय हो गए हैं. कई जगह स्थानीय स्तर पर चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है. हालांकि चुनाव की आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन प्रशासन और संभावित उम्मीदवारों की तैयारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Chittaurgarh,Rajasthan
First Published :
September 28, 2026, 12:20 IST



