जयपुर के SMS अस्पताल में नरेश मीणा का इलाज जारी, हाई ब्लड प्रेशर के चलते डॉक्टर लगातार कर रहे हैं निगरानी

टोंक. राजस्थान के टोंक की जेल में बंद नरेश मीणा की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें टोंक के सआदत अस्पताल से जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है. टोंक के सआदत अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर भेजने की सलाह दी. इसके बाद देर शाम भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नरेश मीणा को एंबुलेंस से जयपुर रवाना किया गया. नरेश मीणा को आज ही टोंक जेल से अस्पताल लाया गया था. अस्पताल में उनकी कई जांचें की गईं और इसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था.
नरेश मीणा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. टोंक के सआदत अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी, एक्स-रे और अन्य जरूरी जांचें कीं. जांचों के बाद उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया. हालांकि, अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने जोखिम नहीं लेने का फैसला किया. विशेषज्ञ चिकित्सक की सुविधा वाले बड़े अस्पताल में आगे की जांच और इलाज के लिए उन्हें जयपुर रेफर करने की सलाह दी गई.
डॉक्टरों ने नरेश मीणा को फिलहाल निगरानी में रखा है
डॉक्टरों की सलाह के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने नरेश मीणा को जयपुर भेजने की तैयारी शुरू की. उनकी सुरक्षा को देखते हुए सआदत अस्पताल परिसर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था. कोतवाली इंचार्ज भंवर लाल वैष्णव समेत पुलिसकर्मी अस्पताल में मौजूद रहे. आईसीयू के बाहर भी पुलिस की तैनाती रही. इसके बाद नरेश मीणा को एंबुलेंस के जरिए कड़ी सुरक्षा के बीच जयपुर के लिए रवाना किया गया. अब एसएसमएस अस्पताल में उनकी आगे की जांच और उपचार किया जा रहा है.
नरेश मीणा का जयपुर के एसएमएस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज और जांच जारी है. हाई ब्लड प्रेशर, घबराहट और बेचैनी से जुड़ी जांचें की जा रही हैं. डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखने का फैसला किया है.
जेल में पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने की थी मुलाकात
नरेश मीणा की तबीयत को लेकर यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने टोंक जेल में उनसे मुलाकात की थी. बताया जा रहा है कि इसी मुलाकात के दौरान नरेश मीणा ने सीने में दर्द की शिकायत बताई थी. इसके बाद राजेंद्र गुढ़ा ने नरेश मीणा के सीने में दर्द होने की जानकारी दी थी. आज उनकी तबीयत को देखते हुए उन्हें टोंक जेल से सआदत अस्पताल लाया गया.
इस वजह से जेल में हैं नरेश मीणा
बता दें कि नरेश मीणा बहुचर्चित ‘समरावता थप्पड़ कांड’ के बाद से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं. इस मामले में उन्हें बीच में न्यायालय से जमानत मिल गई थी, लेकिन बाद में टोंक एससी-एसटी कोर्ट ने उनकी जमानत को रद्द कर दिया था. कोर्ट के आदेश के बाद नरेश मीणा ने दोबारा सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद से वे टोंक जेल में ही सजा काट रहे हैं. अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद अब उनके स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.



