झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान भीषण हादसा, करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर

Last Updated:November 02, 2026, 12:30 IST
Jhunjhunu Chapoli Village Incident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. छापोली गांव में कदम कुंड की ओर सड़क बनाने का काम चल रहा था. इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. मशीन में करंट फैलने से आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. निर्माण कार्य के दौरान बिजली लाइन के पास मशीन के इस्तेमाल और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. झुंझुनूं में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत
झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं. कदम कुंड की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क बनाने का काम चल रहा था. इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. एक साथ इतने मजदूरों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि छापोली गांव में कदम कुंड की तरफ सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा था. इस काम में रोड़ी मिलाने वाली मशीन लगाई गई थी. मजदूर सड़क निर्माण से जुड़े काम में जुटे हुए थे. इसी दौरान मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. हाईटेंशन लाइन से करंट मशीन में उतर गया. मशीन के संपर्क में आने से मजदूरों को बिजली का तेज झटका लगा. देखते ही देखते काम की जगह हादसे में बदल गई. किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आठ मजदूरों की जान चली गई.
तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल
हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे. बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. आठ मजदूरों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. जिन परिवारों के सदस्य इस हादसे का शिकार हुए हैं, उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है.
हाईटेंशन लाइन के पास काम, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के इतने करीब मशीन के पहुंचने से सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और निर्माण स्थल पर बिजली लाइन को लेकर क्या सावधानियां बरती गई थीं, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है. प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से हादसे के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jhunjhunu,Rajasthan
First Published :
November 02, 2026, 12:04 IST



