ड्यूटी से लौट रहे कांस्टेबल की ट्रक से कुचलकर मौत

Last Updated:October 21, 2026, 19:02 IST
Bhilwara Constable Death: भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में दशहरा मेले की ड्यूटी पूरी कर थाने लौट रहे कांस्टेबल शंकरलाल खटीक की सड़क हादसे में मौत हो गई. 29 मील चौराहे के आगे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जबकि खलासी घायल हो गया.पुलिस कांस्टेबल शंकरलाल खटीक
भीलवाड़ा. जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई, गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में 29 मील चौराहे के आगे पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार कांस्टेबल को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव ट्रक के नीचे फंस गया. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक का खलासी घायल हो गया.
शंभूगढ़ थाना एसएचओ हंसपाल सिंह के अनुसार, कांस्टेबल शंकरलाल खटीक शंभूगढ़ थाने में तैनात थे, उनकी ड्यूटी गुलाबपुरा में आयोजित दशहरा मेले में लगाई गई थी. मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद शंकरलाल अपनी बाइक से शंभूगढ़ थाने लौट रहे थे. इसी दौरान 29 मील चौराहे से आगे पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कांस्टेबल बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गए, हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक का टायर कांस्टेबल की पीठ के ऊपर से निकल गया था.
पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर निकाला शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, कांस्टेबल का शव ट्रक के नीचे फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई, पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी.
ट्रक चालक फरार, खलासी घायल
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक का खलासी घायल हो गया. पुलिस ने मृतक कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है. ड्यूटी पूरी कर अपने थाने लौट रहे कांस्टेबल की इस तरह सड़क हादसे में मौत से उनके सहकर्मियों और परिजनों को गहरा सदमा पहुंचा है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. फरार ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Rajasthan
First Published :
October 21, 2026, 19:02 IST



