दीपावली टूरिस्ट सीजन को लेकर माउंट आबू में तैयारियां शुरू, रोशनी से जगमगाएगा हिल स्टेशन

Last Updated:October 27, 2026, 19:00 IST
Best time to visit Mount Abu: राजस्थान के माउंट आबू में दीपावली पर्यटन का सबसे बड़ा सीजन है. गुजरात और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं. नक्की झील, सनसेट पॉइंट और गुरु शिखर आकर्षण का केंद्र हैं.
ख़बरें फटाफट
सिरोही. राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन आबूराज (माउंट आबू) में दीपावली का त्योहार पर्यटन के लिहाज से साल का सबसे बड़ा टूरिस्ट सीजन माना जाता है. धनतेरस से लाभ पंचमी तक त्योहार के दौरान गुजरात समेत देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. हिल स्टेशन में कम बजट में भी पहाड़ों की खूबसूरत वादियां, ठंडा मौसम और रोशनी से सजा बाजार सैलानियों को अपनी ओर खींचता है. इस दौरान शहर के होटल, रिसॉर्ट और पर्यटन से जुड़े कारोबार में भी तेजी देखने को मिलती है.
दीपावली के मौके पर माउंट आबू को खास तौर पर सजाया जाता है. धनतेरस से लेकर लाभ पंचमी तक बाजारों, दुकानों और प्रमुख सड़कों पर आकर्षक लाइटिंग की जाती है. नक्की झील के आसपास का इलाका रोशनी से जगमगा उठता है. झील के किनारे बने उद्यानों को सजाने के साथ शहर की प्रमुख दीवारों पर पेंटिंग्स के जरिए भी सुंदरता बढ़ाई जाती है. पर्यटकों के स्वागत के लिए नगर पालिका की ओर से प्रमुख पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाता है.
ट्रैफिक और पार्किंग की खास व्यवस्था पर जोरमाउंट आबू के टूरिस्ट और ट्रेवल गाइड चिंटू यादव ने बताया कि सीजन में यहां आने वाले टूरिस्ट अगर परिवार और बच्चों के साथ पिकनिक स्पॉट घूमना चाहते हैं, तो यहां गौमुख, पीसपार्क, सनसेट पॉइंट, हनीमून प्वाइंट जैसे शांत व्यू पॉइंट और पिकनिक स्पॉट भी है. पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहता है. दीपावली के दौरान शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति से निपटने के लिए पोलो ग्राउंड, किचन गार्डन और अशोक वाटिका जैसे स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाती है.
होटल-रिसॉर्ट में ऑफर, एडवांस बुकिंग शुरू दीपावली के अगले दिन से पर्यटकों की आवाजाही और बढ़ने की उम्मीद रहती है. ऐसे में होटल और रिसॉर्ट में कमरों की डिमांड बढ़ जाती है. कई बार फेमस होटलों में कई माह पहले ही पर्यटक बुकिंग कर लेते है. ऐसे में टूरिस्ट को पहले ही होटल्स बुकिंग कर दीपावली सीजन में घूमने आना चाहिए. मौसम के हिसाब से भी ये समय घूमने के लिए सबसे सही माना जाता है. अक्टूबर और नवंबर में दिन सुहावने रहते हैं, जबकि सुबह और रात को हल्की ठंड महसूस हो सकती है. पर्यटक नक्की झील में बोटिंग, सनसेट पॉइंट के नजारे और गुरु शिखर व अचलगढ़ जैसे स्थानों का आनंद ले सकते हैं.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Sirohi,Sirohi,Rajasthan
First Published :
October 27, 2026, 19:00 IST



