प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर में जा रहे कनाडा, हो सकती है बड़ी ट्रेड डील, पीएम कार्नी ने की पुष्टि

Last Updated:September 23, 2026, 08:08 IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा जाएंगे, जहां वे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ व्यापारिक रिश्ते मजबूत करेंगे. कार्नी ने मंगलवार को इस यात्रा की पुष्टि की है. दोनों देश नए ट्रेड डील पर बातचीत तेज कर रहे हैं.पीएम मोदी दिसंबर में कनाडा जाने वाले हैं. कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने की पुष्टि.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिसंबर में कनाडा जा रहे हैं. जहां वे कनाडा के साथ व्यापारिक रिश्तों को मजबूती देंगे. इसकी पुष्टि मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने की है. उन्होंने बताया कि दोनों देश अपने रिश्ते सुधारने और नए व्यापार समझौते की बातचीत को तेज कर रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कार्नी ने कहा, “भारत के साथ हमारी व्यापार बातचीत अच्छी प्रगति कर रही है. भारत हमारे लिए कई स्तरों पर बहुत महत्वपूर्ण देश है.” उन्होंने बताया कि दोनों देश दिसंबर के मध्य तक नया ट्रेड डील पूरा करने का लक्ष्य रख रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक हूं.”
व्यापार बातचीत तेजकार्नी की ओर से की गई इस पुष्टि के एक दिन पहले ही वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया था कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की अगली दौर की बातचीत 5 अक्टूबर से शुरू होगी. गोयल ने कहा कि दोनों देशों ने बातचीत को तेज करने पर सहमति बनाई है. पिछला दौर 18 सितंबर को नई दिल्ली में खत्म हुआ था.
गोयल ने कहा, “अगले 90 दिन कनाडा-भारत संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे.” भारतीय वार्ताकार 5 से 9 अक्टूबर तक कनाडा में पांचवें दौर की बातचीत के लिए जाएंगे. दोनों पक्ष इस साल के अंत तक बातचीत पूरी करना चाहते हैं. इतना ही नहीं कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू भी पिछले हफ्ते मुंबई में पीयूष गोयल से मिले थे.
रिश्तों में हो रहा सुधारदोनों देशों के बीच नए ट्रेड डील की कोशिशें तब हो रही हैं जब भारत और कनाडा 2023 में वैंकूवर के पास हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद बिगड़े रिश्तों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं. निज्जर कनाडाई नागरिक थे और खालिस्तान आंदोलन के समर्थक थे. हालांकि उस दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारतीय एजेंटों पर आरोप लगाया था, जिसे भारत ने खारिज कर दिया था. इससे पहले 2024 में भी दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध काफी खराब हो गए थे.
कार्नी ट्रूडो के बाद कनाडा के नए प्रधानमंत्री बने हैं. ऐसे में वे भारत के साथ रिश्ते दोबारा बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि अमेरिका पर निर्भरता कम करने के लिए कनाडा को व्यापार के नए विकल्प चाहिए. वे भारत को एक प्रमुख देश के रूप में देख रहे हैं. कार्नी मार्च में भारत आए थे और उन्होंने भारत को “सबसे तेज बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था” बताया था.
दोनों देशों के बीच दोगुना हो सकता है व्यापार 2025 में भारत-कनाडा का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 30.4 अरब डॉलर रहा. दोनों देश 2030 तक इसे 70 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखे हुए हैं. भारत से कनाडा को दवाइयां, स्टील, समुद्री भोजन, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और रसायन जाते हैं. जबकि कनाडा से भारत दालें, कोयला, उर्वरक, कागज और कच्चा पेट्रोलियम आयात करता है.
About the Authorप्रिया गौतमSenior Correspondent
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi..com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ेंFirst Published :
September 23, 2026, 08:07 IST



