बहाना नहीं चलेगा… ऋषभ पंत की लापरवाही पर भड़के अश्विन, पूरी दुनिया के सामने किया एक्सपोज

नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत पर निशाना साधा है. हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पंत की बल्लेबाजी को लेकर अश्विन ने अपनी निराशा जताई. अश्विन का मानना है कि ऋषभ पंत का शॉट सिलेक्शन और फैसले लेने की क्षमता सही नहीं है. दो टेस्ट मैच की सीरीज में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने विकेटकीपर की भूमिका के लिए पंत पर भरोसा जताया था. पंत ने सीरीज में 168 रन बनाए जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे. अश्विन ने साफ किया कि 50 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके पंत से अब वह अधिक जिम्मेदारी और बेहतर निर्णय लेने की उम्मीद करते हैं.
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर कहा, ‘ऋषभ पंत से मेरी उम्मीदें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं. मुझे यह कहते हुए बहुत अफसोस हो रहा है. सोनल दिनुशा का स्ट्राइक रेट भी काफी अच्छा था, लेकिन असली अंतर उनके इरादे और शॉट चयन में है. पंत के शॉट में जोखिम बहुत ज्यादा होता है. जब मैच आपके हाथ में हो, तब यह कहना कि ऋषभ इसी तरह खेलता है, कोई जवाब नहीं है. असली सवाल यह है कि उस समय आपकी टीम को क्या जरूरत है.’’
मैच की परिस्थिति को नहीं समझते हैं पंत- अश्विन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पिछले साल संन्यास लेने वाले अश्विन ने कहा कि पंत की आक्रामक शैली को खराब फैसलों का बहाना नहीं बनाया जा सकता. खासकर तब, जब टेस्ट मैच किसी निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका हो. उनके मुताबिक, टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाज के लिए अपनी स्वाभाविक शैली के साथ-साथ मैच की परिस्थिति को समझना भी बेहद जरूरी है.
अश्विन ने पंत की कुछ बेहतरीन पारियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ऋषभ ने सिडनी और ब्रिस्बेन में शानदार पारियां खेलीं, लेकिन आप वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर के योगदान के बिना वह मैच नहीं जीत सकते थे. टेस्ट मैच को तैयार करने और उसके आखिरी सत्र में जीत हासिल करने के लिए 11 क्रिकेटरों के योगदान की जरूरत होती है, लेकिन एक टेस्ट मैच गंवाने के लिए सिर्फ एक गलत फैसला ही काफी होता है.’’
सहवाग-गिलक्रिस्ट से नहीं की जानी चाहिए पंत की तुलना
अश्विन ने पंत की तुलना भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट से किए जाने पर भी आपत्ति जताई. सहवाग और गिलक्रिस्ट दोनों टेस्ट क्रिकेट में अपने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज के लिए जाने जाते थे. अश्विन ने कहा कि उनका सवाल पंत की आक्रामकता को लेकर नहीं बल्कि ऐसी परिस्थिति को लेकर है जब मैच का नतीजा दांव पर लगा होने के बावजूद वह जोखिम लेना जारी रखते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सिर्फ उन मौकों की बात कर रहा हूं, जब मैच बेहद महत्वपूर्ण स्थिति में हो और तब इस तरह के जोखिम लिए जाएं. मुझे खिलाड़ी के तौर पर पंत बेहद पसंद हैं. लेकिन इस प्रारूप में आपको परिस्थितियों के हिसाब से खेलना होता है.’’ अश्विन ने सहवाग और गिलक्रिस्ट का उदाहरण देते हुए कहा, ‘‘सहवाग और गिलक्रिस्ट ने एक अलग स्तर का आक्रामक क्रिकेट खेला, लेकिन जब आपकी टीम 500 रन से पीछे हो और आप मार्को यानसन के खिलाफ आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो जाएं, तो सहवाग और गिलक्रिस्ट का नाम लेकर इसे सही नहीं ठहराया जा सकता. मेरे सामने दोबारा इस तरह की ‘मार्केटिंग’ वाली बातें मत रखिए.’’
पंत की जगह किसी युवा खिलाड़ी को भी दो मौका-अश्विन
अश्विन ने इस तर्क को भी खारिज किया कि पंत को इसलिए विशेष समर्थन दिया जाना चाहिए क्योंकि उन्हें ‘एक पीढ़ी में एक बार आने वाला खिलाड़ी’ माना जाता है. उनका कहना है कि यदि किसी युवा खिलाड़ी को उसकी प्रतिभा के आधार पर इतना विशेष भरोसा दिया जाता है, तो यही समर्थन दूसरे प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ियों को भी मिलना चाहिए. उन्होंने युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी इसी तरह की प्रतिभा रखने वाले खिलाड़ी हैं.
अश्विन ने कहा, ‘‘किसी एक खिलाड़ी के साथ विशेष व्यवहार मत कीजिए. अगर आप ‘एक पीढ़ी में एक बार आने वाले खिलाड़ी’ के नाम पर किसी को विशेष समर्थन देते हैं, तो यही समर्थन सभी को दीजिए. जायसवाल भी ऐसा ही खिलाड़ी है.’ उन्होंने पंत को उनके अनुभव के अनुरूप अधिक जिम्मेदारी उठाने की सलाह दी. अश्विन ने कहा कि पंत अब 50 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और इस स्तर पर उनसे अपने फैसलों की जिम्मेदारी लेने की अपेक्षा स्वाभाविक है.



