बिना गॉडफादर के बने सुरीली आवाज के किंग, जानिए सिंगर केके के सेल्समैन से स्टार बनने की पूरी कहानी

Last Updated:August 23, 2026, 05:31 IST
Singer KK Birth Anniversary: मशहूर बॉलीवुड सिंगर केके भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गाए नगमे हमेशा फैंस के दिलों में अमर रहेंगे. 23 अगस्त को जन्मे केके का लाइफ सफर बहुत ही इंस्पायरिंग रहा है. अपनी पहली मोहब्बत से शादी करने के लिए सेल्समैन की नौकरी करने से लेकर बॉलीवुड के सबसे चहेते सिंगर बनने तक, पढ़िए केके की पूरी कहानी.
नई दिल्ली: अपनी सुरीली आवाज से हर दिल को छू लेने वाले मशहूर बॉलीवुड सिंगर केके भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गाए गाने हमेशा फैंस के दिलों में गूंजते रहेंगे. 23 अगस्त 1968 को दिल्ली के एक मलयाली परिवार में जन्मे केके यानी कृष्ण कुमार कुन्नथ का सिंगिंग सफर बेहद इंस्पायरिंग रहा है. उन्होंने बिना किसी क्लासिकल ट्रेनिंग और बिना किसी गॉडफादर के म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी एक खास पहचान बनाई और करोड़ों दिलों पर राज किया.
प्यार को पाने के लिए की थी सेल्समैन की नौकरी
केके का म्यूजिक के प्रति लगाव बचपन से ही था. उन्होंने महज दो साल की उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था. दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई के दौरान वह अपने रॉक बैंड का हिस्सा बने. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड में आने से पहले केके ने लगभग आठ महीने तक सेल्समैन की नौकरी भी की थी. दरअसल वह अपनी पहली मोहब्बत से शादी करना चाहते थे और लड़की के घरवालों को साबित करना चाहते थे कि वह एक सेटल्ड नौकरी करते हैं. हालांकि जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि उनकी असली मंजिल म्यूजिक ही है.
जिंगल्स से शुरू हुआ सफर
केके ने अपने करियर की शुरुआत यूटीवी के लिए जिंगल्स गाकर की थी. मुंबई आने के बाद उन्होंने कई फेमस एड्स के लिए जिंगल्स बनाए. साल 1996 में आई फिल्म ‘माचिस’ के गाने ‘छोड़ आए हम’ से उन्हें बॉलीवुड में पहला ब्रेक मिला. लेकिन उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साल 1999 में आई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ का गाना ‘तड़प तड़प’ बना. इस एक गाने ने केके को रातों-रात स्टार बना दिया और उनके पास गानों की लाइन लग गई.
स्टेज पर ही ली जिंदगी की आखिरी सांस
केके की आवाज में एक खास जोश और कशिश थी, जो यूथ को बहुत अट्रैक्ट करती थी. उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बंगाली जैसी कई भाषाओं में superhit गाने गाए. 31 मई 2022 को कोलकाता में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान परफॉर्म करते वक्त उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया. 53 साल की उम्र में इस महान आर्टिस्ट ने दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनके यादगार गाने हमेशा अमर रहेंगे.
About the Authorगार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय App टीम का हिस्सा हूं. App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दैनिक …
August 23, 2026, 05:31 IST



