Entertainment

‘वही थे मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा’, दिवाली से पहले इमोशनल हुए हिमेश रेशमिया, दिवंगत पिता को बताया अपना गुरु

नई दिल्ली. मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हिमेश रेशमिया इन दिनों सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में जज की भूमिका निभा रहे हैं. इस बीच उन्होंने अपने दिवंगत पिता को याद किया और उन्हें अपने जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया. हिमेश ने भावुक होते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसके पीछे उनके पिता का ही मार्गदर्शन और प्रेरणा है. पिता की सिखाई हुई बातें और उनका आशीर्वाद ही उनके पूरे संगीत सफर की सबसे बड़ी ताकत रहा है.

आईएएनएस के साथ बातचीत में हिमेश रेशमिया ने कहा, ‘मेरे पिता मेरे गुरु, सबसे बड़ी प्रेरणा और संगीत के सफर के पीछे की मार्गदर्शक शक्ति थे. उनके द्वारा दी गई शिक्षाएं और आशीर्वाद मेरे रास्ते को रोशन करते रहते हैं. उन्होंने मुझे सीखते हुए आगे बढ़ने और अपने जुनून को समर्पण के साथ अपनाने के लिए प्रेरित किया.’

दिवाली और संगीत के बीच बताई समानता

उन्होंने दीपावली की भावना और संगीत की सार्वभौमिकता के बीच समानता बताते हुए कहा, ‘दीपावली का पर्व रोशनी, उम्मीद, कृतज्ञता और नई शुरुआत का एक खूबसूरत उत्सव है. संगीत भी दीपावली की तरह ही है. वह लोगों को जोड़ने, खूबसूरत यादें ताजा करने और ऐसे पल बनाने की ताकत रखता है, जो हमेशा हमारे साथ रहते हैं.’

हिमेश रेशमिया ने दर्शकों का जताया आभार

उन्होंने कहा, ‘मैं भगवान और अपने दर्शकों का सच में आभारी हूं, जिन्होंने मुझे ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर जी9’ के संगीत की सुपर सफलता का आशीर्वाद दिया, जिनके गानों ने इतने कम समय में सभी प्लेटफॉर्म पर 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल किए हैं. ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ की सफलता ने सोने पर सुहागा का काम किया है, जिससे यह त्योहारों का मौसम मेरे लिए और भी खास हो गया है.’

खुद को भाग्यशाली मानते हैं हिमेश रेशमिया

अपने फैंस के बीच हिट मशीन एचआर के नाम से मशहूर सिंगर हिमेश ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली महसूस करते हैं. उन्होंने कहा, ‘हिट मशीन एचआर के रूप में, मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करता हूं कि मैं ऐसा संगीत बनाता रहता हूं जो हर पीढ़ी के लोगों से जुड़ता है और उन्हें खुशी देता है.’

दिवाली के लिए फैंस को दिया खास संदेश

त्योहार का संदेश देते हुए हिमेश ने कहा, ‘इस दीपावली, मैं दिल की गहराइयों से प्रार्थना करता हूं कि सभी को खुशी, सफलता, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और सबसे महत्वपूर्ण, मानसिक शांति मिले. यह त्योहार नई उम्मीद, खूबसूरत शुरुआत और जश्न मनाने के अनगिनत कारण लेकर आए. जय माता दी, चलिए इस दिवाली को रॉक करते हैं.’

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj