Rajasthan

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद ट्रेनें शुरू, अज्ञात के खिलाफ केस, हिरासत में कई संदिग्ध

श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले अंतर्गत रामसिंहपुर क्षेत्र के 50 जीबी में रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में नया अपडेट सामने आया है. क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक की मरम्मत पूरी होने और रेलवे सेफ्टी विभाग से मंजूरी मिलने के बाद सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेल सेक्शन पर ट्रेनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है. मंगलवार रात पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर कुछ ट्रेनों का संचालन रद्द करना पड़ा था. रेलवे की ओर से ट्रैक की जांच और मरम्मत का काम पूरा कराया गया. इसके बाद सुरक्षा संबंधी जरूरी मंजूरी मिलने पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने रेल यातायात शुरू होने की पुष्टि की है.

इधर, रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रेलवे की ओर से रामसिंहपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच श्रीगंगानगर सीओ सिटी आईपीएस नितिन चौधरी को सौंपी गई है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि, अभी तक ब्लास्ट के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, बम निरोधक दस्ते, एटीएस, सीआईडी और अन्य जांच एजेंसियां भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा चुकी हैं. एजेंसियां इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.

पैसेंजर ट्रेन गुजरने के बाद हुआ था ब्लास्ट

मंगलवार रात सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेल सेक्शन पर रामसिंहपुर के 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. बताया गया कि पैसेंजर ट्रेन के घटनास्थल से गुजरने के बाद ट्रैक पर विस्फोट हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रैक का जायजा लिया. सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही रोकने के साथ कुछ ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया. इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया.

सेफ्टी क्लियरेंस के बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू

रेलवे की ओर से ट्रैक की मरम्मत पूरी करने के बाद उसकी सुरक्षा जांच कराई गई. रेलवे सेफ्टी विभाग से क्लियरेंस मिलने के बाद इस सेक्शन पर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया. उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि मरम्मत के बाद रेल यातायात बहाल हो चुका है. इससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिली है. ब्लास्ट के बाद ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था.

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा, सीओ सिटी को सौंपी जांच

रेलवे ने इस मामले में रामसिंहपुर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच की जिम्मेदारी श्रीगंगानगर सीओ सिटी आईपीएस नितिन चौधरी को दी गई है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को डिटेन कर उनसे पूछताछ शुरू की है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट किसने और किस उद्देश्य से किया. फिलहाल किसी संदिग्ध की भूमिका को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

बम निरोधक दस्ते और जांच एजेंसियों ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते, एटीएस, सीआईडी और अन्य जांच एजेंसियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था. एजेंसियों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. अब इन साक्ष्यों की जांच के साथ पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य फोकस ब्लास्ट की प्रकृति, इस्तेमाल की गई सामग्री और घटना को अंजाम देने वालों तक पहुंचने पर है. फिलहाल रेल यातायात बहाल हो चुका है, लेकिन रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट की जांच जारी है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj