10 हजार कदम या तेज चाल, सेहत के लिए क्या है ज्यादा जरूरी? डॉक्टर से जानें फिट रहने का फॉर्मूला

फिजिकल फिटनेस को लेकर अक्सर यह माना जाता है कि दिनभर में 10,000 कदम चलना सेहत के लिए सबसे जरूरी पैमाना है. हालांकि, हालिया स्वास्थ्य चर्चाओं और मेडिकल एक्सपर्ट्स की राय इससे कुछ अलग है. गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के स्पेशलिस्ट (उपप्रधानाचार्य )डॉ. नीरज पांडे से हुई खास बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कदमों की गिनती पूरी करना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि आप किस रफ्तार से चल रहे हैं, यह ज्यादा मायने रखता है.
तेज चलना यानी ब्रिस्क वॉकिंग है जरूरी
डॉ. नीरज पांडे के मुताबिक, सेहतमंद रहने के लिए संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण फास्ट या ‘ब्रिस्क वॉकिंग’ (तेज चलना) है. उन्होंने सलाह दी कि सुबह के समय दो से तीन किलोमीटर तक तेज कदमों से वॉक करनी चाहिए. तेज चलने से शरीर का मेटाबॉलिज्म एक्टिव होता है और ओबेसिटी (मोटापा) जैसी समस्याओं से बचाव होता है.
किन बीमारियों में है फायदेमंद?
डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान: डॉ. पांडे ने बताया कि नियमित रूप से तेज गति से वॉक करना डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी है, जिससे ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है.
हार्ट हेल्थ: हृदय रोगियों के लिए यह रूटीन सुरक्षा कवच का काम करता है.नियमित ब्रिस्क वॉकिंग से भविष्य में दिल की बीमारियों (हार्ट से जुड़ी समस्याओं) का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.
किडनी और मानसिक स्वास्थ्य: शारीरिक अंगों के साथ-साथ यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अचूक है. सुबह के वक्त हरियाली के बीच टहलने से मन तरोताजा महसूस होता है, तनाव दूर होता है और मानसिक सुकून मिलता है.
वॉक करने का सही समय और तरीका
डॉ. पांडे का सुझाव है कि वॉक हमेशा सूरज निकलने के बाद (After Sunrise) करना ज्यादा बेहतर होता है.अधिकतम एक से दो घंटे की शारीरिक गतिविधि आपके फिजिकल हेल्थ पर गहरा सकारात्मक असर डालती है, जिससे वजन कम होता है और शरीर हल्का महसूस होता है.
उन्होंने यह भी बताया कि वॉक करने के तुरंत बाद योगासन किए जा सकते हैं. इसके अलावा, घर लौटने पर गुनगुने पानी में थोड़ा सा शहद मिलाकर उसका सेवन करना स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद फायदेमंद रहता है.सही रफ्तार, सही समय और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर ही फिटनेस के वास्तविक लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है.



