11 मैच में 7 हार… दिल्ली अभी भी कर सकती है प्लेऑफ में पहुंचने का चमत्कार, बस करना होगा ये काम

होमखेलक्रिकेट
11 मैच में 7 हार… दिल्ली अभी भी कर सकती है प्लेऑफ में पहुंचने का चमत्कार
Last Updated:May 09, 2026, 05:16 IST
Delhi Capitals Playoff Equation: आईपीएल 2026 में सातवीं हार के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया है. केकेआर ने सीजन के 51वें मुकाबले में दिल्ली को 8 विकेट से हराया. दिल्ली की इस हार के बाद उसके टॉप-4 में पहुंचने के कितने चांस हैं. चलिए हम आपको बताते हैं…
दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ समीकरण.
नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल 2026 की सातवीं हार का सामना करना पड़ा, जब उसे अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 8 विकेट से शिकस्त दी. दिल्ली की अपने घर पर इस सीजन में यह 5वीं हार है. इसके साथ ही दिल्ली की टीम ने अपने लिए प्लेऑफ की डगर मुश्किल कर ली है. दिल्ली ने 11 मुकाबले खेल लिए हैं, जिसमें सिर्फ चार ही जीत उसे मिली हैं. टीम 8 अंक लेकर अब आठवें स्थान पर खिसक गई है. ऐसे में दिल्ली के फैंस के मन में सवाल होगा कि क्या यहां से टीम टॉप-4 में जगह पक्की कर सकती है. चलिए समझते हैं समीकरण…
प्लेऑफ में पहुंचने के लिए क्या करना होगा? दिल्ली कैपिटल्स के लिए प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल है. दिल्ली के पास अभी 8 पॉइंट्स हैं और उनका नेट रन रेट काफी खराब (-1.154) है. दिल्ली ज्यादा से ज्यादा 14 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दिल्ली को अपने अगले तीनों मैच जीतने होंगे, और वो भी बड़े अंतर से ताकि रन रेट बेहतर हो सके. अगर दिल्ली अपना एक भी मैच हारती है, तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. यहां से टीम के पास हारने की कोई गुंजाइश नहीं है. उसके सिर्फ जीतना ही काफी नहीं होगा बल्कि अक्षर पटेल की कप्तानी वाली इस टीम को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा. दिल्ली को उम्मीद करनी होगी कि दूसरी टीमें इस तरह हारें जिससे 14 पॉइंट्स पर भी दिल्ली को टॉप 4 में जगह मिल जाए.
टीम के अगले तीन मुकाबलेदिल्ली कैपिटल्स टूर्नामेंट के अपने 12वें मैच में 11 मई को पंजाब किंग्स का सामना करेगी. यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. दिल्ली को अपने घरेलू मैदान पर एक और मुकाबला खेलना है. यह मैच 17 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा. इसके बाद अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम 24 मई को अपना आखिरी लीग मैच ईडन गार्डन्स में एक बार फिर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी.
एलन के तूफानी शतक से जीता केकेआरअरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में डीसी से मिले 143 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने आसानी से 2 विकेट खोकर 14.2 ओवर में हासिल कर लिया. यह केकेआर की लगातार चौथी जीत है. लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. हालांकि एलन और कैमरून ग्रीन ने मोर्चा संभाला. दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी निभाई. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 116 रनों की अटूट साझेदारी की. एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. अपनी इस पारी में एलन ने 5 चौके और 10 छक्के लगाए. वहीं, ग्रीन 27 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 142 रन लगाए थे.
केकेआर के लिए प्लेऑफ का समीकरणकेकेआर के प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता अब काफी दिलचस्प हो गया है. केकेआर ने शुरुआती 6 मैच हारने के बाद शानदार वापसी की है और पिछले 4 मैच लगातार जीते हैं. अब उनके 4 मैच बाकी हैं. अगर केकेआर सभी 4 मैच जीत जाती है तो उनके पास कुल 17 पॉइंट्स हो जाएंगे और वे बिना किसी रुकावट के आसानी से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेंगे. अगर टीम एक भी मैच हारती है, तो उनकी किस्मत दूसरी टीमों के नतीजों पर टिक जाएगी यानी उन्हें दुआ करनी होगी कि दूसरी टीमें हारें. अगर केकेआर अपने बचे हुए 4 मैचों में से 2 मैच हार जाती है, तो उनका IPL 2026 का सफर यहीं खत्म हो जाएगा और वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे.
About the AuthorShivam Upadhyay
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



