Diwali Recycling Tips: पुरानी चीजों से क्रिएटिव सजावट, घर को दें नया लुक | Creative Diwali Home Decoration

Last Updated:October 17, 2025, 12:09 IST
Tips And Tricks: दीपावली का त्योहार आने वाला है, जिसका मतलब है घरों में बड़ी सफाई और सजावट. इस बार, सफाई के दौरान निकलने वाले पुराने सामान को फेंकने की बजाय, उन्हें क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल करने का समय है. हर घर में अक्सर पुरानी मैगजीन, ग्रीटिंग कार्ड, बेकार कपड़े के टुकड़े और गत्ते आसानी से मिल जाते हैं. इन चीजों को रीसाइकल करके न केवल पैसों की बचत की जा सकती है, बल्कि घर की सजावट को भी नया और यूनिक लुक दिया जा सकता है.
दीवाली का त्योहार केवल घर की सफाई और सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्रिएटिविटी दिखाने का भी सही मौका होता है. जब हम घर की सफाई करते हैं, तो कई पुरानी और बेकार लगने वाली चीजें हाथ लगती हैं. इन्हें फेंकने के बजाय यदि थोड़ी कल्पनाशीलता (इमेजिनेशन) से इस्तेमाल किया जाए, तो ये आपके घर की सुंदरता को कई गुना बढ़ा सकती हैं. पुरानी कांच या प्लास्टिक की बोतलों को फेंकने के बजाय इन्हें अच्छे से धोकर रंग-बिरंगे पेंट या ग्लिटर से सजाएं. इनमें फेयरी लाइट्स डालकर लैंप की तरह इस्तेमाल करें या गार्डन की सजावट के लिए टांग दें. इससे न केवल घर की शोभा बढ़ेगी, बल्कि ये पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद रहेगा.

हम अक्सर देखते हैं कि हर साल दिवाली के मौके पर रसोई में काम आने वाली नई चीज़ें ज़रूर खरीदते हैं, लेकिन जो पुरानी होती हैं उन्हें कबाड़ में या फिर कचरे में फेंक देते हैं. रसोई में रखे पुराने कांच के जार को आप मसालों के स्टोरेज, पेन होल्डर या छोटे प्लांट पॉट के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं. थोड़ी सजावट और लेबलिंग से ये जार घर की डेकोरेशन में आकर्षक टच जोड़ सकते हैं.

कपड़े एक ऐसी चीज़ हैं जो हर साल या फिर 6 महीने में हम नए खरीदते हैं और नई फैशन के साथ आगे बढ़ते हैं. लेकिन जो पुराने कपड़े होते हैं, उनका भी इस्तेमाल किया जा सकता है. बचे हुए कपड़े, दुपट्टे या पुरानी साड़ी का उपयोग टेबल रनर, कुशन कवर या पूजा थाली की सजावट में किया जा सकता है. चाहें तो पुराने कपड़ों से रंगीन तोरण या दीवार हैंगिंग बनाकर घर को नया लुक दें.

हमेशा देखा जाता है कि ज़रा सी चूक की वजह से दीपावली पर लाए गए दीपक टूट जाते हैं. जो दीपक टूट गए हों या जिनका उपयोग अब संभव न हो, उन्हें फेंकने के बजाय गार्डन में छोटे पौधों के गमले के रूप में इस्तेमाल करें. चाहें तो उन्हें रंग कर और ग्लिटर लगाकर शो-पीस की तरह भी सजाया जा सकता है.

पुराने डिब्बे और बॉक्स का उपयोग स्टोरेज में करें. दीवाली के बाद बची मिठाई या ड्राई फ्रूट्स की डिब्बियां फेंकने के बजाय उन्हें सजाकर ज्वेलरी बॉक्स या स्टेशनरी होल्डर बना सकते हैं. इससे घर में चीजें व्यवस्थित रहेंगी और अनचाही वस्तुओं का बेहतर उपयोग हो जाएगा.

हर घर में पुरानी मैगजीन और कार्ड आसानी से मिलते हैं. इनसे भी सजावटी आइटम बना सकते हैं. इसके लिए पुरानी मैगजीन, ग्रीटिंग कार्ड और गत्ते से रचनात्मक वॉल हैंगिंग, फोटो फ्रेम या पेपर क्राफ्ट तैयार किए जा सकते हैं. यह बच्चों के लिए एक मजेदार गतिविधि और घर की सजावट दोनों का काम करेगा. पुरानी चीजों का वापस उपयोग न केवल घर को सुंदर बनाता है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और खर्च में बचत का भी शानदार तरीका है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 17, 2025, 12:09 IST
homelifestyle
दिवाली की सफाई में पुरानी चीजें फेंकने से पहले ये आइडिया जरूर अपनाएं



