कैलाई गांव की पूजा उपाध्याय ने किया कमाल! पहले ही प्रयास में बनी RAS अधिकारी, दौसा में खुशी की लहर

Last Updated:October 24, 2025, 12:54 IST
Success Story : दौसा जिले के कैलाई गांव की बेटी पूजा उपाध्याय ने आरएएस 2023 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है. प्रथम प्रयास में बाजी मारकर उन्होंने साबित किया कि संघर्ष और अनुशासन से कोई भी मंजिल असंभव नहीं. पूजा की इस उपलब्धि से पूरा क्षेत्र गर्वित है और उनकी कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है.
दौसा : दौसा राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित आरएएस 2023 परीक्षा में सिकराय तहसील के कैलाई गांव की बेटी पूजा उपाध्याय ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. पूजा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं. पूजा उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने प्रथम प्रयास में ही आरएएस परीक्षा पास की, जो उनके लिए गर्व और प्रेरणा दोनों का विषय है. उन्होंने कहा कि यह सफलता आसान नहीं थी, क्योंकि हाल ही में आरपीएससी का परीक्षा पैटर्न भी बदल गया था, जिससे अभ्यर्थियों को नई प्रणाली के अनुरूप खुद को ढालना पड़ा.
पूजा ने बताया कि उनका अध्ययन माध्यम अंग्रेजी था, जिससे उन्हें कंटेंट तैयार करने और विषय को समझने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी. लेकिन उन्होंने निराश होने के बजाय लगातार प्रयास जारी रखे. उन्होंने कहा कठिनाइयां हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन यदि इंसान हार नहीं मानता तो सफलता निश्चित है. मैं रोजाना नियमित रूप से पढ़ाई करती थी और अपने लक्ष्य से कभी विचलित नहीं हुई.
निरंतरता और अनुशासन को बताया सफलता की कुंजीपूजा ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर अध्ययन. उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक अध्ययन करती थीं और हर विषय का गहराई से पुनरावलोकन करती थीं. उन्होंने कहा कई बार थकान और निराशा महसूस होती थी, लेकिन मैंने खुद को हमेशा यह याद दिलाया कि यही संघर्ष कल मेरे चेहरे पर मुस्कान लाएगा. जब तक लक्ष्य हासिल न हो जाए, तब तक प्रयास करते रहना ही सफलता की सच्ची कुंजी है.
नए अभ्यर्थियों को दिया प्रेरक संदेशपूजा उपाध्याय ने कहा कि जो विद्यार्थी अभी तैयारी कर रहे हैं या इस बार असफल रहे हैं, उन्हें हार मानने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा असफलता अंत नहीं है, बल्कि सफलता की शुरुआत है. कई बार ऐसा होता है कि मेहनत तुरंत फल नहीं देती, लेकिन जो धैर्य रखता है, वही आगे बढ़ता है. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और अलग-अलग रास्तों में भटकने के बजाय एक दिशा में पूरी ऊर्जा से जुट जाएं. पूजा ने कहा कि अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ निश्चय और धैर्य सबसे बड़ा हथियार है.
परिवार और क्षेत्र का गौरव बनीं पूजापूजा की सफलता से उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे कैलाई गांव में खुशी की लहर है. परिवारजनों ने कहा कि पूजा ने बचपन से ही पढ़ाई में गहरी रुचि दिखाई और हर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. अब उनके आरएएस अधिकारी बनने से न केवल परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है. गांव के लोगों ने कहा कि पूजा की सफलता से क्षेत्र के युवा भी प्रेरित होंगे और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी.
कठिन परिश्रम ही सफलता की पहचान हैपूजा उपाध्याय ने कहा हर व्यक्ति के जीवन में कठिनाई आती हैं, लेकिन वही व्यक्ति आगे बढ़ता है जो हार नहीं मानता. मेरा मानना है कि कोई भी सफलता बिना संघर्ष के नहीं मिलती.अगर आप ईमानदारी से मेहनत करते हैं, तो समय जरूर साथ देता है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह समाज में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी काम करना चाहती हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस जुटा सकें.
Rupesh Kumar Jaiswal
रुपेश कुमार जायसवाल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के ज़ाकिर हुसैन कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस और इंग्लिश में बीए किया है. टीवी और रेडियो जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएट भी हैं. फिलहाल नेटवर्क18 से जुड़े हैं. खाली समय में उन…और पढ़ें
रुपेश कुमार जायसवाल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के ज़ाकिर हुसैन कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस और इंग्लिश में बीए किया है. टीवी और रेडियो जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएट भी हैं. फिलहाल नेटवर्क18 से जुड़े हैं. खाली समय में उन… और पढ़ें
Location :
Dausa,Rajasthan
First Published :
October 24, 2025, 12:54 IST
homerajasthan
पहले ही प्रयास में RAS अधिकारी बनी पूजा उपाध्याय, दौसा में खुशी का माहौल



