जोधपुर में धमाका… शादी से पहले दूल्हे के घर हुआ सिलेंडर ब्लास्ट, 11 घायल, तीन की हालत गंभीर!

Last Updated:November 04, 2025, 19:56 IST
Jodhpur News : जोधपुर के बावड़ी कस्बे में शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया. विस्फोट में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया.
जोधपुर. शहर में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बावड़ी के हरढाणी कस्बे का है, जहां शादी की तैयारियों के बीच अचानक गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया. इस विस्फोट में करीब 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे.
जानकारी के अनुसार, हरढाणी कस्बे में बिरमाराम नामक व्यक्ति के घर शादी की तैयारी चल रही थी. घर में रंग-रोगन और छपरा लगाने का काम चल रहा था. इसी दौरान वेल्डिंग कार्य भी किया जा रहा था. बताया गया कि वेल्डिंग करने वाले व्यक्ति ने गैस सिलेंडर को स्टूल की तरह इस्तेमाल करते हुए उस पर खड़े होकर काम करना शुरू किया. वहीं पास ही शादी में उपयोग के लिए रखे गए अन्य सिलेंडर भी मौजूद थे. इसी दौरान किसी सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और वेल्डिंग की चिंगारी पड़ते ही जोरदार धमाका हो गया.
धमाके से मचा हड़कंप, कई लोग घायलविस्फोट इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर के टुकड़े इधर-उधर उड़ गए और वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला. गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों को महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि आठ से नौ लोगों को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर में सिलेंडर के लोहे के टुकड़े घुस गए थे, लेकिन अब अधिकांश की स्थिति खतरे से बाहर है.
घायलों की पहचान और अस्पतालों में भर्ती स्थितिमथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती घायलों में गणपत पुत्र अन्नाराम मेघवाल, छोटू सिंह पुत्र नरपत सिंह राजपूत, गणेश पुत्र बाबूराम जाट, ओमाराम पुत्र अचलाराम जाट, रामदास पुत्र केवल दास वैष्णव, दिनेश पुत्र श्रवण राम बावरी, राकेश पुत्र दीनाराम मेघवाल और सुनील पुत्र पुनाराम जाट शामिल हैं. वहीं महात्मा गांधी अस्पताल में अजमाल सिंह और बुद्धाराम को भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
अस्पताल और पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चामथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि यहां भर्ती मरीजों की हालत स्थिर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र के डिप्टी एसपी भोपाल सिंह लखावत ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सिलेंडर फटने की असली वजह क्या थी.
बड़ी जनहानि टली, लोगों में दहशत का माहौलगांव के लोगों का कहना है कि अगर धमाका कुछ ही सेकंड पहले या बाद में हुआ होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी, क्योंकि थोड़ी ही देर में विवाह समारोह में मेहमानों के पहुंचने का समय था. फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.
Anand Pandey
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल… और पढ़ें
Location :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
November 04, 2025, 19:41 IST
homerajasthan
जोधपुर में धमाका… शादी से पहले दूल्हे के घर हुआ सिलेंडर ब्लास्ट, 11 लोग घायल



