Gardening Tips: गार्डन ही नहीं, घर को भी खुश्बू से भर देगा यह फूल! जानिए तीन आसान स्टेप में रजनीगंधा लगाने का तरीका

पाली. बदलते समय के साथ अब हर कोई अपने घर पर गार्डन डेवलप करने की कोशिश करता है, लेकिन अक्सर यह कन्फ्यूजन रहता है कि ऐसे कौन से पौधे लगाए जाएं, जिनसे न केवल गार्डन बल्कि पूरा घर भी महक जाए. तो इस कन्फ्यूजन को दूर करते हुए हम आपको एक ऐसा पौधा बताएंगे जो न सिर्फ आपके गार्डन की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि पूरे घर को महकाने का काम भी करेगा.
इस पौधे का नाम है रजनीगंधा. इसके फूलों की मनमोहक खुशबू पूरे माहौल को महका देती है, यह फूल न केवल घर को महकाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह मानसिक बीमारियों से बचाव में भी मदद करता है. आइए जानते हैं कि इसे घर पर कैसे आसानी से उगाया और संभाला जा सकता है.
घर को महकाएगा रजनीगंधा
रजनीगंधा का पौधा न सिर्फ आपके घर की सुंदरता में इज़ाफा करेगा, बल्कि इसकी मीठी खुशबू पूरे वातावरण को महका देती है. इसकी खुशबू इतनी मधुर होती है कि शाम होते ही पूरा मोहल्ला महक उठता है. इसे लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, और यह मानसिक शांति प्रदान करता है.
रजनीगंधा लगाने का तरीका (तीन आसान स्टेप्स में)
स्टेप 1:सबसे पहले 8 इंच गहरे गमले का चुनाव करें जिसमें रजनीगंधा का पौधा लगाया जा सके. गमले में जल निकासी के लिए छेद होना जरूरी है. गमले में अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का उपयोग करें, जिसमें आप थोड़ी सी रेत, गोबर की खाद या कोकोपीट मिला सकते हैं.
स्टेप 2:रजनीगंधा खासकर कंद से उगता है, इसलिए पहले अच्छे कंद का चुनाव करें. कंदों को गमले में 4 से 6 इंच गहरा लगाएं और दो कंदों के बीच लगभग 6 इंच की दूरी रखें. पौधे को दिन में कम से कम 5-6 घंटे धूप की जरूरत होती है, इसलिए उसे ऐसी जगह पर रखें जहां सीधे सूर्य की रौशनी आती हो.
स्टेप 3:किसी भी पौधे के लिए पानी देना बहुत जरूरी है, लेकिन इसमें यह ध्यान रखना है कि हर दिन थोड़ा-थोड़ा पानी दें, ताकि पानी गमले में एकत्रित न हो. जब मिट्टी सूखने लगे, तब पुनः पानी दें, लेकिन अत्यधिक पानी से बचें. हर 20-25 दिन में गोबर की खाद या कोकोपीट डालें, ताकि पौधे में नई कलियां आ सकें. इसके अलावा, मुरझाए हुए फूलों और पीली पत्तियों को नियमित रूप से हटा दें, ताकि नई पत्तियां आसानी से उग सकें, कीड़े-मकोड़े जैसी समस्याओं पर भी ध्यान रखें.



