Tips And Tricks: सर्दियों में काले पड़ गए हैं ऊनी कपड़े? दादी-नानी के ये नुस्खे करेंगे कमाल, वापस लौट आएगी चमक

Last Updated:December 17, 2025, 21:22 IST
Sweater Jacket Cleaning Tips: सर्दियों में स्वेटर, जैकेट और ऊनी कपड़ों का ज्यादा इस्तेमाल होने से वे जल्दी फीके और काले पड़ जाते हैं. बार-बार धुलाई और गलत देखभाल से उनकी चमक खत्म हो जाती है. ऐसे में दादी-नानी के पुराने घरेलू नुस्खे काफी कारगर साबित होते हैं. नमक, सिरका, बेकिंग सोडा और चाय पत्ती जैसे आसान उपायों से गर्म कपड़ों को बिना ज्यादा खर्च के दोबारा नया जैसा बनाया जा सकता है. सही तरीके से सुखाना और इस्त्री करना भी कपड़ों की उम्र बढ़ाता है.
सर्दी के मौसम में सबसे ज्यादा स्वेटर, जैकेट, शॉल और ऊनी कपड़े रोज़मर्रा के इस्तेमाल में आ जाते हैं. बार-बार पहनने और धोने से ये कपड़े जल्दी मटमैले, काले और फीके नजर आने लगते हैं. कई बार धूल, पसीना और गलत तरीके से धुलाई के कारण गर्म कपड़ों की चमक पूरी तरह खत्म हो जाती है. कई बार तो इनको धोना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में लोग नए कपड़े खरीदने की सोचने लगते हैं, जिसमें खर्चा भी हो जाता है. पुराने जमाने में दादी-नानी के समय भी ऐसी प्रोब्लम आती थी, लेकिन दादी-नानी अपने घर के ही देसी नुस्खों से गर्म कपड़ों को नया जैसा बना देती थीं.

गर्म कपड़ों को नया बनाने के लिए सबसे आसान और कारगर उपाय नमक का इस्तेमाल है. ऊनी या गर्म कपड़े धोते समय गुनगुने पानी में एक से दो चम्मच नमक मिलाकर कपड़ों को 20 से 30 मिनट तक भिगो दें. इसके बाद हल्के हाथ से धो लें. नमक कपड़ों में जमी गंदगी को बाहर निकालने के साथ-साथ रंग को भी उभारता है. खासतौर पर काले और गहरे रंग के स्वेटर पर यह तरीका बहुत असरदार माना जाता है. ध्यान रखें कि कपड़ों को रगड़कर न धोएं, इससे रेशे खराब हो सकते हैं.

सिरका भी पुराने गर्म कपड़ों की चमक लौटाने में बेहद उपयोगी होता है. एक बाल्टी ठंडे पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाएं और कपड़ों को इसमें 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें. इसके बाद सादे पानी से हल्के हाथ से धो लें. सिरका कपड़ों से बदबू दूर करता है और रंग को गहरा बनाता है. यह तरीका खासतौर पर उन कपड़ों के लिए फायदेमंद है, जो लंबे समय तक अलमारी में बंद रहने से फीके और बेजान हो गए हों.
Add as Preferred Source on Google

बेकिंग सोडा भी कपड़ों की सफाई और चमक बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है. एक मग पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर घोल तैयार करें और इससे दाग-धब्बों वाली जगह पर हल्के हाथ से लगाएं. कुछ देर बाद ठंडे पानी से धो लें. बेकिंग सोडा कपड़ों की गहराई में जमी गंदगी को हटाता है और काले पड़े कपड़ों को फिर से साफ दिखने में मदद करता है. यह तरीका ऊनी कपड़ों के लिए सुरक्षित माना जाता है, बशर्ते ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल न किया जाए.

चाय पत्ती का इस्तेमाल भी काले कपड़ों के लिए पुराना और असरदार घरेलू नुस्खा है. एक कप पानी में चाय पत्ती उबालकर ठंडा कर लें और उसे छान लें. इस पानी में काले या गहरे रंग के कपड़ों को कुछ देर डुबोकर रखें. इसके बाद हल्के हाथ से निचोड़कर सुखा लें. चाय पत्ती का रंग कपड़ों को प्राकृतिक रूप से गहरा और चमकदार बनाता है. ध्यान रखें कि इस उपाय का इस्तेमाल केवल गहरे रंग के कपड़ों पर ही करें.

कपड़ों को सुखाने का तरीका भी बेहद जरूरी है. गर्म कपड़ों को कभी भी तेज धूप में न सुखाएं, इससे रंग उड़ सकता है और कपड़ा सख्त हो जाता है. हमेशा छांव में, उल्टा करके कपड़े सुखाएं. साथ ही, इस्त्री करते समय हल्की आंच का ही प्रयोग करें. इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर सर्दी के मौसम में खराब और काले पड़ चुके पुराने गर्म कपड़ों को फिर से चमकदार बनाया जा सकता है और नए कपड़े खरीदने का खर्च भी बचाया जा सकता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 17, 2025, 21:22 IST
homelifestyle
सर्दियों में काले पड़ गए हैं ऊनी कपड़े? दादी-नानी के ये नुस्खे करेंगे कमाल



