Sports

हेड-क्लासेन की विस्फोटक पारी रिकेल्टन के शतक पर पड़ी भारी, 243 रन बनाकर भी हारी मुंबई इंडियंस

नई दिल्ली. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का एक और रोमांचक हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिला, जिसमें होम टीम मुंबई इंडियंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से हरा दिया. अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन की तिकड़ी ने तूफानी बैटिंग की, जिससे हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा सफल चेज कर लिया. मुंबई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए रेयान रिकेल्टन की शतकीय पारी से 243 रन का विशाल स्कोर बोर्ड पर लगाया था. हैदराबाद ने लक्ष्य 8 गेंदें रहते 249 रन पर बनाकर हासिल कर लिया. हैदराबाद की यह सीजन में लगातार 5वीं जीत और ओवरऑल छठी जीत है, जिससे उसके 12 अंक हो गए हैं और टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है. वहीं, मुंबई इंडियंस 8 मैचों में छठी हार के साथ नौवें स्थान पर है.

हैदराबाद ने चेज किया चौथा सबसे बड़ा स्कोरमुंबई के 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स ने हेड (76 रन, 30 गेंद, 8 छक्के, 4 चौके) और अभिषेक शर्मा (45 रन, 24 गेंद, 3 छक्के, 4 चौके) के बीच पहले विकेट की 8.4 ओवर में 129 रन की साझेदारी के बाद हेनरिक क्लासेन (नाबाद 65 रन, 30 गेंद, 4 छक्के, 7 चौके) के अर्धशतक से 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर जीत दर्ज की. क्लासेन ने नीतीश कुमार रेड्डी (21) के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी भी की. अंत में सलील अरोड़ा ने 10 गेंद में 2 चौकों और 3 छक्कों से नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी. सलिल के बल्ले से विजयी छक्का आया. यह आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा सफल रन चेज है. हैदराबाद की टीम 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 246 रन का लक्ष्य भी हासिल कर चुकी है.

रिकेल्टन के शतक पर फिरा पानीइससे पहले रिकेल्टन ने अपने करियर और मुंबई के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 55 गेंद में 8 छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 123 रन बनाए, जिससे मुंबई विशाल स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हुई. हालांकि, हैदराबाद की तूफानी बैटिंग के आगे स्कोर बौना साबित हो गया. रिकेल्टन ने विल जैक्स (46) के साथ पहले विकेट के लिए 93, नमन धीर (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 और कप्तान हार्दिक पंड्या (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी भी की. सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 54 रन देकर दो विकेट चटकाए, जबकि इशान मलिंगा ने 29, नितीश कुमार रेड्डी ने 31 और साकिब हसन ने 39 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया.

अभिषेक और हेड की शतकीय साझेदारीसनराइजर्स को अभिषेक और हेड ने तेजतर्रार शुरुआत दिलाई. अभिषेक ने ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह पर छक्के मारे. हालांकि, हेड भाग्यशाली रहे जब बोल्ट की गेंद पर नमन उनका कैच लपकने में नाकाम रहे और गेंद छह रन के लिए चली गई. उन्होंने इसी ओवर में दो और छक्के मारे. नमन ने इसके बाद अल्लाह गजनफर की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर हेड को दूसरा जीवनदान दिया. हेड ने इसका फायदा उठाते हुए बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि अभिषेक ने भी इस स्टार तेज गेंदबाज पर छक्का जड़ा. सनराइजर्स ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 92 रन बनाए. नमन ने सातवें ओवर में अश्वनी कुमार की गेंद पर तीसरी बार हेड का कैच टपकाया और छक्के के साथ 20 गेंद में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का अर्धशतक पूरा हुआ. इसी ओवर में टीम के रनों का शतक भी पूरा हुआ.

क्लासेन ने ठोकी चौथी हाफ सेंचुरीहालांकि, अभिषेक इसके बाद गजनफर (51 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बैकवर्ड प्वाइंट पर बोल्ट को कैच दे बैठे. ईशान किशन (00) ने गजनफर की अगली गेंद को विकेटों पर खेला. हेड भी इसके बाद पंड्या की गेंद को एक्सट्रा कवर पर जैक्स के हाथों में खेल गए जिससे सनराइजर्स का स्कोर बिना विकेट के 129 रन से तीन विकेट पर 133 रन हो गया. क्लासेन ने गजनफर की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए और फिर अश्वनी पर चार चौके जड़े. सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 51 रन की दरकार थी. क्लासेन ने गजनफर पर छक्के के साथ सिर्फ 22 गेंद में मौजूदा सत्र का चौथा अर्धशतक पूरा किया और फिर इस स्पिनर पर एक और छक्का जड़ा. नीतीश ने भी गजनफर पर चौका जड़ा, लेकिन फिर बोल्ट की गेंद को हवा में लहराकर सूर्यकुमार को कैच दे बैठे. सनराइजर्स को अंतिम दो ओवर में 11 रन की जरूरत थी. बुमराह पर छक्का जड़ने वाले सलील ने पंड्या पर चौके और दो छक्के के साथ सनराइजर्स को जीत दिला दी.

मुंबई को भी मिली जबरदस्त शुरुआतहार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. कलाई में चोट के कारण क्विंटन डिकॉक के बाहर होने पर मुंबई ने जैक्स और रिकेल्टन को पारी का आगाज करने का मौका दिया और दोनों ने पावर प्ले में 78 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. रिकेल्टन ने हिंगे का स्वागत छक्के के साथ किया जबकि जैक्स ने इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे. रिकेल्टन और जैक्स दोनों ने सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस पर भी दो-दो चौके मारे. जैक्स ने बाएं हाथ के स्पिनर दुबे पर दो छक्के और एक चौके से 16 रन बटोरे जबकि रिकेल्टन ने भी साकिब पर दो छक्के और एक चौके से 18 रन जुटाए.

रिकेल्टन ने 44 गेंदों में ठोका शतककप्तान कमिंस ने इसके बाद गेंद नीतीश को थमाई और उनकी पहली ही गेंद पर जैक्स ने विकेटकीपर ईशान किशन को कैच थमा दिया. जैक्स ने 22 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए. रिकेल्टन ने नीतीश पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर छक्के के साथ 23 गेंद में अर्धशतक जड़ा. सूर्यकुमार यादव (05) भी अगले ओवर में मलिंगा की गेंद पर फाइन लेग पर अभिषेक को कैच दे बैठे. लगातार ओवरों में विकेट गंवाने के बावजूद रिकेल्टन ने आक्रामक रुख जारी रखा. उन्होंने दुबे पर लगातार दो छक्कों के साथ 12वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.

हालांकि, नमन हिंगे की गेंद को हवा में लहराकर दुबे के हाथों लपके गए. रिकेल्टन ने नितीश की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के बाद एक रन के साथ 44 गेंद में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया जो टीम की ओर से सबसे तेज शतक है. पंड्या ने भी हिंगे की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद साकिब की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर क्लासेन को कैच दे बैठे. उन्होंने 15 गेंद का समना करते हुए दो छक्के और इतने ही चौके मारे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj