प्रचंड गर्मी में भी राजस्थान का यह शहर बना हुआ है ‘कूल-कूल’, यहां आप बिता सकते हैं सुकून के पल

Last Updated:April 30, 2026, 11:18 IST
Mount Abu News : समूचा राजस्थान प्रचंड गर्मी की चपेट में है. तापमान 42 से 45 डिग्री तक जा रहा है. लेकिन इनके बीच राजस्थान में एक शहर ऐसा भी है जहां आपको गर्मी से राहत मिल सकती है. यह है राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू. यहां अभी भी अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है. पहाड़ियों से घिरा यह शहर इस भीषण गर्मी में आपके लिए मुफीद साबित हो सकता है. 
माउंट आबू राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है.
माउंट आबू. राजस्थान में इन दिनों झुलासाने वाली गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है. पश्चिमी लेकर पूरब तक और उत्तर से लेकर दक्षिण तक समूचा राजस्थान तप रहा है. लू के थपेड़ों ने आमजन को हलकान कर रखा है. तापमापी पारा 42 से 45 डिग्री तक जा रहा है. गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के के कारण सुबह 11 बजे बाद ही घर से निकलना मुश्किल हो जाता है. दोपहर होते-होते तो सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हो जाते हैं. शाम सात बजे तक लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिलती है. लेकिन इन सबके बीच भी राजस्थान का माउंट आबू अभी भी सुकून वाला शहर बना हुआ है. यहां तापमापी पारा 30 डिग्री के आसपास टिका हुआ है.
राजस्थान रेगिस्तानी इलाका है. खासकर पश्चिमी राजस्थान तो पूरी तरह से रेगिस्तान है. यहां बालू मिट्टी के बड़े-बड़े टीले हैं और पेड़ बेहद सीमित संख्या में है. बालू मिट्टी की खासियत यह है कि यह सूरज की किरणों से तेजी से गरम होती है. इसके कारण इस इलाके में जबर्दस्त गर्मी पड़ती है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और चूरू में मई जून में तापमान 47-48 डिग्री होना आम बात है. कई बार यह 50 डिग्री को भी पार कर जाता है. इससे सड़कों का डामर तक पिघलने लग जाता है और मृग मीरिचिका जैसा अहसास होता है.
फलौदी और चितौड़गढ़ के मुकाबले करीब 13 डिग्री कम है तापमान
राजस्थान में माउंट आबू एक मात्र हिल स्टेशन है. यह सिरोही जिले में राजस्थान और गुजरात के बॉर्डर पर स्थित है. यह चारों से तरफ से पहाड़ियों से घिरा हुआ हरा भरा इलाका है. सूबे के इस प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट पर इस चिलचिलाती गर्मी में भी तापमान सामान्य बना हुआ है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया है. जबकि बुधवार को ही पश्चिमी राजस्थान के फलौदी में अधिकतम तापमान 43.8 और पूर्वी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. सूबे के अधिकतर शहरों का तापमान 39 डिग्री या इससे ऊपर ही दर्ज किया गया है. कुछ शहरों में यह 38 डिग्री रहा. केवल माउंट आबू ऐसा शहर है जहां फलौदी और चितौड़गढ़ के मुकाबले करीब 13 डिग्री तापमान कम दर्ज किया गया है.
दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर अभी जारी रहने की आसारमौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर अभी जारी रहने की संभावना है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने सेअगले 24 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट के संकेत हैं. इससे मौसम में आंशिक बदलाव हो सकता है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं का असर बढ़ेगा. उसके बाद अगले 3-4 दिनों में दोपहर बाद आंधी और मेघगर्जन की संभावनाए बन रही है. इस दौरान कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं. प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधियां संभव है. मई के पहले सप्ताह में हीटवेव और आंधी-बारिश का मिला-जुला असर रहेगा. मौसम विभाग ने गर्मी और बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sirohi,Sirohi,Rajasthan
First Published :
April 30, 2026, 11:18 IST



