गुस्साई पत्नी ने पति को भूसे के जलते ढेर में धकेला, अधजली हालत में रात को ससुराल में फेंककर हुई फरार

Last Updated:May 07, 2026, 16:28 IST
Husband-wife dispute : झालावाड़ में आपसी कलह के कारण गुस्साई पत्नी ने अपने पति को भूसे के जलते ही ढेर में धकेल दिया. इससे वह बुरी तरह से जल गया. उसे झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पत्नी और उसके परिजन युवक को अधीजली हालत में उसके गांव फेंककर फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
घायल पति का झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है.
झालावाड़. झालावाड़ जिले में एक बार फिर से पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के सुनेल थाना इलाके के पीथखेड़ी गांव में घरेलू विवाद के चलते एक पत्नी ने अपने पति को जलते हुए भूसे के ढेर में धक्का दे दिया. इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. उसका झालावाड़ के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर लिए है. वह सभी एंगल से पूरे मामले की जांच में जुटी है. जलते भूसे में गिरने के कारण युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस के अनुसार पत्नी के गुस्से का शिकार हुआ युवक कमलेश भील बकानी थाना इलाके के दांतिया का रहने वाला है. कमलेश के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वो पिछले एक माह से अपने ससुराल पीथखेड़ी में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था. उसकी पत्नी धापू भी मजदूरी करती है. पति-पत्नी दोनों में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता है. बुधवार शाम को वह कुछ जरूरी दस्तावेज लेने के लिए अपने ससुराल स्थित घर गया. वहां दस्तावेजों को लेकर उसकी पत्नी धापू से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह कहासुनी विवाद में बदल गई.
विवाद के बाद पत्नी को आ गया गुस्साइससे उसकी पत्नी धापू गुस्सा गई. गुस्से में आई पत्नी ने उसे काफी खरीखोटी सुनाई. उसके बाद कमलेश की पत्नी और उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके गले में फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया. लेकिन वह किसी तरह से बच गया. इस पर धापू ने कमलेश को पास ही जल रहे भूसे के ढेर में धक्का दे दिया. इससे कमलेश जलते भूसे के ढेर में गिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया. इससे धापू और उसके परिवार वाले लोग डर गए.
कमलेश को झालावाड़ मेडिकल कॉलेज किया रेफर
वे कमलेश को बुधवार रात को जली हुई हालत में दांतिया ले गए और पटककर फरार हो गए. कमलेश के परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वे उसे तुरंत बकानी के सरकारी अस्पताल लेकर भागे. वहां डॉक्टर्स ने कमलेश को प्राथमिक उपचार देकर झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है. सुनेल थाना पुलिस पूरी मामले की जांच में जुटी हुई है.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhalawar,Jhalawar,Rajasthan



