Jhunjhunu Youth Murdered in Ghana | अलसीसर के सोनू की घाना में हत्या

Last Updated:May 10, 2026, 10:35 IST
Jhunjhunu Man Murdered in Ghana: झुंझुनूं के अलसीसर निवासी 35 वर्षीय देवेंद्र सैन की अफ्रीका के घाना में उसके ही नौकर ने हत्या कर दी. हिसाब मांगने पर हुए विवाद में नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल को वारदात को अंजाम दिया और शव को गाड़ी की डिग्गी में छिपा दिया. 3 दिन बाद शव मिलने और कानूनी कार्रवाई के बाद शनिवार (17 दिन बाद) शव अलसीसर पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ. घाना पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
ख़बरें फटाफट

अलसीसर के सोनू की घाना में हत्या
झुंझुनूं/अलसीसर. राजस्थान के झुंझुनूं जिले के अलसीसर कस्बे में उस समय मातम छा गया, जब सात समंदर पार अफ्रीका महाद्वीप के घाना देश से एक युवक का शव उसके घर पहुंचा. 35 वर्षीय देवेंद्र सैन उर्फ सोनू, जो पिछले आठ साल से घाना के कुमासी शहर में ट्रेडिंग का व्यवसाय कर रहा था, की उसके ही घरेलू नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. शनिवार को जब देवेंद्र का पार्थिव देह अलसीसर पहुंचा, तो पूरे कस्बे की आंखें नम हो गईं और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया.
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सैन करीब दो महीने की छुट्टियां बिताकर 20 अप्रैल को ही वापस घाना गया था. घर आने से पहले उसने अपने व्यवसाय की पूरी जिम्मेदारी अपने पुराने और वफादार माने जाने वाले घरेलू नौकर को सौंपी थी. वापस लौटने के बाद जब देवेंद्र ने अपने व्यापार और लेन-देन का हिसाब मांगा, तो नौकर की नीयत डोल गई. इसी हिसाब-किताब को लेकर 23 अप्रैल को वेयरहाउस में कहासुनी हुई. इसके बाद नौकर ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर चाकू से वार कर देवेंद्र को मौत के घाट उतार दिया.
गाड़ी की डिग्गी में मिला शव, 3 दिन बाद हुआ खुलासावारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से देवेंद्र के शव को उसी की गाड़ी की डिग्गी में बंद कर दिया और करीब चार किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर लावारिस छोड़ दिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब कुमासी में रहने वाले गांव के ही अन्य परिचितों की तीन दिन तक देवेंद्र से बात नहीं हो पाई. अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके बाद क्राइम टीम ने गाड़ी और शव को बरामद किया.
17 दिन का लंबा इंतजार और पुलिस कार्रवाईघाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए साक्ष्य जुटाए और मुख्य आरोपी नौकर सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है. कानूनी प्रक्रियाओं और कागजी कार्रवाई के चलते देवेंद्र के शव को भारत लाने में 17 दिन का लंबा वक्त लगा. शनिवार को जैसे ही एम्बुलेंस अलसीसर पहुंची, परिजनों का धैर्य जवाब दे गया. मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता और भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. घाना पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhunjhunu,Jhunjhunu,Rajasthan



