Bikaner Sabarmati Express: बीकानेर को मिली साबरमती डेली ट्रेन की सौगात, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

Last Updated:June 21, 2026, 17:19 IST
Bikaner Sabarmati Express:बीकानेर दौरे पर आए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर–साबरमती डेली ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा से राजस्थान के हजारों यात्रियों का सफर आसान होगा। इस दौरान मंत्री ने बीकानेर–चंडीगढ़ ट्रेन सेवा जल्द शुरू करने के संकेत दिए और बताया कि बुलेट ट्रेन परियोजना 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है. साथ ही उन्होंने राजस्थान में रेलवे विकास कार्यों और बढ़े हुए बजट की जानकारी देते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा.बीकानेर–साबरमती डेली एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू
बीकानेर. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर–साबरमती डेली एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे. नई रेल सेवा शुरू होने से बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी.
चंडीगढ़ ट्रेन सेवा पर भी चल रहा काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीकानेर से साबरमती के बीच शुरू की गई दैनिक रेल सेवा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी. उन्होंने विश्वास जताया कि यह ट्रेन व्यापार, पर्यटन और आम यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी. साथ ही उन्होंने बीकानेर से चंडीगढ़ के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग पर भी सकारात्मक संकेत दिए. मंत्री ने बताया कि रेलवे अधिकारियों को इस रेल सेवा के लिए उपयुक्त रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इसे जल्द से जल्द शुरू किया जा सके.
2027 में शुरू होगा बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट
रेल मंत्री ने देश के महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि भारत का ड्रीम प्रोजेक्ट मानी जा रही बुलेट ट्रेन सेवा वर्ष 2027 में शुरू होने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे व्यवस्था विकसित करना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निवेश बढ़ाया जा रहा है.
राजस्थान में रेलवे विकास पर विशेष जोर
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के विकास को नई गति मिली है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय राजस्थान को रेलवे के लिए जहां लगभग 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वर्तमान में यह बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये हो गया है. उन्होंने कहा कि राज्य में इस समय करीब 76 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न रेलवे प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है. मंत्री के अनुसार, राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जबकि 24 गति शक्ति कार्गो टर्मिनल विकसित किए जा रहे हैं. इसके अलावा नई रेलवे लाइनों, दोहरीकरण और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर भी तेजी से काम किया जा रहा है.
विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान रेल मंत्री ने विपक्ष के आरोपों पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष विकास कार्यों को देखने के बजाय आंखों पर पट्टी बांधकर बैठा है तो उसे जमीनी हकीकत देखनी चाहिए. उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि विपक्ष को अपनी “पट्टियां” खोलकर विकास कार्यों की वास्तविकता देखनी चाहिए. मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह विपक्षी नेताओं की जैसलमेर यात्रा की व्यवस्था भी करवा देंगे, ताकि वे विकास कार्यों को स्वयं जाकर देख सकें. बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित यह कार्यक्रम नई रेल सेवा की शुरुआत के साथ-साथ राजस्थान में रेलवे विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी देने का भी महत्वपूर्ण अवसर बना.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bikaner,Rajasthan



