Rajasthan

री-नीट परीक्षा के बीच भारी बारिश, केंद्र के बाहर जलभराव, बेंच लगाकर पहुंचाए गए अभ्यर्थी

Last Updated:June 21, 2026, 14:40 IST

PM Shri School Sikar: सीकर जिले के धोद विधानसभा क्षेत्र के सिंगरावट गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित री-नीट परीक्षा के दौरान भारी बारिश ने व्यवस्थाओं की परीक्षा ले ली. सुबह करीब 4 बजे से लगातार हो रही बारिश के कारण परीक्षा केंद्र के मुख्य प्रवेश मार्ग पर जलभराव हो गया, जिससे परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने लकड़ी के बेंच लगाकर अस्थायी रास्ता तैयार किया, जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया. हालांकि कई अभ्यर्थियों और परिजनों ने समय रहते जलनिकासी नहीं होने पर नाराजगी जताई. मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और लोसल के नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह चौहान तथा थाना प्रभारी सुनीता मीणा लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे.

ख़बरें फटाफट

री-नीट परीक्षा के बीच बारिश, केंद्र के बाहर जलभराव; बेंच लगाकर पहुंचे अभ्यर्थीZoomरी-नीट परीक्षा के बीच बारिश बनी मुसीबत!

सीकर. देश भर में आयोजित हो रही चिकित्सा प्रवेश परीक्षा (री-नीट) के दौरान राजस्थान के सीकर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. जिले के धोद विधानसभा क्षेत्र के सिंगरावट गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी. सुबह से जारी भारी बारिश के कारण परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार और संपर्क मार्ग पर भारी जलभराव हो गया, जिससे परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

सिंगरावट गांव और आसपास के इलाकों में सुबह करीब 4 बजे से ही लगातार मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया था. देखते ही देखते परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया और वहां घुटनों तक पानी भर गया. जब सुबह 11 बजे परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचने शुरू हुए, तो मुख्य गेट के सामने फैले तालाब को देखकर उनके और परिजनों के होश उड़ गए. दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

लकड़ी की बेंचें बनीं सहारा, अस्थायी रास्ते से पहुंचे छात्रजलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल और स्कूल प्रशासन तुरंत हरकत में आया. आनन-फानन में परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों ने स्कूल से लकड़ी की बड़ी-बड़ी बेंचें (टेबल) मंगवाईं. इन बेंचों को पानी के बीच एक-एक कर कतार में लगाया गया और एक अस्थायी पुल (रास्ता) तैयार किया गया. इसके बाद पुलिसकर्मियों और शिक्षकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक-एक परीक्षार्थी का हाथ पकड़कर उन्हें इस अस्थायी रास्ते से सुरक्षित परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिलाया.

परिजनों ने व्यवस्थाओं पर उठाए सवालभले ही प्रशासन ने तात्कालिक रूप से बेंच लगाकर रास्ता बना दिया, लेकिन परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों और उनके माता-पिता ने प्रशासनिक दूरदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाए. परिजनों का कहना था कि जब मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था और सुबह 4 बजे से ही पानी बरस रहा था, तो समय रहते नगर पालिका और प्रशासन ने पानी निकासी के इंतजाम क्यों नहीं किए? परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण घड़ी में परीक्षार्थियों को इस तरह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान होना पड़ा, जो बेहद निराशाजनक है.

मोटर पंप से पानी निकासी शुरूअधिकारियों ने बताया स्थिति बिगड़ती देख लोसल नगर पालिका प्रशासन की टीम को मौके पर बुलाया गया. नगर पालिका के कर्मचारी जनरेटर और भारी क्षमता वाले मोटर पंप की सहायता से मुख्य मार्ग से पानी की निकासी करने के कार्य में जुट गए. मौके पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को संभालने के लिए लोसल के नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह चौहान और लोसल थाना प्रभारी सुनीता मीणा भारी पुलिस जाब्ते के साथ लगातार डटे रहे और पल-पल की मॉनिटरिंग करते नजर आए.

सुबह से ही पानी बहुत तेज थाइस पूरी अव्यवस्था पर सफाई देते हुए परीक्षा केंद्र के प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा, ‘यह अचानक आई प्राकृतिक आपदा है, जिस पर किसी का नियंत्रण नहीं है. सुबह से ही पानी बहुत तेज था. इसके बावजूद हमारी टीम ने तत्परता दिखाई और विद्यार्थियों के लिए ‘अवल’ (सर्वश्रेष्ठ) वैकल्पिक व्यवस्था की, ताकि किसी भी छात्र की परीक्षा न छूटे और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके.’

About the AuthorJagriti Dubey

Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें

न्यूजलेटर

अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज

खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में

सबमिट करें

Location :

Sikar,Rajasthan

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj