संध्या थिएटर केस : अल्लू अर्जुन की पेशी टली, अब 6 जुलाई को होगी सुनवाई, शूटिंग का हवाला देकर नहीं पहुंचे कोर्ट

Last Updated:June 22, 2026, 17:43 IST
तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन सोमवार को संध्या थिएटर भगदड़ मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश नहीं हुए. अभिनेता इन दिनों मुंबई में अपनी नई फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं. इसी वजह से उनके वकील ने अदालत से व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की.
ख़बरें फटाफट
अल्लू अर्जुन की सुनवाई छह जुलाई तक टली
नई दिल्ली. संध्या थिएटर भगदड़ मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन को सोमवार को हैदराबाद की नामपल्ली अदालत में पेश होना था, लेकिन वह सुनवाई में शामिल नहीं हुए. मुंबई में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त होने का हवाला देते हुए उनके वकील ने अदालत से व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए टाल दी है.
दरअसल, 13 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया गया था. उन्हें नामपल्ली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया. हालांकि उसी दिन हाई कोर्ट से उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी और अगले दिन वह जेल से रिहा हो गए थे. बाद में उन्हें नियमित जमानत भी मिल गई.जांच के दौरान पुलिस ने 24 दिसंबर को अल्लू अर्जुन से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी. पूछताछ सीसीटीवी फुटेज और जांच टीम द्वारा जुटाए गए वीडियो सबूतों के आधार पर की गई थी. अब इस मामले में सभी आरोपियों की मौजूदगी सुनिश्चित होने के बाद ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. फिलहाल सभी की नजरें 6 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं.
6 जुलाई को टली सुनवाई
हैदराबाद की नामपल्ली आपराधिक अदालत में हुई सुनवाई के दौरान अल्लू अर्जुन की ओर से बताया गया कि वह फिलहाल शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन आगे की सुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने के लिए तैयार हैं. अदालत ने इस पर अभिनेता को एक औपचारिक आवेदन दाखिल करने की सलाह दी और मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए टाल दी. वकील ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि अगली तारीख पर अल्लू अर्जुन वर्चुअल माध्यम से कार्यवाही में हिस्सा लेंगे.
कोर्ट नहीं पहुंचे अल्लू अर्जुन
सोमवार को इस मामले के बाकी सभी आरोपी अदालत में मौजूद रहे. अदालत ने पिछले हफ्ते सभी आरोपियों को समन जारी किया था और अल्लू अर्जुन को भी व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा गया था. हालांकि शूटिंग शेड्यूल का हवाला देते हुए उन्होंने राहत मांगी. दरअसल, यह मामला 4 दिसंबर 2024 का है. उस दिन फिल्म पुष्पा 2: द रूल के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. अल्लू अर्जुन के थिएटर पहुंचने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए थे.भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन हालात बिगड़ गए और भगदड़ मच गई. इस हादसे में एम. रेवती नाम की एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था.
लापरवाही के चलते हुआ था हादसा
पुलिस ने इस मामले में कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया है. अल्लू अर्जुन का नाम आरोपी नंबर 11 के रूप में शामिल है. शुरुआती 10 आरोपियों में थिएटर प्रबंधन से जुड़े लोग हैं, जबकि अभिनेता की सुरक्षा में तैनात 8 बाउंसरों को भी केस में शामिल किया गया है. पुलिस का आरोप है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. इसी आधार पर गैर इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.
About the AuthorMunish KumarSenior sub editor
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



