‘कांतारा’ से मिलती-जुलती 6 धांसू फिल्में, दूसरी दुनिया में ले जाती हैं अलौकिक कहानियां, IMDb रेटिंग भी है कमाल

Last Updated:October 15, 2026, 18:11 IST
अगर आपको लोक कथाओं से जुड़ी रहस्यमयी फिल्में भाती हैं, तो आपने ‘कांतारा’ और ‘तुंबाड’ जरूर देखी होंगी. मगर इनके अलावा भी कुछ शानदार फिल्में हैं, जो अपने अनूठे सस्पेंस और कहानी से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही हैं. इनमें ममूटी स्टारर फिल्म ‘भ्रमयुगम’ के अलावा कुछ ऐसी फिल्में हैं जिनकी कहानियां आपको अलौकिक दुनिया में जाएंगे.
नई दिल्ली: ‘कांतारा’ और ‘तुंबाड’ जैसी फिल्में पसंद करने वाले बहुत लोग हैं, जिनकी रहस्यमयी कहानियों ने सबको खूब लुभाया. बहरहाल, पौराणिक कथाओं पर बनी बेहतरीन फिल्मों पर नजर डालें, तो चुनिंदा फिल्में ध्यान में आती हैं. इन फिल्मों की रहस्य से भरपूर कहानियों को दर्शकों ने खूब सराहा है. अगर आपको ‘कांतारा’ और ‘तुंबाड’जैसी लोक कथाओं से प्रेरित फिल्में पसंद हैं, तो आपको हमारी बताई ये 6 फिल्में भी बहुत भाएंगी.(फोटो साभार: IMDb)
‘भ्रमयुगम’ 2024 की हॉरर फिल्म है. इसे राहुल सदाशिवन ने लिखा और निर्देशित किया है. फिल्म में ममूटी, अर्जुन अशोकन और सिद्धार्थ भरतन अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी में केरल के रहस्य, पौराणिक कथाओं और लोककथाओं का पुट शामिल है. ‘भ्रमयुगम’ का अर्थ है- पागलपन का युग. यह ब्लैक-एंड-व्हाइट फॉर्मेट में रिलीज हुई थी. फिल्म की काफी तारीफ हुई.
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्मों में से एक बन गई. फिल्म के लिए ममूटी को बेस्ट एक्टर का चौथा ‘नेशनल फिल्म अवॉर्ड’ मिला. फिल्म को विदेश में भी सराहा गया. इसे आईएमडीबी ने 7.7 रेटिंग दी है.
Add as Preferred Source on Google
‘कुमारी’ 2022 की एक मलयालम फैंटेसी हॉरर फिल्म है, जिसे निर्मल सहदेव ने लिखा और निर्देशित किया है. फिल्म में ऐश्वर्या लक्ष्मी अहम भूमिका में हैं. इसे आईएमडीबी ने 6.7 रेटिंग दी है. फिल्म की शुरुआत में एक दादी अपने पोते-पोती को एक देवी की कहानी सुनाती है, जो धरती पर आई थीं. धरती की सुंदरता से मोहित होकर वह अपने लोक वापस नहीं गईं. उन्होंने एक इंसान से शादी की और उनके दो बच्चे हुए- चाथन और गरी देवन. ये न तो पूरी तरह देवता जैसे दिखते थे और न ही इंसानों जैसे. इनके पास अद्भुत शक्तियां थीं. आपस में लड़ते हुए उन्होंने धरती को नष्ट कर दिया, जिसके बाद देवी ने वापस अपने लोक लौटने से पहले चाथन को पहाड़ों में और गरी देवन को जमीन के नीचे कैद कर दिया. इसके बाद, इंसानों ने उन्हें पूजना शुरू कर दिया, क्योंकि वे जानते थे कि ये बहुत शक्तिशाली है और मानव जाति की भलाई के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सकता है.
‘बुलबुल’ 2020 की पीरियड हॉरर फिल्म है, जिसे अन्विता दत्त ने लिखा और निर्देशित किया है. फिल्म में तृप्ति डिमरी के अलावा राहुल बोस अहम रोल में हैं. साल 1880 के दशक की बंगाल प्रेसीडेंसी के बैकग्राउंड पर बनी फिल्म एक बाल वधू के इर्द-गिर्द घूमती है. ‘बुलबुल’ 24 जून 2020 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी में 19वीं सदी के बंगाल के एक गांव को दिखाया गया है, जहां रहने वाली 5 साल की बुलबुल की शादी इंद्रनील नाम के एक अमीर जमींदार से कर दी जाती है. उसकी दोस्ती इंद्रनील के सबसे छोटे भाई सत्या से हो जाती है, जो उम्र में उसके बराबर है. बुलबुल और सत्या एक-साथ बड़े होते हैं और एक-दूसरे को चुड़ैल की कहानियां सुनाते हैं. इसे आईएमडीबी ने 7.5 रेटिंग दी है. (फोटो साभार: IMDb)
‘गरुड़ गमना वृषभ वाहना’ एक कन्नड़ फिल्म है, जिसे राज बी. शेट्टी ने लिखा और निर्देशित किया है. फिल्म में राज बी. शेट्टी और ऋषभ शेट्टी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में ब्रह्मैय्या एक शांत स्वभाव के और ईमानदार पुलिस अधिकारी हैं, जिनका तबादला मंगलुरु के तटीय इलाके ‘मंगलादेवी’ में हो जाता है, जो गैंग हिंसा से बुरी तरह ग्रस्त है. यहां के अंडरवर्ल्ड पर दो खतरनाक गैंगस्टरों हरि और शिव का दबदबा है. जहां हरि लोकल है, वहीं शिव के बारे में कोई नहीं जानता. वह 12 साल की उम्र में एक कुएं में फेंके गए बैग के अंदर मिला था. उस समय उसकी गर्दन पर गहरा घाव था और शरीर पर कई गंभीर निशान थे. हरि की मां ने उसे गोद ले लिया, जिसके बाद शिव-हरि वफादार भाई की तरह बड़े हुए. बचपन में हुए गलत बर्ताव के गहरे सदमे की वजह से शिव को बहुत गुस्सा आता है. वह अपने करीबियों के लिए खतरा महसूस होने पर वह हिंसक हो जाता है. हरि इसी बात का फायदा उठाकर अपना एक ऐसा साम्राज्य खड़ा कर लेता है, जिस तक कानून की पहुंच नहीं हो पाती. इसे आईएमडीबी ने 8.2 रेटिंग दी है.
‘रंगीतरंगा’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है. इसे अनूप भंडारी ने लिखा और निर्देशित किया है, जो उनके करियर की पहली फिल्म थी. अनूप भंडारी ने बताया कि फिल्म की कहानी लिखते समय उन्हें 1990 के दशक के कन्नड़ टीवी सीरियल ‘गुद्दाडा भूता’ के थीम सॉन्ग ‘देन्नाना देन्नाना’ से प्रेरणा मिली थी. फिल्म के निर्देशन के अलावा, भंडारी ने इसका संगीत भी तैयार किया और गाने के बोल भी लिखे.(फोटो साभार: IMDb)
‘रंगीतरंगा’ की कहानी कर्नाटक के इलाके में मौजूद ‘कमरोट्टू’ नाम के काल्पनिक गांव की है. यह इंदु का गांव है, जहां वह अपने पति गौतम सुवर्णा के साथ बुरी आत्माओं को दूर करने के लिए एक अनुष्ठान करने का फैसला करती है. हालांकि, इंदु अचानक गायब हो जाती है. इसके बाद गौतम और संध्या नाम की एक रिपोर्टर मिलकर गर्भवती महिलाओं के गायब होने के मामलों की जांच शुरू करते हैं. 3 जुलाई 2015 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म को अच्छा रिएक्शन मिला. यह फिल्म 2015 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली कन्नड़ फिल्म बनी. इसे आईएमडीबी ने 8.1 रेटिंग दी है. (फोटो साभार: IMDb)
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया देखें.First Published :
October 15, 2026, 18:11 IST



