‘लोग क्या कहेंगे’ के डर से की शादी, रंगीन अंडरगारमेंट्स पहनने पर हुई टोका-टाकी, टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस ने किया खुलासा

Last Updated:June 24, 2026, 13:22 IST
टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि समाज और परिवार के दबाव में आकर उन्होंने न सिर्फ बहुत जल्दी शादी की, बल्कि बच्चा भी लोग क्या कहेंगे के डर से ही पैदा किया. इतना ही नहीं, बचपन में उन्हें अपनी पसंद के रंगीन अंडरगारमेंट्स पहनने तक की आजादी नहीं थी और उस पर भी टोका-टाकी की जाती थी.
नई दिल्ली. कनिका माहेश्वरी टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं. उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन और हिट सीरियल्स में काम किया है. वैसे तो उन्होंने हर किरदार को बखूबी पर्दे पर उतारा, लेकिन उन्हें असली पहचान और घर-घर में बड़ी कामयाबी स्टार प्लस के सुपरहिट शो ‘दीया और बाती हम’ में मीनाक्षी राठी का किरदार निभाकर मिली.
आजकल कनिका अपने नए टीवी शो ‘सहर होने को है’ में निभाए जा रहे निगेटिव रोल को लेकर काफी चर्चा बटोर रही हैं. दर्शक उनके इस नए अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं. वैसे, कनिका की सिर्फ प्रोफेशनल लाइफ ही नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ और बेबाक बयान भी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं.
हाल ही में हॉटरफ्लाई को दिए एक इंटरव्यू में कनिका ने अपनी जिंदगी के कई अनसुने और हैरान करने वाले पहलुओं पर खुलकर बात की. इस बातचीत के दौरान उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद किया और बताया कि जब वो छोटी थीं, तब उनके कपड़े पहनने के तौर-तरीकों पर भी समाज और परिवार की तरफ से कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं.
Add as Preferred Source on Google
कनिका ने पाबंदियों का जिक्र करते हुए बताया, ‘मुझे बचपन से ही टोका जाता था और हमेशा यह बात बोली जाती थी कि अरे, तुम अंदर ब्लैक रंग के कपड़े नहीं पहन सकती हो. लाल रंग के कपड़े भी मत पहनो, क्योंकि वो बाहर साफ दिखेंगे. अगर वो दिख गए, तो बाहर के लोग क्या सोचेंगे और लोगों को कैसा लगेगा.’
कनिका ने आगे कहा, ‘आपके अंदर के कपड़ों का रंग क्या है, समाज के लिए वो भी एक बड़ा मुद्दा बन जाता है. इसी डर से हमें रंगों को बदलना पड़ता था. मसलन, अगर आपने सफेद रंग की ड्रेस पहनी है, तो आप अंदर लाल रंग की ब्रा नहीं पहन सकतीं, क्योंकि लोग फिर लोग आपको गलत नजरों से देखना शुरू कर देते हैं.’
कपड़ों के अलावा कनिका ने अपनी शादी पर भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि समाज के इसी दबाव में आकर उन्होंने बहुत जल्दी शादी कर ली थी. उन्होंने कहा, ‘मैंने सिर्फ यह सोचकर जल्दी शादी कर ली कि लोग क्या कहेंगे? फिर शादी के बाद यह डर सताने लगा कि बच्चा नहीं हुआ, तो लोग क्या कहेंगे.’
दबाव सिर्फ बाहरी लोगों का नहीं, बल्कि परिवार का भी था. कनिका ने बताया, ‘मेरे पति कहते थे कि मेरे सभी दोस्तों के बच्चे हो गए हैं, मुझे उनके बीच बहुत अजीब लगता है. वहीं मेरी सास का कहना था कि घर में बच्चा होने से मियां-बीवी के बीच प्यार बढ़ता है और आपसी लड़ाइयां-झगड़े भी काफी कम हो जाते हैं.’
कनिका ने साफ शब्दों में कहा कि लोग क्या कहेंगे इसी जाल में फंसकर उन्होंने आखिरकार बच्चा करने का फैसला किया. आज कनिका एक प्यारे से बेटे की मां हैं. भले ही यह फैसला दबाव में लिया गया हो, लेकिन आज वह अपने बेटे के बेहद करीब हैं और उसके साथ एक मजबूत बॉन्डिंग शेयर करती हैं. एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि डिलीवरी के 12वें दिन ही वह शूट पर ही पहुंच गई थीं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



