जयपुर में मकान के बेसमेंट में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा

Last Updated:June 26, 2026, 10:33 IST
Rajasthan News Live: राजस्थान में आज कई बड़ी घटनाएं देखने को मिलीं. जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में एक अवैध फ्लेक्स फैक्ट्री के बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसे दमकल की 3 गाड़ियों ने समय रहते काबू कि…और पढ़ें
Rajasthan News Live
Rajasthan News Live: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है. जयपुर के पत्रकार कॉलोनी और क्षीरसागर कॉलोनी इलाके में उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी मकान के बेसमेंट में भीषण आग लग गई. इस मकान के बेसमेंट में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से बैनर और फ्लेक्स निर्माण की एक फैक्ट्री संचालित की जा रही थी. देखते ही देखते बेसमेंट से गहरा काला धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, जिसके बाद दकमल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. एएफओ (AFO) देवांग यादव की त्वरित सूझबूझ और सक्रियता से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया. शुरुआती जांच में इस आगजनी का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.
सवाई माधोपुर में घर में घुस रहे संदिग्ध को ग्रामीणों ने पीटा, आपत्तिजनक सामान बरामद
सवाई माधोपुर के नयागांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ किसी के घर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर ही धर दबोचा. संदिग्ध को पकड़ने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई (मारपीट) कर दी. सूचना मिलने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुई हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई है.
अलवर में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद में पिता-पुत्री पर जानलेवा हमला
अलवर और खैरथल के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र के देवता गांव में एक खुशियों वाले शादी समारोह के दौरान माहौल अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. देवता गांव निवासी अजय पाल के चाचा के यहाँ आयोजित कार्यक्रम में कोटपूतली क्षेत्र से बड़ी संख्या में ‘भाती’ (मेहमान) आए हुए थे. देर रात डीजे पर मनपसंद गानों पर डांस करने को लेकर कुछ युवकों के बीच मामूली कहासुनी हो गई. विवाद को लगातार बढ़ता देख जब गृहस्वामी अजय पाल और उनकी विवाहिता पुत्री मनीषा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उपद्रवी युवकों ने मर्यादा भूलकर उन पर ही लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया. इस बर्बर हमले में विवाहिता मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई है, वहीं पिता अजय पाल को भी काफी गंभीर चोटें आई हैं. दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्थानीय पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
तबादलों से बैन हटते ही गृह राज्य मंत्री बेढ़म के आवास पर उमड़ी भीड़
राज्य सरकार द्वारा राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद से ही प्रशासनिक और सियासी गलियारों में हलचल अभूतपूर्व रूप से तेज हो गई है. गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के सिविल लाइंस स्थित राजकीय आवास पर सुबह से ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. मनचाहे ट्रांसफर और पसंदीदा पोस्टिंग को लेकर मुलाकातों का यह सिलसिला देर रात तक काफी तेज हो चुका है. राजस्थान पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और उनके प्रतिनिधि अपनी-अपनी सिफारिशी अर्जियां लेकर मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मिलने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं.
सांगानेर में बुजुर्ग पिता से मारपीट का वीडियो वायरल, बेटा गिरफ्तार
जयपुर के सांगानेर थाना क्षेत्र के चंदलाई इलाके से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है. यहाँ एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पारिवारिक विवाद के चलते हुई इस अमानवीय मारपीट को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में आरोपी बेटे के खिलाफ भारी आक्रोश है. बुजुर्ग पिता की लिखित शिकायत पर सांगानेर थाना पुलिस ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया. हालांकि, बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा किए जाने की जानकारी मिली है. यह पूरा विवाद पैतृक संपत्ति को लेकर था या घरेलू क्लेश का, इसका सटीक कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



