Job Interview Tips: ‘5 साल बाद खुद को कहां देखते हैं?’ इंटरव्यू के सबसे ट्रिकी सवाल का परफेक्ट जवाब कैसे दें?

नई दिल्ली (Job Interview Tips). जॉब इंटरव्यू में जब सब कुछ बढ़िया चल रहा होता है. तभी अचानक इंटरव्यूअर एक ऐसा सवाल फेंक देता है जो अच्छे-अच्छे कैंडिडेट्स के पसीने छुड़ा देता है. वह सवाल है- Where do you see yourself in 5 years? यानी- अगले 5 सालों में आप खुद को कहां देखते हैं? यह सुनते ही दिमाग में कई तरह के विचार आने लगते हैं. यह सवाल सिर्फ फ्यूचर गोल्स जानने के लिए नहीं, बल्कि आपकी मैच्योरिटी और स्टेबिलिटी को परखने के लिए पूछा जाता है.
ज्यादातर उम्मीदवार इस सवाल का कोई भी किताबी या रटा-रटाया जवाब दे देते हैं, जिससे बात बनने के बजाय बिगड़ जाती है. इंटरव्यूअर देखना चाहता है कि आपके पास करियर को लेकर कोई स्पष्ट नजरिया है या नहीं और क्या आप उनकी कंपनी के साथ लंबे समय तक टिकने का इरादा रखते हैं. अगर आप किसी बड़े इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं और इस सवाल का दमदार जवाब तैयार करना चाहते हैं तो 5 बेहद महत्वपूर्ण फैक्टर्स पर गौर करना होगा.
5 साल बाद आप कहां होंगे?.. कैसे दें इसका जवाब?
भविष्य में क्या है, यह कोई नहीं जानता. फिर भी ज्यादातर इंटरव्यू में यह सवाल जरूर पूछा जाता है. इसका जवाब देना अक्सर काफी ट्रिकी होता है. अगर आप भी इस सवाल में अटक रहे हैं तो जानिए जवाब देने का सबसे स्मार्ट तरीका.
1. रियलिस्टिक करियर गोल्स पर फोकस
जवाब देते समय हवा-हवाई बातें करने से बचें. ऐसा न कहें कि 5 साल में मैं इस कंपनी का सीईओ बन जाऊंगा. इसकी जगह बेहद प्रैक्टिकल तरीके से अपने गोल्स समझाएं. इंटरव्यूअर को बताएं कि आप आने वाले वर्षों में अपनी स्किल्स को कैसे अपग्रेड करना चाहते हैं और किस तरह की जिम्मेदारियां संभालने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं.
2. कंपनी के विजन से तालमेल
इंटरव्यूअर जानना चाहता है कि आपके पर्सनल गोल्स कंपनी के गोल्स से मैच करते हैं या नहीं. इसलिए इस सवाल का जवाब देने से पहले कंपनी के गोल्स और उनके बिजनेस मॉडल को अच्छे से समझ लें. आपका जवाब ऐसा होना चाहिए जिससे लगे कि जैसे-जैसे कंपनी आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे आपका भी डेवलपमेंट होगा. दोनों के गोल्स के बीच अलाइनमेंट होना जरूरी है.
3. स्टेबिलिटी और कमिटमेंट
कोई भी कंपनी ऐसे एम्प्लॉई को हायर नहीं करना चाहती जो 6 महीने या साल भर में नौकरी छोड़ दे. आपके जवाब से यह साफ झलकना चाहिए कि आप इस रोल में और इस कंपनी में अपना लंबा भविष्य देख रहे हैं. उन्हें भरोसा दिलाएं कि आप कंपनी के साथ वफादार रहकर अपनी ग्रोथ देखना चाहते हैं.
4. स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
करियर में आगे बढ़ने के लिए नई चीजें सीखना बहुत जरूरी है. अपने जवाब में यह जरूर जोड़ें कि अगले 5 सालों में आप इस इंडस्ट्री की नई टेक्नोलॉजी, टूल्स या मैनेजमेंट स्किल्स को मास्टर करना चाहते हैं. यह दिखाता है कि आप ‘लाइफ-लॉन्ग लर्नर’ हैं और नई चीजें सीखने से कतराते नहीं हैं.
5. आपके आने से कंपनी को क्या फायदा होगा
सिर्फ यह मत पूछिए कि कंपनी आपको क्या देगी, बल्कि यह भी साफ करें कि आप कंपनी को क्या दे सकते हैं. इस पेचीदा सवाल के जवाब में कहें कि 5 साल के अनुभव के बाद आप कंपनी के बड़े प्रोजेक्ट्स को लीड करने की स्थिति में होंगे. साथ ही टीम की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाएंगे.
कभी भी यह न कहें कि मैंने इस बारे में अभी कुछ सोचा नहीं है. ऐसा जवाब आपकी इमेज बिगाड़ सकता है. इसकी जगह अपनी बातचीत को पॉजिटिव, फोकस्ड और महत्वाकांक्षी बनाकर रखें!



