Upcoming IPO: जेब में तैयार रखिए पैसा, कमाई के 1-2 नहीं, मिलेंगे पूरे 7 मौके

नई दिल्ली. अगर आप आईपीओ में पैसा लगाने का इंतजार कर रहे हैं, तो इस हफ्ते आपके पास खूब मौके हैं. 20 जुलाई से शुरू होने वाला हफ्ते में आईपीओ की भरमार है. 7 कंपनियां प्राइमरी मार्केट से पैसा जुटाने उतर रही हैं. वहीं, 5 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट होंगी. यानी निवेशकों के लिए एक साथ कई नए मौके सामने आने वाले हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि जिन कंपनियों ने अब तक अपने इश्यू का प्राइस बैंड घोषित किया है, वे करीब 5,254 करोड़ रुपये जुटाएंगी. वहीं, इंडो एमआईएम और लोहिया कॉर्प ने अभी तक अपने प्राइस बैंड का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में कुल फंड जुटाने का आंकड़ा इससे भी बड़ा हो सकता है.
मेनबोर्ड सेगमेंट में सबसे पहले क्यूब हाईवेज ट्रस्ट का आईपीओ 22 जुलाई को खुलेगा और 24 जुलाई को बंद होगा. इसका प्राइस बैंड 151 से 152 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. कंपनी इस इश्यू के जरिए 5,000 करोड़ रुपये जुटा रही है. खास बात यह है कि यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है. यानी कंपनी के पास कोई नया पैसा नहीं आएगा, बल्कि पूरी रकम मौजूदा यूनिट होल्डर्स को मिलेगी.
23 जुलाई को खुलेंगे तीन और मेनबोर्ड आईपीओ
23 जुलाई को एक साथ तीन कंपनियां बाजार में उतरेंगी. इनमें इंडो एमआईएम, लोहिया कॉर्प और एक्स्ट्रानेट टेक्नोलॉजीज शामिल हैं. इन तीनों के आईपीओ 27 जुलाई तक खुले रहेंगे. आईटी सॉल्यूशन प्रोवाइडर एक्स्ट्रानेट टेक्नोलॉजीज 170 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. इसका प्राइस बैंड 120 से 127 रुपये प्रति शेयर रखा गया है. यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है. कंपनी इस रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, सिस्टम और हार्डवेयर खरीदने, वर्किंग कैपिटल और दूसरे कॉरपोरेट कामों में करेगी.
वहीं, बेंगलुरु की इंडो एमआईएम प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपोनेंट बनाती है. कंपनी का आईपीओ 500 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और 6.82 करोड़ शेयरों के ऑफर फॉर सेल का मिश्रण होगा. फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में खर्च किया जाएगा.
कानपुर की लोहिया कॉर्प टेक्निकल टेक्सटाइल मशीनरी बनाती है. इसका आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा. यानी इस इश्यू से कंपनी को कोई नया पैसा नहीं मिलेगा और पूरी राशि शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स के पास जाएगी.
एसएमई सेगमेंट में भी तीन आईपीओ
एसएमई प्लेटफॉर्म पर भी अगले हफ्ते तीन कंपनियां दस्तक देंगी. 20 जुलाई को गल्फ लॉयड्स इंडिया का 18.19 करोड़ रुपये का फिक्स्ड प्राइस आईपीओ खुलेगा. 21 जुलाई को मेटालिक टेक्नोफोर्ज 50 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आएगी. कंपनी इस रकम से नया मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी, मौजूदा प्लांट का विस्तार करेगी और कर्ज चुकाएगी. 22 जुलाई को श्री बालाजी माला टेक्सटाइल्स का 18.9 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलेगा. कंपनी इस रकम का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए करेगी.
इन आईपीओ पर भी रहेगी नजर
अगले हफ्ते कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स का 450 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 जुलाई को बंद होगा. अभी तक इसे 1.21 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है. वहीं, सोटेफिन भारत का एसएमई आईपीओ 20 जुलाई तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा.
5 कंपनियों की होगी शेयर बाजार में एंट्री
अगले हफ्ते 5 कंपनियों के शेयर भी शेयर बाजार में लिस्ट होंगे. 21 जुलाई को देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट की बाजार में एंट्री होगी. इसी दिन अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड और मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज भी लिस्ट होंगी. इसके बाद 23 जुलाई को सोटेफिन भारत और 24 जुलाई को कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स की लिस्टिंग होगी. ग्रे मार्केट की बात करें तो मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का प्रीमियम सबसे ज्यादा करीब 117 फीसदी चल रहा है. वहीं, कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स करीब 27 फीसदी और एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट करीब 16 फीसदी प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है. हालांकि, अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड को ग्रे मार्केट में अब तक ठंडा रिस्पॉन्स मिला है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले एक्सपर्ट से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.)



