सफर अब और भी ‘हाईटेक’, पाली रोडवेज के बेड़े में शामिल हुईं 3 चमचमाती बसें, जानें क्या है रूट

पाली. राजस्थान रोडवेज ने यात्रियों के सफर को और अधिक सुरक्षित व आरामदायक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत पाली डिपो के बेड़े में 3 नई BS-6 ‘ब्लू लाइन’ बसें शामिल की गई हैं. बालोतरा-जयपुर रूट पर शुरू हुई इन बसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर सीट पर पैनिक बटन और 24×7 सीसीटीवी कैमरों की सुविधा दी गई है. इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी स्क्रीन और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. ऐसे में इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
नई BS-6 बसों में यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है. हर सीट पर पैनिक बटन लगाया गया है. आपात स्थिति या किसी तरह की छेड़छाड़ होने पर यात्री इस बटन को दबाकर तुरंत मदद मांग सकते हैं. बस के भीतर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी. इसके अलावा बसों में जीपीएस, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), एलईडी डिस्प्ले और शिकायत बॉक्स की सुविधा भी दी गई है.
केंद्र सरकार के नए सुरक्षा मानकों के अनुसार तैयार
इन नई BS-6 बसों का निर्माण केंद्र सरकार के नए बस बॉडी कोड तथा AIS-52 और AIS-153 सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया है. इसका उद्देश्य हादसों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और आपात स्थिति में आधुनिक तकनीक के जरिए तुरंत सहायता उपलब्ध कराना है.
बालोतरा-जयपुर रूट पर शुरू हुआ संचालन
पाली डिपो में संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन के पूर्व उपाध्यक्ष जवानसिंह और इंटक के नारायणलाल ने तीनों नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. पाली डिपो के यातायात प्रबंधक महेंद्र अजमेरा ने बताया कि इन बसों का संचालन फिलहाल बालोतरा और जयपुर रूट पर शुरू कर दिया गया है.
जानिए बसों का समय
पाली से बालोतरा जाने वाली बस दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे बालोतरा पहुंचेगी. बालोतरा से पाली के लिए बस सुबह 10:00 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे पाली पहुंचेगी. जयपुर से पाली के लिए दिन की बस सुबह 7:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे पाली पहुंचेगी. वहीं नाइट बस जयपुर से रात 11:30 बजे रवाना होकर सुबह 5:30 बजे पाली पहुंचेगी.
यात्रियों को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
इन नई बसों में आगे और पीछे डिजिटल एलईडी रूट डिस्प्ले लगाया गया है. प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा दी गई है. बसों में फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, स्टॉप अनाउंसमेंट सिस्टम और चालक की बेहतर दृश्यता के लिए क्वार्टर ग्लास विंडो भी उपलब्ध कराई गई है.
प्रदेश के 23 डिपो में पहुंचीं नई बसें
राजस्थान रोडवेज ने नई बसों का वितरण प्रदेश के 23 डिपो में किया है. आबूरोड को 2, अनूपगढ़ 9, बारां 13, बाड़मेर 1, ब्यावर 2, बूंदी 11, चूरू 1, डूंगरपुर 5, हनुमानगढ़ 11, जैसलमेर 3, जोधपुर 7, केकड़ी 8, फलोदी 3, प्रतापगढ़ 2, सवाई माधोपुर 8, सीकर 11, कोटा 19, नागौर 3, पाली 3, श्रीमाधोपुर 7, टोंक 7, वैशालीनगर 5 और विद्याधरनगर 3 बसें उपलब्ध कराई गई हैं.



