बल्ला छोड़ा…माइक थामा और छा गया जोधपुर का अक्षय मुथा, ‘हसल 5’ के टॉप-15 में बनाई जगह

Last Updated:August 11, 2026, 13:03 IST
जोधपुर की गलियों से निकलकर अक्षय मुथा ने देश के बड़े रैप मंच तक अपनी पहचान बनाई है. ‘हसल 5’ के टॉप-15 में जगह बनाकर अक्षय ने न सिर्फ सूर्यनगरी का नाम रोशन किया, बल्कि अपनी मेहनत और हुनर से युवाओं के लिए नई मिसाल भी कायम की है. क्रिकेट के मैदान से शुरू हुआ उनका सफर अब माइक्रोफोन और रैप की दुनिया में नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है.
जोधपुर की गलियों से निकलकर देश के सबसे बड़े रैप रियलिटी शो ‘हसल 5’ के मंच तक पहुंचना अक्षय मुथा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी सूर्यनगरी के लिए गर्व का पल है. जोधपुर के रहने वाले अक्षय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर शो के टॉप-15 में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है. मुंबई, दिल्ली और पंजाब जैसे शहरों के मजबूत हिप-हॉप माहौल के बीच जोधपुर से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले अक्षय अब शहर के युवाओं के लिए नई पहचान बनकर उभरे हैं.
12वीं के बाद अक्षय ने अपने सपने को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया. पिछले करीब दो साल से वे मुंबई में रहकर फिल्म मेकिंग की पढ़ाई कर रहे हैं और इसी दौरान संगीत व रैप के अपने जुनून को भी आगे बढ़ाते रहे. मुंबई की गलियों में संघर्ष करते हुए उन्होंने अपने हुनर को लगातार निखारा. देशभर से आए लाखों प्रतिभागियों के बीच ‘हसल 5’ के टॉप-15 तक पहुंचना इसी मेहनत का परिणाम है. बादशाह की टीम और एमटीवी के मंच पर अक्षय की प्रस्तुति ने जोधपुर के युवाओं में भी नई उम्मीद जगाई है.
हसल 5 के मंच पर अक्षय की मौजूदगी जोधपुर के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि शहर से रैप की दुनिया में बहुत कम नाम राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं. 8 अगस्त से शो का प्रसारण शुरू हुआ और 9 अगस्त के एपिसोड में अक्षय ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान खींचा. कभी हाथ में बल्ला लेकर मैदान में उतरने वाला जोधपुर का यह बेटा आज माइक्रोफोन के साथ देश के बड़े मंच पर अपनी पहचान बना रहा है. अक्षय की कहानी बताती है कि सपने किसी बड़े शहर के मोहताज नहीं होते. जोधपुर की गलियों से शुरू हुआ उनका सफर अब देशभर के दर्शकों तक जा पहुंचा है.
Add as Preferred Source on Google
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 11, 2026, 13:03 IST



