‘रॉन्ग फुट’ से लेकर ‘ब्लेंडर’ तक, क्रिकेट की दुनिया के 5 गेंदबाज, जिनके अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन देख बैट्समैन ने पीट लिया माथा

होमखेलक्रिकेट
‘रॉन्ग फुट’ से ‘ब्लेंडर’ तक, 5 बॉलर, जिनके अजीब एक्शन देख बैटर्स ने पीटा माथा
Last Updated:August 20, 2026, 19:52 IST
top 5 bowlers unusual bowling actions: क्रिकेट में अक्सर खूबसूरत लय वाले गेंदबाजों की तारीफ होती है, लेकिन कुछ ऐसे भी रहे हैं जिनके अजीबोगरीब एक्शन ने कोचिंग की हर किताब को झुठला दिया. पॉल एडम्स के सिर झुकाने वाले ‘फ्रॉग इन ए ब्लेंडर’ एक्शन से लेकर मलिंगा के स्लिंगर और बुमराह की अबूझ रफ्तार तक, इन गेंदबाजों ने अपने अतरंगी अंदाज को ही सबसे बड़ा हथियार बनाया. जब-जब ये मैदान पर उतरे, बल्लेबाजों के लिए इनकी गेंदों को समझना एक पहेली बन गया.क्रिकेट जगत के 5 गेंदबाज जिनकी गेंदबाजी एक्शन को देख फैंस ने पकड़ लिया माथा.
नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में अक्सर दो तरह के खिलाड़ी मैदान पर राज करते हैं. पहले वो, जिनकी बल्लेबाजी या गेंदबाजी में एक स्वाभाविक लय और क्लासिकल खूबसूरती होती है जैसे सचिन तेंदुलकर का स्ट्रेट ड्राइव या वसीम अकरम और डेल स्टेन का स्मूथ बॉलिंग एक्शन. वहीं दूसरे वो खिलाड़ी होते हैं, जिनका खेलने का अंदाज क्रिकेट की किसी कोचिंग बुक में फिट नहीं बैठता. उनके एक्शन को देखकर पहली नजर में हंसी आ सकती है या हैरानी हो सकती है, लेकिन जब वही अजीब एक्शन बल्लेबाजों के स्टंप उखाड़ता है, तो पूरी दुनिया उनकी मुरीद हो जाती है.
क्रिकेट इतिहास में अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन वाले गेंदबाजों की एक लंबी और बेहद दिलचस्प दास्तान रही है. 90 के दशक में दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर पॉल एडम्स (Paul Adams) ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा, तो दुनिया दंग रह गई. छोटे रनअप के बाद गेंद फेंकते वक्त एडम्स का सिर आसमान की जगह जमीन की तरफ झुक जाता था और गर्दन में एक तेज झटका लगता था. इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज माइक गैटिंग (Mike Gatting) ने उनके इस अतरंगी एक्शन को ‘मिक्सर ग्राइंडर में फंसा मेंढक’ (Frog in a blender) करार दिया था. किसी को यकीन नहीं होता था कि बिना बल्लेबाज को ठीक से देखे कोई इतनी सटीक गेंद कैसे फेंक सकता है. एडम्स ने इसी जादुई अंदाज से 45 टेस्ट मैचों में 134 और 24 वनडे मैचों में 29 विकेट अपनी झोली में डाले. बाद में आईपीएल में गुजरात लायंस के शिविल कौशिक ने भी ठीक उसी तरह के सिर घुमाने वाले एक्शन से सबको चौंकाया.
क्रिकेट जगत के 5 गेंदबाज जिनकी गेंदबाजी एक्शन को देख फैंस ने पकड़ लिया माथा.
भारतीय गेंदबाज का एक्शन बना वर्ल्ड कप का लोगोअगर अनोखे एक्शन की खूबसूरती की बात करें, तो भारत के पूर्व तेज गेंदबाज देबाशीष मोहंती का नाम कोई नहीं भूल सकता. गेंद फेंकते वक्त उनके दोनों हाथों की मुद्रा इतनी आकर्षक और अलग थी कि 1999 के विश्व कप का आधिकारिक ग्राफिक लोगो उसी एक्शन से प्रेरित होकर बनाया गया था. मोहंती की स्विंग इतनी तीखी थी कि पाकिस्तान के धाकड़ ओपनर सईद अनवर भी उनके सामने बेबस नजर आते थे. एक टीवी शो में सचिन तेंदुलकर ने खुलासा किया था कि कनाडा में सहारा कप के दौरान अनवर ने उनसे पूछा था, ‘यार ये देबाशीष क्या चीज है? भागकर आता है और ऐसा एक्शन बनाता है जैसे मुझसे ही पूछ रहा हो कि बता कौन सी गेंद डालूं, और सच में मुझे समझ ही नहीं आता कि गेंद अंदर आएगी या बाहर.’ उस 5 मैचों की सीरीज के सभी मुकाबलों में मोहंती ने अनवर को पवेलियन भेजा था.
दुनिया का पहला तूफानी स्लिंगर जैफ थॉमसनतेज गेंदबाजी में इतिहास के पन्ने पलटें तो ऑस्ट्रेलिया के जैफ थॉमसन (Jeff Thomson) विश्व क्रिकेट के पहले असली ‘स्लिंगर’ माने जाते हैं. अपने झटकेदार एक्शन से थॉमो इतनी तेज गेंदें फेंकते थे कि विव रिचर्ड्स जैसे दिग्गज भी उन्हें अपने करियर का सबसे खूंखार गेंदबाज मानते थे. थॉमसन ने 51 टेस्ट में 200 और 50 वनडे में 55 बल्लेबाजों का शिकार किया.
‘स्लिंगा मलिंगा’ और टो-क्रशिंग यॉर्करमॉडर्न दौर में इसी स्लिंगिंग कला को एक नए मुकाम पर पहुंचाया श्रीलंका के लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) ने. पारंपरिक हाई-आर्म के बजाय मलिंगा का हाथ लगभग 90 डिग्री के कोण पर कंधे की सीध से गेंद फेंकता था. बल्लेबाज अक्सर उनकी गेंदों को साइटस्क्रीन के बाहर से आता महसूस करते थे. इसी ‘स्लिंगा मलिंगा’ एक्शन से निकली इनस्विंगिंग यॉर्कर ने इतिहास रचा. मलिंगा ने टेस्ट में 101, वनडे में 338 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 107 विकेट चटकाए. वे दुनिया के इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जिनके नाम सीमित ओवरों में पांच हैट्रिक और दो बार लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का करिश्मा दर्ज है.
जब ‘रॉन्ग फुट’ बना बल्लेबाजों की आफतपाकिस्तान के सोहेल तनवीर (Sohail Tanveer) का अंदाज भी कुछ कम निराला नहीं था. वे ‘रॉन्ग फुटेड’ गेंदबाज थे, यानी गेंद फेंकते वक्त उनका लैंडिंग पैर वो नहीं होता था जो आम बाएं हाथ के गेंदबाजों का होता है. हवा में तैरते पैरों के कारण पाकिस्तान में उन्हें ‘पंखा’ कहा जाने लगा. इसी एक्शन की बदौलत उन्होंने आईपीएल के पहले ही सीजन में राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाया और 22 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती. तनवीर ने वनडे में 71 और टी20 में 54 अंतरराष्ट्रीय विकेट अपने नाम किए.
रोबोटिक सटीकता और अबूझ एक्शन का संगम जसप्रीत बुमराहआज के दौर में इस फेहरिस्त का सबसे बड़ा और घातक नाम हैं भारत के जसप्रीत बुमराह. बुमराह का एक्शन ‘अजीब’ से ज्यादा ‘अनोखा और अबूझ’ है. सीधा दौड़ते हुए बहुत छोटे रनअप से हाइपर-एक्सटेंशन आर्म के साथ गेंद को बल्लेबाजों के बेहद करीब रिलीज करना उनकी सबसे बड़ी यूएसपी है. उनकी रिलीज पॉइंट आम गेंदबाजों से आगे होती है, जिससे बल्लेबाज को प्रतिक्रिया देने के लिए मिलीसेकंड्स का भी वक्त नहीं मिलता. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बुमराह ने सिर्फ 4.17 की इकोनॉमी और 8.26 के बेमिसाल औसत से 15 विकेट झटककर भारत को चैंपियन बनाया. रोबोटिक सटीकता के धनी बुमराह अब तक 36 टेस्ट में 159, 89 वनडे में 149 और 70 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 89 विकेट चटका चुके हैं.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 20, 2026, 19:52 IST



