हनी सिंह को पसंद आया यश का ‘रावण’ अवतार, तारीफ में पढ़े कसीदे, कहा- रणबीर भाई से ज्यादा अच्छे लगे

Last Updated:August 21, 2026, 09:19 IST
नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ में यश रावण के रोल में नजर आएंगे. अब मशहूर रैपर हनी सिंह ट्रेलर में रावण के किरदार से बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने यश की जमकर तारीफ की. हनी सिंह ने यश के लुक की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह फिल्म में रणबीर कपूर से भी ज्यादा दमदार नजर आ रहे हैं. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरादर में नजर आएंगे और इस दिवाली पहला पार्ट रिलीज के लिए तैयार है.
ख़बरें फटाफट
यश के रावण लुक पर फिदा हो गए हनी सिंह.
नई दिल्ली. मशहूर रैपर हनी सिंह नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर में यश का रावण वाला अवतार देखकर गदगद हो गए हैं. अपने इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान हनी सिंह ने फिल्म के ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी और रॉकिंग स्टार यश के लुक और एक्टिंग की जमकर तारीफ की. रैपर ने यश को शानदार बताते हुए कहा कि वह फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर से भी ज्यादा दमदार नजर आ रहे हैं.
फैंस से बात करते हुए हनी सिंह ने कहा, ‘यश भाई हमारे बेंगलुरु से हैं और फिल्म में रावण बने हैं. दोस्तों सच कहूं तो मैंने रामायण का ट्रेलर देखा है. मैं खुद श्रीराम का बहुत बड़ा भक्त हूं, मेरा रावण से कोई खास लेना-देना नहीं है लेकिन यश भाई क्या लग रहे हैं. मेरी व्यक्तिगत राय में वह मुझे रणबीर भाई से भी ज्यादा अच्छे लगे.’
हनी सिंह ने फिल्म को लेकर जाहिर की चिंता
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए हनी सिंह ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएगी. उन्होंने कहा, ‘मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि फिल्म बहुत बेहतरीन बने और किसी की सेंटिमेंट्स हर्ट न हों. बचपन से जिस पवित्रता के साथ हम रामायण और दिल्ली-करमपुरा की रामलीलाएं देखते आए हैं, यह फिल्म भी उतनी ही पावन रहे. इसमें किसी तरह की अनचाही छेड़छाड़ न की जाए, क्योंकि इससे हमारे बचपन के जज्बात जुड़े हैं.’
यश ने क्यों चुना ‘रामायण’ में रावण का रोल?
‘रामायण’ में रावण का रोल निभा रहे यश हाल ही में शो ‘आप की अदालत’ में पहुंचे थे. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने रावण जैसा निगेटिव रोल क्यों चुना, तो यश ने सहजता से कहा, ‘श्रीराम की अच्छाई और महानता को उभारने के लिए रावण की बुराई को भी उतनी ही मजबूती से दिखाना जरूरी है. और मुझसे बेहतर परदे पर बुराई कोई नहीं दिखा सकता.’ जब उनसे मजाक में पूछा गया कि क्या उन्होंने ऑनस्क्रीन बैड बॉय बनने की पूरी जिम्मेदारी ली है, तो यश ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘जब मैं कोई पॉजिटिव या अच्छा किरदार भी करूंगा, तब भी मुझसे बेहतर उसे कोई नहीं निभा पाएगा.’
दिवाली पर रिलीज होगा ‘रामायण’ का पहला पार्ट
बताते चलें कि डायरेक्टर नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी. इसका पहला पार्ट इसी साल 8 नवंबर 2026 को दुनियाभर के थिएटर्स में दस्तक देगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा. फिल्म में रणबीर कपूर और यश के अलावा साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह जैसे सितारे अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं. बताया जा रहा है कि दोनों फिल्मों का बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
August 21, 2026, 09:19 IST



