चीनियों से भरा जहाज आखिर गया कहां? बीच समंदर मिला लाइफबोट, लेकिन पूरा खाली, 22 लोगों का कोई सुराग नहीं

होमताजा खबरदेश
चीनियों से भरा जहाज आखिर गया कहां? बीच समंदर मिला लाइफबोट, लेकिन पूरा खाली
Last Updated:August 25, 2026, 19:39 IST
समंदर में डूबे एमवी ओशियन विनर जहाज को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है. इस जहाज पर 20 चीनी नागरिकों सहित 24 क्रू मेंबर सवार थे. इनमें से 2 लोगों को तो बचा लिया गया, लेकिन 22 अन्य का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. मंगलवार सुबह कोस्ट गार्ड को इस जहाज की एक लाइफबोट भी मिली, लेकिन उसके अंदर कोई नहीं था.समंदर में डूबे एमवी ओशियन विनर को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है.
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से करीब 240 नॉटिकल मील दूर गहरे समंदर में समाए जहाज एमवी ओशियन विनर को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है. इस जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 20 चीनी, 3 म्यांमार और 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे. इनमें से 2 लोगों को बचा लिया गया था, लेकिन बाकी 22 अन्य लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. उनकी तलाश के दौरान जहाज की एक लाइफबोट मिलने से उम्मीद जगी थी, लेकिन वह अंदर से बिल्कुल खाली निकली. इसके बावजूद रेस्क्यू एजेंसियों ने ऑपरेशन बंद नहीं किया है और समुद्र के बड़े हिस्से में लगातार तलाश जारी है. भारतीय तटरक्षक बल ने तलाशी और बचाव अभियान का दायरा बढ़ाते हुए समुद्र में मौजूद अतिरिक्त जहाजों और आसपास से गुजर रहे मर्चेंट वेसल्स को भी अभियान में शामिल किया है.
इमरजेंसी बीकन ने दिखाया रास्ता
लापता क्रू की तलाश के दौरान आईसीजीएस वराड लगातार समुद्री क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहा था. इसी बीच हवाई निगरानी कर रहे एक नौसैनिक विमान को एक डिस्टेस ट्रांसमिशन मिला. इसके बाद तलाशी के दौरान कोस्ट गार्ड के जहाज को एक इमरजेंसी बीकन मिला. जांच करने पर इसकी पहचान एमवी ओशियन विनर से जुड़े बीकन के तौर पर हुई. इसके बाद इलाके में तलाशी और तेज कर दी गई.
लाइफबोट मिली, लेकिन अंदर कोई नहीं
25 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे सर्च एरिया में इस डूबे जहाज की एक लाइफबोट दिखाई दी. कोस्ट गार्ड की बोर्डिंग टीम ने तुरंत लाइफबोट तक पहुंचकर उसकी जांच की. लेकिन जांच के बाद राहत की उम्मीद निराशा में बदल गई. लाइफबोट में कोई भी जीवित व्यक्ति नहीं मिला. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि लाइफबोट वहां तक कैसे पहुंची और लापता क्रू सदस्य उससे अलग क्यों थे.
बीजिंग से लगातार संपर्क
तलाशी और बचाव अभियान में जुटीं भारतीय एजेंसियां एमआरसीसी बीजिंग के साथ संपर्क में हैं. इसके अलावा भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त जहाजों को भी अभियान में लगाया जा रहा है. समुद्र में मौजूद दूसरे मर्चेंट जहाजों से भी लापता क्रू की तलाश में सहयोग लिया जा रहा है. इससे सर्च एरिया को कई दिशाओं में कवर करने की कोशिश की जा रही है.
समुद्र में जारी सर्च ऑपरेशन
दरअसल इस जहाज के संचालक विक्टरी स्टार ग्रुप ने तलाशी अभियान के लिए मदद मांगी थी. इसके बाद MRCC ने तुरंत अंतरराष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू नेटवर्क को सक्रिय किया और इलाके में मौजूद मर्चेंट जहाज MT AISOPOS को खोज और बचाव अभियान के लिए डायवर्ट किया. इस जहाज ने रात करीब 8 बजे दो अलग-अलग लाइफराफ्ट से दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया.
वहीं तलाशी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय तटरक्षक बल के जहाज वराड और अनमोल को तैनात किया गया, जबकि ICGS Vijit को भी श्री विजय पुरम से अभियान को और मजबूत करने के लिए रवाना किया गया. लाइफबोट और इमरजेंसी बीकन मिलने के बाद जांचकर्ताओं को कुछ अहम संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन लापता लोगों का पता लगाना अभी भी सबसे बड़ी चुनौती है. खराब समुद्री परिस्थितियों और विशाल सर्च एरिया के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं.
About the AuthorSaad Omar
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी Hindi (hindi..com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 25, 2026, 19:39 IST



