‘ज्यादा आवारापन का नतीजा’ तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचे अमाल मलिक, फिल्मी म्यूजिक से लिया ब्रेक

Last Updated:August 27, 2026, 21:31 IST
संगीतकार अमाल मलिक ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है, जिससे उनके फैंस परेशान हो गए हैं. उन्होंने फैंस को अपने हालात के बारे में अपडेट दिया और फिल्मी संगीत से ब्रेक लेने का ऐलान किया. वे फिल्म ‘आवारापन 2’ के गाने ‘ये आवारापन’ की सफलता का जश्न मना रहे थे, हालांकि उन्होंने पेड पीआर के जरिये उन्हें टारगेट करने का आरोप भी लगाया.
ख़बरें फटाफट
अमाल मलिक ने अस्पताल से तस्वीर शेयर की है. (फोटो साभार: Instagram@amaal_mallik)
नई दिल्ली: म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने कुछ समय के लिए फिल्मी संगीत से दूरी बना ली है. उन्होंने 27 अगस्त को एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें बताया कि वे अपनी सेहत पर ध्यान देना चाहते हैं, फिर ब्रेक के बाद संगीत में कमबैक करेंगे. उन्होंने अस्पताल से एक फोटो भी शेयर की, जिससे फैंस परेशान हो गए. यह ऐलान तब किया, जब कुछ हफ्ते पहले ही कंपोजर ने इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ के गाने ‘ये आवारापन’ की आलोचना पर बात की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि गाने के खिलाफ ‘पेड पीआर’ कैंपेन चलाया जा रहा था.
अमाल मलिक ने एक नोट शेयर करके बताया कि वह अगले साल तक फिल्मी संगीत से दूर रहेंगे. उन्होंने लिखा, ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं और इस बार मैं पूरी तरह से वही करूंगा जो मेरे लिए सबसे अच्छा है और जो मेरे दिल और सेहत के लिए जरूरी है. मुझे अपने मन, शरीर, आत्मा और पूरी तरह से ठीक होने के लिए ब्रेक की जरूरत है. मुझे उठना है, ठीक होना है और आप सभी प्यारे फैंस के लिए ढेर सारे सुरों के साथ जल्द ही कमबैक करना है.’
(फोटो साभार: Instagram@amaal_mallik)
अमाल मलिक के फैंस हुए परेशानअमाल ने साफ किया कि वे अगले साल तक कोई नया फिल्मी गाना कंपोज नहीं करेंगे और पुराने रिलीज न हुए फिल्मी गाने जल्द ही आएंगे. उन्होंने आगे कहा, ‘अगले साल तक कोई फिल्मी संगीत नहीं, पुराने अटके फिल्मी गाने जल्द ही रिलीज होंगे. ये कम बजट वाली अच्छी नीयत वाली फिल्में हैं और ऐसे लोगों को आसानी से स्क्रीन नहीं मिलता, इसलिए उन प्रोजेक्ट्स के भविष्य के बारे में पता नहीं. प्लीज, आपसे गुजारिश है कि मुझे और परेशान न करें. जैसे ही मुझे पता चलेगा, मैं अपडेट दूंगा.’ अमाल ने आखिर में लिखा, ‘म्यूजिक से सिनेमा तक का सफर मुझे बहुत दूर ले आया है. अब मैं म्यूजिक की तरफ वापस चलने लगा हूं. अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा, फिलहाल के लिए अलविदा.’ अमाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर हॉस्पिटल से एक फोटो शेयर की, जिससे फैंस परेशान हो गए. फोटो में अमाल मलिक हॉस्पिटल के बिस्तर पर लेटे हुए दिख रहे हैं. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘बहुत ज्यादा ‘आवारापन’ का नतीजा यही होता है.’
‘ये आवारापन’ गाने की सफलता का मनाया जश्नअमाल ने अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में ‘ये आवारापन’ गाने की सफलता का जश्न मनाया और पिछले कुछ हफ्तों में गाने को मिली आलोचना पर भी बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके म्यूजिक को टारगेट करने के लिए ‘पेड पीआर’ कैंपेन चलाया गया था, लेकिन कहा कि नंबर्स, स्ट्रीमिंग के आंकड़ों या इंडस्ट्री की पॉलिटिक्स से ज्यादा असली दर्शकों का प्यार मायने रखता है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मेरे गाने के आस-पास जिस तरह का ‘पेड पीआर’ हुआ, वह साफ दिख रहा था. इससे मुझे गुस्सा आया, मैं परेशान और बेचैन हो गया. यह मेरे लिए सबसे मुश्किल दौर रहा है और लोगों को मुझे और मेरे म्यूजिक को नीचे गिराने की कोशिश करते देखकर मुझे एहसास होता है कि मेरी मेलोडी ने उनकी रूह को कितना परेशान किया होगा.’ ‘आवारापन 2’ का यह गाना अरिजीत सिंह ने गाया था, जिन्होंने इस साल जनवरी में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की थी.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 27, 2026, 21:31 IST



