Kota News: दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी, 96 हजार की वसूली का आरोप, हनीट्रैप केस में युवती गिरफ्तार

Last Updated:August 29, 2026, 07:51 IST
Kota Honey Trap Case: कोटा पुलिस ने हनीट्रैप और अपहरण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए की इनामी युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक चेतना उर्फ गुनगुन कोटड़ी की रहने वाली है और वारदात के बाद से लगातार फरार चल रही थी. आरोप है कि लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़ित को पेट्रोल पंप पर बुलाया गया था. इसके बाद युवती उसकी कार में बैठी और रास्ते में कथित साथियों ने कार रुकवा ली. आरोपियों ने मारपीट और चाकू की धमकी देकर पीड़ित को बंधक बनाया तथा झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. पुलिस का दावा है कि पीड़ित से अंता और बारां में दो एटीएम के जरिए 96 हजार रुपए निकलवाए गए. विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी युवती को गिरफ्तार किया.
ख़बरें फटाफट
कोटा पुलिस ने हनी ट्रैप केस में इनामी महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
कोटा. अनंतपुरा थाना पुलिस ने अपहरण और कथित हनीट्रैप से जुड़े मामले में फरार चल रही 5 हजार रुपए की इनामी युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी चेतना उर्फ गुनगुन कोटड़ी निवासी है और घटना के बाद से फरार चल रही थी. पुलिस ने उसे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. यह कार्रवाई एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई.
पुलिस के मुताबिक, 3 मई 2026 को एक व्यक्ति ने अनंतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात युवती ने मैसेंजर के जरिए उससे संपर्क किया और लोन दिलाने की बात कही. इसके बाद उसे इंडियन पेट्रोल पंप पर बुलाया गया. युवती कागजात दिखाने के बहाने उसकी स्विफ्ट कार में बैठ गई और उसे झालावाड़ रोड की तरफ ले जाने लगी. रास्ते में युवती के कथित अन्य साथी मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे और कार को रुकवा लिया. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर धमकाया.
दो एटीएम से जबरन निकलवाए 96 हजार रुपए
पीड़ित को बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगी. इसके बाद आरोपियों ने उसे उसकी ही कार में बैठाकर अंता और बारां की ओर ले गए.आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर दो अलग-अलग बैंक के एटीएम से कुल 96 हजार रुपए निकलवाए और रकम अपने कब्जे में ले ली. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर अनंतपुरा थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
घटना के बाद से फरार थी आरोपी युवती
मामले में चेतना उर्फ गुनगुन घटना के बाद से फरार चल रही थी. उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई. लगातार निगरानी और दबिश के बाद पुलिस को उसके बारे में सूचना मिली. इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई थाना अनंतपुरा के थानाधिकारी महेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की. पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंFirst Published :
August 29, 2026, 07:51 IST



