पाली निकाय चुनाव में टिकट की दौड़ तेज, 516 दावेदारों ने लिए फॉर्म सिर्फ 13 ने भरा नामांकन

Last Updated:August 29, 2026, 13:45 IST
Pali Nagar Nigam Election: पाली में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार नगर निगम कार्यालय की हेल्प डेस्क से नामांकन पत्र लेने पहुंच रहे हैं. अब तक विभिन्न वार्डों से 516 दावेदार फॉर्म ले चुके हैं, जबकि केवल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है. प्रमुख दलों में कई वार्डों के टिकट पर फैसला बाकी है. ऐसे में दावेदार नेताओं से संपर्क कर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं.
ख़बरें फटाफट
पाली में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई
पाली। नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है. चुनावी मैदान में उतरने के इच्छुक संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है. नगर निगम कार्यालय में बनाए गए हेल्प डेस्क पर नामांकन पत्र लेने के लिए बड़ी संख्या में दावेदार पहुंच रहे हैं. अब तक नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से 516 दावेदार नामांकन पत्र ले चुके हैं, जबकि इनमें से अभी तक महज 13 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है.
नामांकन पत्र लेने वालों की बढ़ती संख्या ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है. खास बात यह है कि प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से अभी तक कई वार्डों में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर नहीं लग पाई है. ऐसे में टिकट की उम्मीद लगाए बैठे संभावित दावेदारों में असमंजस और बेचैनी का माहौल बना हुआ है. कई दावेदार लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के संपर्क में हैं और अपनी उम्मीदवारी मजबूत करने के प्रयास में जुटे हुए हैं.
चुनावी समीकरणों में बदलाव की संभावना बनीटिकट वितरण को लेकर राजनीतिक दलों के भीतर भी बैठकों और विचार-विमर्श का दौर जारी है. एक ओर जहां संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टियां जीत की संभावनाओं स्थानीय समीकरणों और दावेदारों की राजनीतिक पकड़ को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों के चयन की कवायद कर रही हैं. नामांकन पत्र लेने वाले 516 दावेदारों में से कितने चुनावी मैदान में उतरते हैं, यह तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. वहीं, नामांकन दाखिल होने के बाद भी चुनावी समीकरणों में बदलाव की संभावना बनी रहेगी. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने तक कई वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या और मुकाबले की स्थिति बदल सकती है.
फिलहाल सबसे ज्यादा नजर राजनीतिक दलों की ओर से जारी होने वाली प्रत्याशियों की सूची पर टिकी हुई है. संभावित दावेदारों को अपने टिकट का इंतजार है और पार्टी की ओर से नाम घोषित नहीं होने के कारण उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने की रफ्तार बढ़ने के साथ ही पाली नगर निगम चुनाव की तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंFirst Published :
August 29, 2026, 13:45 IST



