राजस्थान निकाय चुनाव में ओवैसी की एंट्री, बेनीवाल संग बनाएंगे नया समीकरण

Rajasthan Nikay Chunav Live: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज अजमेर, बीकानेर और जोधपुर में मेगा रोड शो करेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 10:25 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद अजमेर में प्लाजा सिनेमा से पड़ाव तक रोड शो करेंगे. दोपहर में बीकानेर के गोकुल चौक और शाम को जोधपुर के जालोरी गेट से रोड शो शुरू होगा. मुख्यमंत्री संगठनात्मक बैठकें भी लेंगे और रात 9 बजे तक जयपुर लौटने का कार्यक्रम है. वहीं सिरोही में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थानीय मुद्दों और विकास की ठोस कार्ययोजना को लेकर सवाल उठे. सिरोही में नेताओं से स्थानीय विजन और शहर के विकास को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सके.
September 6, 202622:17 IST
दौसा में चोरी के शक में युवक को पकड़कर बांधा
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र की बंजारा ढाणी में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे बांधकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और थाने लेकर गई. युवक अपना नाम और घर का पता बताने में असमर्थ नजर आ रहा है. उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा उसे अपना घर आश्रम भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
September 6, 202620:56 IST
नाथद्वारा के वार्ड 23 में हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद नया मोड़
राजसमंद के नाथद्वारा निकाय चुनाव में वार्ड 23 के भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रजापत को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आया है. दिनेश ने कांग्रेस उम्मीदवार अजय गुर्जर को सहयोग करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से पांच फॉर्म भरवाए गए थे और उन्होंने केवल साइन किए. वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कांग्रेस पर दिनेश को बरगलाने और प्रलोभन देने के आरोप लगाए हैं.
September 6, 202619:56 IST
CM के हस्तक्षेप के बाद BJP में दिखी एकजुटता
टोंक के सोनवा में बीजेपी की एकजुटता की तस्वीर देखने को मिली. सीएम के हस्तक्षेप के बाद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, अजित सिंह मेहता और लक्ष्मी जैन एक मंच पर पहुंचे. तीनों नेताओं ने वार्ड 3 से बीजेपी प्रत्याशी प्रहलाद सिंह के समर्थन में सभा को संबोधित किया और लोगों से समर्थन की अपील की. नेताओं ने मंच से एक-दूसरे का नाम लेकर बीजेपी की एकजुटता का संदेश दिया.
September 6, 202619:37 IST
बूंदी में अचानक बदला मौसम
बूंदी शहर में रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली. बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और शहरवासियों ने राहत की सांस ली. वहीं, खेतों में खड़ी फसलों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद मानी जा रही है. किसानों ने बारिश को फसलों के लिए अमृत बताया.
September 6, 202618:37 IST
नहर में एक बच्चे को बचाने उतरे तो तीनों डूब गए
हनुमानगढ़ के रावतसर में कुंभाराम आर्य लिफ्ट नहर में दर्दनाक हादसा हो गया. भेड़ चराते समय एक बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन बच्चे नहर में डूब गए. हादसे में 17 वर्षीय बजरंग, 14 वर्षीय सुनील और 15 वर्षीय कौर पाल की मौत हो गई. मृतकों में बजरंग और कौर पाल सगे भाई हैं. ग्रामीणों ने 14 वर्षीय रामचंद्र को बचा लिया. रावतसर पुलिस जांच कर रही है.
September 6, 202618:08 IST
दिनदहाड़े सूने मकान में लाखों की चोरी
पाली के सोजत सिटी थाना क्षेत्र के बागेलाव की पाल बेरा धोलीवाड़ी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है. मकान मालिक धनाराम माली रिश्तेदारी में गए हुए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर नकदी और लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए. घटना के बाद CCTV फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध नजर आए. सोजत सिटी पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है.
September 6, 202617:31 IST
टोंक में चुनाव से पहले BJP प्रत्याशी का छलका दर्द
टोंक के तख्ता इलाके में बीजेपी प्रत्याशी बीना जैन ने चुनाव प्रचार के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की. उन्होंने आरोप लगाया कि जमादार पार्षद की बात भी नहीं सुनता और अपनी मर्जी से काम करने की बात कहता है. बीना जैन ने मतदाताओं से बीजेपी का बोर्ड बनाने की अपील करते हुए वार्ड को नंबर वन बनाने का दावा किया. उन्होंने कहा कि काम नहीं करने पर मतदाता उनसे जवाब मांगें.
September 6, 202616:32 IST
ट्रेलर-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौके पर मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर लगाया जाम
प्रतापगढ़ में पीपलखूंट थाना क्षेत्र के कूड़ा पाड़ा में पाइप से भरे ट्रेलर और बाइक की भिड़ंत में गामदा निवासी रामचंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना पर थाना अधिकारी मनीष वैष्णव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ट्रेलर को पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से समझाइश का दौर जारी है.
September 6, 202615:56 IST
झालावाड़ में निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला फ्लैग मार्च
झालावाड़ में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है. चुनाव के मद्देनजर डीएसपी हर्षराज सिंह के नेतृत्व में झालावाड़ और झालरापाटन शहर में पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान पुलिस जवान कदमताल करते हुए दोनों शहरों की प्रमुख सड़कों से गुजरे और आमजन से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की. फ्लैग मार्च में आधा दर्जन एसएचओ सहित करीब 125 पुलिस जवान शामिल रहे पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने का संदेश दिया.
September 6, 202615:25 IST
धौलपुर: पार्वती बांध के 4 गेट खोले, 6692 क्यूसेक पानी की निकासी
धौलपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच पार्वती बांध में पानी की आवक बढ़ने पर रविवार को दो और गेट खोल दिए गए। शनिवार को बांध के दो गेट खोले गए थे, जिसके बाद अब कुल चारों गेट 3-3 फीट की ऊंचाई तक खोल दिए गए हैं। बांध से फिलहाल 6692 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। पार्वती बांध का फुल रिजर्वायर लेवल (FRL) 223.41 मीटर निर्धारित है, जबकि वर्तमान जलस्तर 223.05 मीटर दर्ज किया गया है। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के चलते पानी की आवक जारी है। इसे देखते हुए निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन व पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
September 6, 202614:52 IST
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, समलेटी गांव में कई घर जलमग्न
दौसा जिले के महवा क्षेत्र में भारी बारिश के बाद समलेटी गांव के धुंधी का पूरा इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई है. पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नेशनल हाईवे-21 से सटे कई घरों में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पिछले 24 घंटे में महवा क्षेत्र में सवा चार इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि दौसा जिला मुख्यालय पर भी करीब 4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। भारी बारिश के बाद गांव में कई घर पानी से घिरे नजर आ रहे हैं और लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है.
September 6, 202614:18 IST
जयपुर में ओवैसी- बेनीवाल की संयुक्त जनसभा, AIMIM प्रत्याशियों के लिए करेंगे प्रचार
जयपुर नगर निगम चुनाव के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी आज जयपुर पहुंचेंगे. ओवैसी हैदराबाद से इंडिगो की फ्लाइट से जयपुर आ रहे हैं और कुछ देर में जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे शास्त्री नगर की 90 फीट रोड पर वार्ड नंबर 146 में जनसभा को संबोधित करेंगे. ओवैसी जयपुर नगर निगम चुनाव में AIMIM प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे. इस दौरान RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल भी उनके साथ संयुक्त जनसभा करेंगे. निकाय चुनाव के बीच ओवैसी और बेनीवाल की इस संयुक्त सभा को दोनों दलों की सियासी ताकत के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.
September 6, 202614:02 IST
अजमेर में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो, बोले- राजस्थान को ट्रिपल इंजन की सरकार से आगे बढ़ाएंगे
सीएम भजनलाल शर्मा ने अजमेर में रोड शो के दौरान कहा कि राजस्थान लगातार तरक्की की ओर अग्रसर है और सरकार पिछले ढाई साल के बजट का लगातार इम्प्लीमेंटेशन कर रही है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जनता को लूटने और युवाओं के पेपर लीक करने का काम किया, जबकि उनकी सरकार ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजने का काम किया है. शर्मा ने कहा कि अजमेर की जनता ने रोड शो के दौरान अपार उत्साह और समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि राजस्थान के साथ अजमेर को भी विकास की राह पर आगे बढ़ाना है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार 1 लाख 89 हजार नौकरियां देने का काम कर चुकी है और आगे भी रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा.
September 6, 202613:46 IST
मॉर्निंग वॉक के बहाने बाइक पर निकले सिकराय विधायक, वार्डों में किया जनसंपर्क
दौसा के सिकराय में पहली बार होने जा रहे नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच सिकराय विधायक विक्रम बंसीवाल ने चुनाव प्रचार का अलग अंदाज अपनाते हुए मॉर्निंग वॉक के बहाने बाइक पर सवार होकर वार्ड 12, 13, 14 और 15 में जनसंपर्क किया. विधायक ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए ढाणियों में बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. ग्रामीणों के बीच बैठकर हुक्के की गुड़गुड़ाहट के बीच जनसंवाद किया और स्थानीय समस्याएं सुनी. विधायक का यह देसी अंदाज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. बंसीवाल ने सिकराय में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा करते हुए कांग्रेस नेता ममता भूपेश पर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिकराय क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जाने का दावा किया.
September 6, 202613:11 IST
राजेंद्र राठौड़ का गहलोत-डोटासरा पर पलटवार, बोले- काका को याद रखें
भाजपा मुख्यालय में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार किया. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सरकार से ढाई साल के कामकाज का हिसाब मांगने पर कहा कि गहलोत शायद भूल गए हैं कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधानसभा में सरकार के ढाई साल का ब्यौरा पेश कर चुके हैं. राठौड़ ने कहा कि जब विधानसभा में इस पर बहस हो रही थी, तब कांग्रेस सदन छोड़कर चली गई थी. स्थानीय निकाय चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा की सोच ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ के विजन के साथ चुनाव कराने की है. इससे बार-बार आचार संहिता लगने और अनावश्यक खर्च से बचा जा सकेगा. गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर राठौड़ ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ‘काका’ के रूप में याद रखना चाहिए. राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में काम हो रहा है.
September 6, 202613:09 IST
अजमेर में CM भजनलाल का रोड शो शुरू, BJP नेताओं ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अजमेर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया. मुख्यमंत्री प्लाजा सिनेमा से गांधी भवन तक निकाय चुनाव के लिए रोड शो कर रहे हैं. प्लाजा सिनेमा पहुंचने पर भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी, मोहन लाल गुप्ता, विधायक अनीता भदेल और मंत्री सुरेश रावत समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. मंत्री सुरेश रावत ने मुख्यमंत्री का राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत किया. रोड शो के लिए समस्त पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्लाजा सिनेमा पर जुटे. मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए रोड शो मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर भी तैयारियां की गई हैं. कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. मुख्यमंत्री का रोड शो शुरू हो चुका है और कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने में जुटे हैं.
September 6, 202612:26 IST
सिकराय में विधायक विक्रम बंसीवाल का देसी अंदाज, बाइक पर किया जनसंपर्क
दौसा के सिकराय में पहली बार होने जा रहे नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए विधायक विक्रम बंसीवाल अलग अंदाज में चुनाव प्रचार करते नजर आए. विधायक मॉर्निंग वॉक के बहाने बाइक पर सवार होकर वार्डों में पहुंचे और वार्ड 12, 13, 14 और 15 में लोगों से जनसंपर्क किया. इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की. ढाणियों में पहुंचे विधायक ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. ग्रामीणों के बीच बैठकर हुक्के की गुड़गुड़ाहट के बीच स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. विधायक का यह देसी अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. विक्रम बंसीवाल ने सिकराय में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया. उन्होंने पूर्व मंत्री ममता भूपेश पर भी निशाना साधा और भाजपा सरकार में सिकराय क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराने का दावा किया.
September 6, 202612:11 IST
अजमेर में CM के रोड शो से पहले तलवार लेकर पहुंचा कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अजमेर दौरे को लेकर रविवार को प्लाजा सिनेमा पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे. मुख्यमंत्री यहां से गांधी भवन तक रोड शो निकालेंगे. रोड शो से पहले मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता अपने साथ तलवार लेकर मंच तक पहुंच गया. तलवार की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ता को तलवार के साथ आगे जाने की अनुमति नहीं दी. पुलिस ने तलवार को लेकर सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए कार्यकर्ता को वापस रवाना कर दिया. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्लाजा सिनेमा से लेकर रोड शो के पूरे मार्ग पर पुलिस का कड़ा पहरा है. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.
September 6, 202612:10 IST
अजमेर में CM भजनलाल का रोड शो आज, प्लाजा सिनेमा पर जुटे BJP कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर दौरे पर हैं. उनके रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री प्लाजा सिनेमा से गांधी भवन तक रोड शो निकालेंगे. कार्यक्रम से पहले प्लाजा सिनेमा पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी पहुंच चुके हैं. मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पूरे मार्ग पर तैयारियां की गई हैं. आयोजन में भाजपा के संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी समेत पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी भी मौजूद हैं. कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. रोड शो के मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही है. मुख्यमंत्री के रोड शो को आगामी नगरीय निकाय चुनाव के लिहाज से भी भाजपा के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है.
September 6, 202611:29 IST
जयपुर में ओवैसी की हुंकार, बेनीवाल संग निकाय चुनाव में नया सियासी दांव
राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनाव में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री होने जा रही है. ओवैसी आज जयपुर पहुंचेंगे और नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान में शामिल होंगे. वे दोपहर करीब 1 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और करीब 1:30 बजे एयरपोर्ट से बाहर आने का कार्यक्रम है. इसके बाद शाम 6 बजे शास्त्री नगर क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे. एआईएमआईएम की ओर से इस निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया गया है. खास बात यह है कि ओवैसी के साथ नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भी जनसभा में मौजूद रहने की संभावना है. दोनों नेताओं के साथ आने से जयपुर निकाय चुनाव में नया राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है. ओवैसी की एंट्री से बीजेपी और कांग्रेस के सामने मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं.



