How to Make Rajasthani Tomato Chutney | Mewari Tomato Chutney Recipe | राजस्थानी टमाटर की चटनी कैसे बनाएं | मेवाड़ी टमाटर चटनी रेसिसी |

Last Updated:September 08, 2026, 07:42 IST
Rajasthani Style Tomato Chutney Recipe: राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में देसी व्यंजनों के साथ चटपटी टमाटर की चटनी खूब पसंद की जाती है. भीलवाड़ा में घर पर तैयार होने वाली इस चटनी की खासियत इसका देसी स्वाद और आसान रेसिपी है. इसे बनाने में ज्यादा सामग्री या समय की जरूरत नहीं पड़ती. पके टमाटर के साथ हरी मिर्च, लहसुन, नमक और लाल मिर्च को पकाकर पीसा जाता है, जबकि जीरे का तड़का इसके स्वाद को और खास बना देता है. करीब 5 मिनट में तैयार होने वाली यह चटनी रोज के खाने में नया स्वाद जोड़ सकती है. अचानक मेहमान आने पर भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है. रोटी, पराठे, दाल-बाटी और चावल के साथ इसका स्वाद खास तौर पर अच्छा लगता है.
भीलवाड़ा. राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में खान-पान की अपनी अलग पहचान है. यहां घरों में बनने वाले देसी व्यंजनों का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. इन्हीं पारंपरिक स्वादों में शामिल है देसी टमाटर की चटनी हैं। टमाटर का इस्तेमाल आमतौर पर सब्जियों का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है लेकिन मेवाड़ क्षेत्र में इससे बनने वाली चटनी खाने के साथ खास तौर पर परोसी जाती है. अगर खाने के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट मिल जाए तो भोजन का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
टमाटर की यह देसी चटनी इसी स्वाद को पूरा करती है. सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत होती है और न ही लंबे समय तक रसोई में खड़े रहने की. घर में मौजूद कुछ सामान्य मसालों और ताजे टमाटरों की मदद से यह चटनी महज 5 मिनट में तैयार की जा सकती है. यह चटनी खट्टी मीठी होने के साथ स्वाद में लाजवाब होती है.
राजस्थानी टमाटर चटनी के लिए इन सामाग्रियों की पड़ेगी जरूरत
भीलवाड़ा शहर के आर के कॉलोनी के रहने वाली मंजू देवी ने बताया कि कम समय में बजाने वाली यह चटनी सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले और स्कूल जाने वाले या बिजी लाइफ स्टाइल वाले लोगों के लिए एकदम परफेक्ट है. घर में अचानक मेहमान आ जाएं या रोज के खाने में कुछ नया स्वाद जोड़ना हो तो यह आसान राजस्थानी टमाटर की चटनी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इस चटनी को बनाने के लिए 2 से 3 पके हुए टमाटर, हरी मिर्च, लहसुन की कुछ कलियां, नमक और लाल मिर्च की जरूरत होती है। स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा जीरा और धनिया भी डाला जा सकता है. सामग्री की मात्रा स्वाद और जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा की जा सकती है.
ऐसे बनाएं राजस्थानी स्टाइल टमाटर की चटनी
सबसे पहले टमाटरों को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद हरी मिर्च और लहसुन को भी तैयार कर लें. अब एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और ऊपर से नमक व लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें. टमाटर को कुछ मिनट तक पकने दें, जब तक वे नरम न हो जाए. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद इसे सिल-बट्टे, मिक्सर या चम्मच की मदद से अच्छी तरह पीस लें. तैयार चटनी को एक कटोरी में निकालकर ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डाल सकते हैं. राजस्थानी देसी टमाटर की यह चटनी रोटी, पराठे, दाल-बाटी, चावल या किसी भी साधारण भोजन के साथ परोसी जा सकती है. इसकी खासियत इसका खट्टा, तीखा और देसी स्वाद है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Rajasthan
First Published :
September 08, 2026, 07:42 IST



