Duleep Trophy final: साउथ जोन के लिए अकेले लड़ रहे हैं तिलक वर्मा, 1 रन से चूके शतक, दो महीने में पहली बार हुए आउट

होमखेलक्रिकेट
साउथ के लिए अकेले लड़ते रहे तिलक, 1 रन से शतक चूके, 2 महीने में पहली बार आउट
Last Updated:September 09, 2026, 12:23 IST
दलीप ट्रॉपी के फाइनल में ईस्ट जोन के खिलाफ साउथ जोन की पारी 336 रनों पर सिमट गई. साउथ जोन के लिए बल्लेबाजी में तिलक वर्मा अकेले ईस्ट के गेंदबाजों से लड़ते रहे. इस दौरान वह सिर्फ 1 रन से अपना शतक चूके. सिर्फ इतना ही नहीं, तिलक दो महीने बाद किसी भी फॉर्मेट में आउट हुए हैं. वहीं, ईस्ट जोन ने पहली पारी में 372 रनों की बढ़त हासिल की.तिलक वर्मा 99 रन पर हुए आउट
नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा सिर्फ 1 रन से अपना शतक चूक गए. ईस्ट जोन के खिलाफ मुकाबले में तिलक 211 गेंदों पर 99 रन बनाकर आउट हुए. तिलक अगर अपनी सेंचुरी पूरी कर लेते, तो तीन पारियों में उनका यह दूसरा शतक होता. तिलक ने सेमीफाइनल में भी साउथ जोन के लिए शतक लगाया था. सिर्फ इतना ही नहीं, तिलक वर्मा किसी भी फॉर्मेट में दो महीने बाद आउट हुए हैं. इससे पहले वह अपनी हर पारी में नाबाद लौटते थे.
तिलक वर्मा की इस संघर्षपूर्ण पारी की बदौलत साउथ जोन की टीम अपनी पहली पारी में 336 रन तक पहुंच पाई. इस तरह ईस्ट जोन को पहली पारी में 372 रनों की बढ़त हासिल हुई. साउथ जोन की तरफ से तिलक के अलावा देवदत्त पडिक्कल ने भी 62 रनों की पारी खेली. इसके अलावा, चामा मिलिंद ने भी 43 रनों का योगदान दिया. इन तीन के अलावा साउथ जोन की तरफ से और कोई भी बल्लेबाज प्रभावी नहीं रहा. यही कारण है कि साउथ जोन की पारी में एक भी छक्का नहीं लग पाया.
ईस्ट जोन की गेंदबाजी रही दमदार
साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन की गेंदबाजी जबरदस्त रही. ईस्ट जोन की तरफ से पारी में मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद कौनाइन कुरैशी और शिखर मोहन ने 2-2 विकेट लिए. फ्लैट पिच पर ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने साउथ जोन से बेहतर गेंदबाजी का प्रदर्शन किया.
ईस्ट जोन के लिए बल्लेबाजी में छा गए ईशान
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन बल्लेबाजी में छाए रहे. ईशान ने टीम के लिए पहली पारी में 270 रनों की विशाल पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 334 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौके और 7 छक्के भी लगाए. ईशान के अलावा टीम के लिए कुमार कुशाग्र ने भी 101 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अभिमन्यु ईश्वनरन ने 72 और शिखर मोहन ने 82 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा निचलेक्रम में अनुकूल रॉय ने 45 और कौनाइन कुरैशी ने भी 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 09, 2026, 12:23 IST



