Rajasthan

री-पोलिंग से बदला गणित, 25 सितंबर को 3 निगमों में महापौर और सुकेत में अध्यक्ष का चुनाव

जयपुर. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद अब जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के महापौर और कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष पद की तस्वीर 25 सितंबर को साफ होगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने इन चारों निकायों में प्रमुख पदों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है. ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण कुछ वार्डों के बूथ पर मतदान प्रभावित होने के बाद 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया गया था और 17 सितंबर को इनके परिणाम जारी किए गए. इसके बाद इन निकायों में प्रमुख पदों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. 18 सितंबर को महापौर और अध्यक्ष पद के लिए लोक सूचना जारी होगी, जबकि 19 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे.

21 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 22 सितंबर को नाम वापसी होगी. 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा और मतदान खत्म होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. री-पोलिंग के परिणामों से चारों निकायों के राजनीतिक समीकरण भी बदले हैं. जयपुर के चारों री-पोलिंग वाले वार्ड कांग्रेस के खाते में गए हैं, जबकि जोधपुर में भाजपा ने एक सीट बढ़ाई है. कोटा में तीन में से दो सीट भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में गई है. सुकेत में कांग्रेस ने एक सीट बढ़ाकर अपनी संख्या 11 कर ली है. अब सभी की नजरें 25 सितंबर के प्रमुख पदों के चुनाव पर हैं.

19 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार महापौर और अध्यक्ष पद के लिए आज लोक सूचना जारी कर दी गई है. उम्मीदवार 19 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी. 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ली जा सकेगी. नाम वापसी का समय पूरा होते ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा. 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महापौर और अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे. इस चुनाव में जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के महापौर के साथ सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष का चुनाव भी शामिल है.

जयपुर में कांग्रेस ने चारों री-पोलिंग वार्ड जीते

री-पोलिंग के बाद जयपुर नगर निगम के समीकरण में कांग्रेस की सीटें बढ़ी हैं. चार वार्डों में हुए पुनर्मतदान में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया. वार्ड 9 से कांग्रेस की कैलाशी देवी 764 वोटों से जीतीं. वार्ड 18 से वंदिता शर्मा ने 181 वोटों से जीत दर्ज की. वार्ड 25 से रेखा देवी 397 वोटों से और वार्ड 34 से सुरेश यादव 149 वोटों से विजयी हुए. इन चार वार्डों के पांच बूथ पर पुनर्मतदान कराया गया था. इसके बाद 150 वार्ड वाले जयपुर नगर निगम में कांग्रेस की सीटें 53 से बढ़कर 57 हो गई हैं. भाजपा के पास 78 सीटें हैं, जबकि 15 सीटें निर्दलीय और अन्य दलों के खाते में हैं.

जोधपुर में भाजपा की एक सीट बढ़ी

जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ नंबर 338 पर हुए पुनर्मतदान में भाजपा के हेमाराम चौधरी ने जीत दर्ज की. इसके साथ ही भाजपा की सीटें 44 से बढ़कर 45 हो गईं. 14 सितंबर को जारी परिणामों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को 44-44 सीटें मिली थीं. इसके अलावा आरएलपी का एक और निर्दलीयों के 10 पार्षद जीते थे. अब 100 वार्ड वाले जोधपुर नगर निगम में भाजपा के 45 पार्षद हैं. कांग्रेस के 44, आरएलपी का एक और निर्दलीय 10 पार्षद हैं. ऐसे में महापौर चुनाव के दौरान निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है.

कोटा में भाजपा की संख्या 57 हुई

कोटा नगर निगम के वार्ड 11, 44 और 87 के एक-एक बूथ पर पुनर्मतदान कराया गया था. वार्ड 44 में भाजपा के प्रेम सिंह और वार्ड 87 में भाजपा की पुष्पा चौधरी विजयी हुईं. वहीं वार्ड 11 में कांग्रेस की कमलेश कुमारी ने जीत दर्ज की. पुनर्मतदान के बाद कोटा नगर निगम में भाजपा के पार्षदों की संख्या 55 से बढ़कर 57 और कांग्रेस की संख्या 38 से बढ़कर 39 हो गई है. चार पार्षद निर्दलीय हैं. इस तरह 100 वार्ड वाले कोटा नगर निगम में भाजपा के पास बहुमत है.

सुकेत में कांग्रेस के 11 पार्षद

कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के वार्ड 4 के एक बूथ पर हुए पुनर्मतदान में कांग्रेस के मोहम्मद रफीक ने जीत दर्ज की. इसके बाद 25 वार्ड वाली सुकेत नगरपालिका में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 11 हो गई है. भाजपा के 10 पार्षद हैं, जबकि चार सीटें निर्दलीयों के पास हैं. सुकेत में भी 25 सितंबर को अध्यक्ष पद का चुनाव होगा. इसके बाद 26 सितंबर को उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

26 सितंबर को उप महापौर और उपाध्यक्ष का चुनाव

महापौर और अध्यक्ष के चुनाव के अगले दिन यानी 26 सितंबर को उप महापौर और उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया होगी. उप महापौर चुनाव के लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी. उम्मीदवार सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. जरूरत पड़ने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान खत्म होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा. सुकेत नगरपालिका में भी उपाध्यक्ष पद की प्रक्रिया 26 सितंबर को होगी. इस तरह री-पोलिंग के कारण अटकी चारों निकायों के प्रमुख पदों की निर्वाचन प्रक्रिया अब पूरी होने जा रही है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj