Sports

IPL 2025 में CSK के 5 मैच फिक्स कराने का दावा, प्लेइंग XI लीक विवाद में उछला वंश बेदी का नाम, जानें पूरे मामले का A to Z

नई दिल्ली: दिल्ली के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश बेदी कथित स्पॉट फिक्सिंग मामले को लेकर विवादों में हैं. हाल ही में समाप्त हुई दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वंश बेदी को एक पड़ोसी राज्य के क्रिकेटर ने फिक्सिंग की पेशकश की थी, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को दी. डीपीएल में वंश सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम में शामिल थे. टूर्नामेंट के दौरान जैसे ही वंश को फिक्सिंग की पेशकश की गई, वह सीधे डीडीसीए के पास पहुंचे.

डीडीसीए ने भी इस मामले को फौरन संज्ञान में लिया और इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दी. अब डीडीसीए बीसीसीआई के निर्देशों का इंतजार कर रहा है कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाया जाए. दरअसल, स्पॉट फिक्सिंग का यह पूरा मामला ‘तहलका’ के एक अंडरकवर स्टिंग ऑपरेशन के जरिए सामने आया है. इस स्टिंग ऑपरेशन में पूर्व रणजी खिलाड़ी रचित भाटिया का नाम उजागर हुआ है.

स्टिंग ऑपरेशन में रचित भाटिया ने क्या बताया?

तहलका के अंडरकवर रिपोर्टर से बातचीत में रचित भाटिया ने आईपीएल और डीपीएल में फिक्सिंग को लेकर कई अहम खुलासे किए. इन खुलासों में पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई.

रचित भाटिया ने कथित तौर पर अंडरकवर रिपोर्टर को बताया कि उन्होंने टीम के अंदरूनी सूत्र का इस्तेमाल कर टॉस से पहले स्नैपचैट के जरिए लंदन के सट्टेबाजों को सीएसके की प्लेइंग इलेवन लीक की थी और इस तरह आईपीएल 2025 के पांच मैचों को फिक्स किया था. आईपीएल के अलावा उन्होंने डीपीएल में भी कई बार ऐसा करने का दावा किया.

DPL में भी प्लेइंग इलेवन लीक करने का दावा

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि डीपीएल में भी प्लेइंग इलेवन लीक की गई थी. प्लेइंग-XI से जुड़े एक दावे की पुष्टि भी हुई, क्योंकि भाटिया ने जो अंतिम-11 बताई थी, वह मैच की आधिकारिक प्लेइंग इलेवन से पूरी तरह मेल खा रही थी. हालांकि, स्टिंग ऑपरेशन में रचित ने उस खिलाड़ी के नाम का खुलासा नहीं किया, जिसने उन्हें यह जानकारी दी थी.

स्पॉट फिक्सिंग और वंश बेदी का क्या कनेक्शन है?

अब सवाल यह उठता है कि वंश बेदी का आईपीएल 2025 के कथित फिक्सिंग दावे से क्या संबंध है, क्योंकि वंश के अनुसार उन्हें फिक्सिंग की पेशकश डीपीएल 2026 में की गई थी. दरअसल, वंश बेदी आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्क्वॉड का हिस्सा थे. सीएसके ने उन्हें 55 लाख रुपए में खरीदा था, हालांकि उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था.

आरसीबी के खिलाफ एक मैच में वंश का नाम प्लेइंग इलेवन शीट में शामिल भी किया गया था, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी जगह दीपक हुड्डा को अंतिम-11 शामिल किया गया. इसके बाद सीएसके ने आईपीएल 2026 के लिए उन्हें रिटेन नहीं किया, लेकिन वह पूरे एक सीजन तक सीएसके के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे थे. इसी वजह से हालिया फिक्सिंग पेशकश को आईपीएल 2025 के उस कथित मामले से जोड़कर देखा जा रहा है.

कौन हैं क्रिकेटर वंश बेदी?

वंश बेदी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं, लेकिन वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं. महज 12 साल की उम्र में उन्होंने जूनियर वीनू मांकड़ ट्रॉफी के केवल पांच मैचों में करीब 400 रन बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बाद उन्होंने घरेलू सर्किट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया और 2024 में अपनी मजबूत पहचान बनाई.

उन्होंने रणजी ट्रॉफी के अपने डेब्यू फर्स्ट-क्लास मैच में ही शानदार शतक जड़ा था. इसके कुछ महीने बाद वह दिल्ली प्रीमियर लीग में 44.5 की औसत से 221 रन बनाकर फिर चर्चा में आए. इस टूर्नामेंट में ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ महज 41 गेंदों में खेली गई उनकी 96 रनों की विस्फोटक पारी सबसे यादगार रही.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj