कैरेबियाई घमंड चूर-चूर… कोहली और गिल की ‘शतकीय जुगलबंदी’ से भारत की धमाकेदार जीत

नई दिल्ली. विराट कोहली और शुभमन गिल की शानदार शतकीय पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे में 8 विकेट से हरा दिया. वेस्टइंडीज की ओर से रखे गए 296 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 41.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज कर ली. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. विराट कोहली ने छक्का जड़कर भारत को धमाकेदार अंदाज में जीत दिलाई.
भारत की ओर से विराट कोहली ( Virat Kohli) ने 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन बनाए जिसमें 10 चौके और 9 छक्के शामिल थे. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों पर 110 रन की पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया. रोहित शर्मा 35 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए. ऋतुराज गायकवाड़ 19 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे. भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा वनडे 30 सितंबर को खेला जाएगा.
कोहली ने वनडे में सबसे तेज 15000 का आंकड़ा छूआ
विराट कोहली ने वनडे में 15 हजार रन पूरे कर लिए और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए. उन्होंने अल्जारी जोसेफ की गेंद पर मिडविकेट की दिशा में शानदार पुल शॉट से चौका जड़ा और 15,000 रन पूरे किए. इसके बाद उन्होंने दर्शकों का अभिवादन करते हुए दोनों हाथ हवा में उठाकर जश्न मनाया. कोहली अक्टूबर 2025 में श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा को पीछे छोड़ने के बाद से एकदिवसीय प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैंण् संगकारा ने 50 ओवर के क्रिकेट में 14,243 रन बनाए हैं और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं.
शुभमन गिल ने वनडे में जड़ा 10वां शतक
ग्रीव्स के शतक पर कुलदीप की फिरकी का ब्रेक
इससे पहले, जस्टिन ग्रीव्स (101 रन) के शतक के बावजूद भारत ने कुलदीप यादव (40/4) की शानदार गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज को 7 विकेट पर 295 रन ही बनाने दिए. ग्रीव्स और उनके सलामी जोड़ीदार जॉन कैंपबेल (62 रन, 60 गेंद) ने 19.2 ओवर में 135 रन जोड़े जिससे वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था. लेकिन कुलदीप ने ऐसी पिच पर कुछ जादू बिखेरा जिसने स्पिनरों को थोड़ी मदद दी और विंडीज बल्लेबाजों के रनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी.
कुलदीप का ‘स्पिनजाल’ और कैरेबियाई टॉप ऑर्डर ध्वस्त
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप ने अपनी चतुराई का भी शानदार परिचय दिया. कैंपबेल को ऑफ-स्टंप के बाहर दो वाइड गेंदों से असमंजस में रखने के बाद कुलदीप ने एक गेंद फुल गेंद डाली और बाएं हाथ के बल्लेबाज का गलत टाइम किया हुआ स्वीप शॉट मिड-ऑन पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों में चला गया. भारत के लिए यह बड़ी राहत थी क्योंकि कैंपबेल अच्छी लय में दिख रहे थे. कैंपबेल ने 49 गेंद में अर्धशतक लगाने से पहले रविंद्र जडेजा पर एक चौका और दो छक्के लगाए थे. कुलदीप ने जल्द ही शाई होप को आउट करके एक और बड़ा झटका दिया। वेस्टइंडीज के कप्तान कुलदीप की लाइन में बदलाव से चकमा खा गए और गेंद को जडेजा के हाथों में उछाल बैठे।
22 रन के भीतर गिरे 4 विकेट, जांगू ने संभाली कमान
शतकवीर ग्रीव्स और ज्वेल एंड्रयू लगातार गेंदों पर कुलदीप का शिकार बने. अचानक वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 176 रन से पांच विकेट पर 198 रन तक पहुंच गया. अमीर जांगू (नाबाद 58 रन) ने छठे विकेट के लिए रोस्टन चेज के साथ 48 रन और सातवें विकेट के लिए मैथ्यू फोर्ड के साथ 38 रन की साझेदारियां करके टीम को 300 के करीब पहुंचाया. जांगू के पुल शॉट देखने लायक थे जिन्होंने कुछ मौकों पर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध की गेंदों को धुना.
ग्रीव्स का तूफानी शतक और एशियाई खेलों का असर
इससे पहले ग्रीव्स ने चारों ओर कुछ बेहतरीन शॉट खेले जिससे वेस्टइंडीज ने पहले 20 ओवर के हिस्से में छह रन प्रति ओवर से अधिक की दर से रन बनाए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक और बाद में 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. भारत को निश्चित रूप से जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों की कमी महसूस हुई जो एशियाई खेलों के लिए जापान में हैं. वहीं वरुण चक्रवर्ती भी चोट से उबर रहे हैं.
भारत के लिए सबसे तेज 10 वनडे शतक का नया रिकॉर्डभारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 96 गेंदों में अपना 10वां वनडे शतक जड़ा. कैरेबियाई टीम के खिलाफ उनका यह पहला शतक है. इस शतकीय पारी के साथ ही गिल वनडे में भारत के लिए सबसे तेज 10 शतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
धवन और कोहली को पछाड़ा, डी कॉक नंबर-1गिल ने यह मुकाम महज 67 पारियों में हासिल कर शिखर धवन (77 पारियां) और विराट कोहली (80 पारियां) को पीछे छोड़ दिया. विश्व क्रिकेट में सबसे तेज 10 वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक के नाम है, जिन्होंने केवल 55 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी.



