Rajasthan

Tina Dabi UPSC Success Story: 9 लाख 45 हजार युवाओं की भीड़ में 22 साल की लड़की को मिली रैंक 1, पहले अटेंप्ट में बन गई UPSC टॉपर

नई दिल्ली (Tina Dabi UPSC Story). संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शुमार किया जाता है. हर साल लाखों युवा इसमें सफल होने का सपना देखते हैं. लेकिन सफलता सिर्फ चुनिंदा और जिद्दी हौसले वालों के ही हाथ लगती है. साल 2015 प्रशासनिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है. उस साल 22 साल की युवा लड़की ने पहली ही बार में यूपीएससी परीक्षा क्रैक कर न सिर्फ ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की, बल्कि देश की सबसे कम उम्र की महिला आईएएस टॉपर भी बन गई.

हम बात कर रहे हैं अपनी कार्यशैली और पर्सनल लाइफ को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी की. उनकी सफलता सिर्फ एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं है. यह उस अटूट विश्वास की दास्तान है जो सिखाती है कि अगर इरादे पक्के हों तो उम्र या हालात कभी आपकी मंजिल के आड़े नहीं आ सकते. टीना डाबी के माता-पिता भी सिविल सर्वेंट रहे हैं. टीना डाबी की बहन रिया डाबी और पति डॉ. प्रदीप गवांडे भी आईएएस अफसर हैं.

आईएएस टीना डाबी की कहानी
टीना डाबी का जन्म 9 नवंबर 1993 को भोपाल, मध्य प्रदेश में हुआ था. उनका परिवार बाद में दिल्ली में बस गया था. टीना डाबी के पिता जसवंत डाबी BSNL में सीनियर अधिकारी के रूप में कार्यरत थे. उनकी मां हिमानी डाबी यूपीएससी परीक्षा पास कर IES अफसर बनी थीं. टीना डाबी के परिवार का माहौल काफी अनुशासित रहा है. उन्हें पढ़ाई और करियर को लेकर शुरू से ही सही गाइडेंस मिलती रही. कम उम्र में देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक परीक्षा में टॉप करने के बाद टीना रातों-रात सुर्खियों में छा गई थीं.

दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई-लिखाई

घर में पढ़ाई-लिखाई और प्रशासनिक माहौल होने की वजह से टीना डाबी को बचपन से ही कुछ बड़ा करने का मोटिवेशन मिला. उनकी शुरुआती स्कूली शिक्षा दिल्ली के जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल से हुई. स्कूल के दिनों से ही वे डिबेट और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज में अव्वल रहती थीं. इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया और पहले ही अटेंप्ट में सिविल सेवा परीक्षा फतह कर ली.

यूपीएससी टॉपर ने परीक्षा की तैयारी कैसे की?

साल 2015 के यूपीएससी रिजल्ट ने देश को चौंका दिया था. महज 22 साल की उम्र में टीना डाबी ने 9 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों की भीड़ को पीछे छोड़ते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की. उनकी सफलता बेहद खास थी क्योंकि उन्होंने इसके लिए किसी शॉर्टकट का सहारा नहीं लिया. वह रोजाना 9 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं. उन्होंने NCERT की किताबों पर मजबूत पकड़ बनाई और लगातार मॉक टेस्ट देने की स्ट्रैटेजी अपनाई. उनकी सफलता लाखों युवाओं के लिए मिसाल बन गई.

राजस्थान कैडर की सबसे चर्चित आईएएस अफसर
आईएएस ट्रेनिंग पूरी होने के बाद टीना डाबी को राजस्थान कैडर मिला. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट कलेक्टर अजमेर से की. इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार के कई विभागों में भी सेवाएं दीं और बाद में राजस्थान के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं. जिला कलेक्टर के रूप में उन्होंने कोविड मैनेजमेंट, सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतरीन काम किए. उनकी कार्यशैली बेबाक और सख्त प्रशासनिक फैसलों के लिए जानी जाती है.

सोशल मीडिया पर भी खूब लोकप्रिय

काम के साथ ही आईएएस टीना डाबी अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहीं. साल 2018 में उन्होंने आईएएस परीक्षा में दूसरा स्थान पाने वाले अतहर आमिर खान से शादी की थी. फिर 2021 में दोनों आपसी सहमति से अलग हो गए थे. इसके बाद साल 2022 में उन्होंने आईएएस अधिकारी प्रदीप गवांडे से विवाह कर एक बच्चे की मां बनीं. इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनके हर अपडेट पर नजर रखते हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj