कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन से भरपूर… ये है ‘गरीबों का बादाम’, मुट्ठीभर खाने से मिलेंगे कई फायदे

Last Updated:October 01, 2026, 18:35 IST
भुना चना भारतीय खान-पान का पारंपरिक और पौष्टिक हिस्सा है. इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. रायबरेली की आयुष चिकित्सक डॉ. स्मिता श्रीवास्तव के मुताबिक, सीमित मात्रा में भुना चना डाइट में शामिल करने से शरीर को जरूरी पोषण मिल सकता है.
रायबरेली. भुना चना भारतीय आहार का पारंपरिक और पौष्टिक हिस्सा है. इसे अक्सर “गरीबों का बादाम” कहा जाता है, क्योंकि इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को वही ताकत देते हैं जो बादाम जैसी महंगी चीजों से मिलती है. सस्ता, स्वादिष्ट और सेहत से भरपूर भुना चना हमारी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है.
रायबरेली जिले के राजकीय आयुष चिकित्सालय शिवगढ़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, बीएएमएस लखनऊ विश्वविद्यालय, ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि भुने चने में प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करता है. खासकर जो लोग रोजाना शारीरिक मेहनत करते हैं या व्यायाम करते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा स्नैक है. इसे नमक या गुड़ के साथ खाया जाए तो स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाते हैं.
डॉ. स्मिता श्रीवास्तव बताती हैं कि रोजाना मुट्ठीभर भुना चना खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है. इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे अनावश्यक भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है. यही कारण है कि इसे वजन घटाने वाली डाइट में भी शामिल किया जाता है. इसके अलावा, फाइबर की अधिकता पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मदद करती है और कब्ज की समस्या से राहत दे सकती है.
Add as Preferred Source on Google
डॉ. स्मिता श्रीवास्तव बताती हैं कि भुना चना हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है. इसमें मौजूद मैग्नीशियम और पोटैशियम रक्तचाप को नियंत्रित रखने और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं. इससे हृदय रोगों का खतरा घट सकता है. वहीं, डायबिटीज के मरीजों के लिए भी यह अच्छा विकल्प बताया जाता है, क्योंकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और यह ब्लड शुगर को अचानक नहीं बढ़ाता है.
महिलाओं के लिए भी भुना चना एक अच्छा पोषण स्रोत है. इसमें आयरन की प्रचुरता होती है, जो एनीमिया की समस्या से राहत दिलाने में मदद करता है. साथ ही यह त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद है, क्योंकि इसमें मौजूद प्रोटीन और खनिज कोशिकाओं को पोषण देते हैं.
अगर इसे सुबह खाली पेट गुड़ या पानी के साथ खाया जाए तो यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और दिनभर एक्टिव रखने में मदद करता है. हालांकि, भुना चना पौष्टिक होने के बावजूद इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. रोजाना एक मुट्ठी पर्याप्त मानी जाती है. भुना चना स्वाद, सेहत और ताकत का अच्छा संगम है. नियमित सेवन से यह शरीर को मजबूत बनाने और कई बीमारियों से बचाव में मदद कर सकता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 01, 2026, 18:35 IST



