Rajasthan

सीकर में बनेगा नया फ्लाईओवर, कल्याण सर्किल से फतेहपुर रोड ओवरब्रिज तक होगी सीधी कनेक्टिविटी

सीकर: सीकर शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने के लिए अब एक और बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू हो गई है. कल्याण सर्किल से फतेहपुर रोड पर बने नवनिर्मित ओवरब्रिज तक नया फ्लाईओवर बनाने की योजना पर प्रशासन ने मंथन शुरू कर दिया है. इसका उद्देश्य शहर के व्यस्ततम हिस्सों में वाहनों की आवाजाही को आसान करना और ट्रैफिक को पहले से प्लान तरीके से संचालित करना है.

इस प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने एसपी प्रवीण नायक नूनावत, नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया. अधिकारियों के साथ प्रस्तावित फ्लाईओवर की कनेक्टिविटी, अप्रोच, सर्विस लेन और वाहनों की आवाजाही को लेकर चर्चा की गई. साथ ही फतेहपुर रोड पर नवनिर्मित ओवरब्रिज पर वाहनों के दबाव और मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था की भी जानकारी ली गई.

ट्रायल में खुला ओवरब्रिज, अब आगे की कनेक्टिविटी पर फोकस

फतेहपुर रोड पर बने ओवरब्रिज को ट्रायल के तौर पर ट्रैफिक के लिए खोला गया था. प्रशासन के मुताबिक इसके बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुविधा देखने को मिली. अब इसी कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाते हुए कल्याण सर्किल से फतेहपुर रोड ओवरब्रिज तक फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की जा रही है. इससे शहर के एक प्रमुख हिस्से को सीधे ओवरब्रिज से जोड़ने का रास्ता तैयार होगा.

प्री-प्लान ट्रैफिक मॉडल लागू करने की तैयारी

कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्री-प्लान ट्रैफिक मॉडल लागू करने की दिशा में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. इसके तहत केवल मौजूदा ट्रैफिक समस्या का समाधान ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को ध्यान में रखकर सड़क और पुलों की कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर है.

31 दिसंबर तक सर्विस लेन का काम पूरा करने का लक्ष्य

नवनिर्मित फतेहपुर रोड ओवरब्रिज के नीचे तीनों तरफ बन रही सर्विस लेन का काम भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने 31 दिसंबर तक सर्विस लेन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है. सर्विस लेन तैयार होने के बाद ओवरब्रिज के आसपास वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

बजट घोषणा के तहत तैयार होगा प्रस्ताव

कल्याण सर्किल अप्रोच फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है. इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर स्टेट लेवल अप्रूवल के लिए भेजे जा रहे हैं. मंजूरी मिलने के बाद इसके निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. फिलहाल प्रशासन का फोकस फ्लाईओवर की व्यवहारिक कनेक्टिविटी, अप्रोच और ट्रैफिक संचालन को लेकर पूरी योजना तैयार करने पर है. अगर यह प्रस्ताव मंजूर होकर जमीन पर उतरता है तो कल्याण सर्किल से फतेहपुर रोड तक शहर की ट्रैफिक कनेक्टिविटी का एक नया रास्ता तैयार होगा. इससे मौजूदा मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने की दिशा में अहम बदलाव हो सकता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj