UN में गरजीं महिमा मेवाड़, पाकिस्तान को दिखाया आईना, बोलीं- कश्मीर पर समझौते का सवाल ही नहीं

Last Updated:October 11, 2026, 07:39 IST
MP Mahita Kumari Mewar UN Speech: राजसमंद से भाजपा सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में पाकिस्तान को दोटूक जवाब दिया. जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दे पर भारत की ओर से राइट ऑफ रिप्लाई देते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा. उन्होंने पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र के मंच का दुरुपयोग करने और भारत के खिलाफ भ्रामक दावे फैलाने का आरोप लगाया. सांसद ने पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में मानवाधिकारों की स्थिति, कथित दमन, संसाधनों के दोहन और नागरिकों के साथ हो रहे व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पाकिस्तान के शासन, चुनावी प्रक्रिया, निर्वाचित नेताओं की गिरफ्तारी, धार्मिक कट्टरता और आतंकवाद से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसके दावों को चुनौती दी. राजसमंद से भाजपा सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में पाकिस्तान को दोटूक जवाब दिया
राजसमंद. राजस्थान के राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में पाकिस्तान को कड़ा जवाब देते हुए जम्मू-कश्मीर पर भारत का रुख स्पष्ट किया. उपनिवेशवाद उन्मूलन के एजेंडे पर पाकिस्तान के प्रतिनिधि की ओर से दिए गए वक्तव्य के जवाब में भारत की ओर से राइट ऑफ रिप्लाई प्रस्तुत करते हुए सांसद ने पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को लेकर झूठ और भ्रामक तथ्यों का प्रचार कर रहा है.
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और सदैव रहेगा. भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में मानवाधिकारों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए वहां के लोगों के अधिकारों, स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में मानवाधिकारों का मुद्दा उठाया
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां के लोगों को अपने बुनियादी अधिकारों और स्वतंत्रता से वंचित किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इन क्षेत्रों में सैन्य कब्जे, दमन और संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ स्थानीय लोग आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने हाल के महीनों में अपने अधिकारों, स्वतंत्रता और जरूरी सुविधाओं की मांग कर रहे नागरिकों के खिलाफ हुई हत्याओं की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की. सांसद ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने और मानवाधिकारों के उल्लंघन पर ध्यान देने की अपील की.
पाकिस्तान की शासन व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान की लोकतांत्रिक व्यवस्था और उसके शासन के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने सैन्य तानाशाही, चुनावी प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता पर उठते सवालों और निर्वाचित नेताओं को कैद में रखे जाने जैसे मुद्दों का उल्लेख किया. साथ ही धार्मिक कट्टरपंथ और राज्य की नीतियों के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोपों पर भी पाकिस्तान को घेरा. सांसद ने कहा कि जिस देश का अपना रिकॉर्ड इन मुद्दों पर सवालों के घेरे में रहा है, उसे संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए.
भारत की संप्रभुता पर समझौता स्वीकार नहीं
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने जवाब में दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता सर्वोपरि है और इस पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. संयुक्त राष्ट्र में भारत की ओर से रखे गए इस पक्ष के जरिए उन्होंने पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए जम्मू-कश्मीर पर भारत के स्पष्ट रुख को दोहराया.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Rajsamand,Rajasthan
First Published :
October 11, 2026, 07:39 IST



